तृणमूल में अंदरूनी कलह पर ममता सख्त, बोलीं- पार्टी मंच पर रखें शिकायत

Author Ashish Jha
Updated:
विज्ञापन
तृणमूल में अंदरूनी कलह पर ममता सख्त, बोलीं- पार्टी मंच पर रखें शिकायत

ममता बनर्जी

Mamata Banerjee: चुनाव बाद हिंसा से जुड़ी सच्चाई सामने लाने के लिए फैक्ट फाइंडिंग टीमों का गठन किया गया है. टीएमसी की फैक्ट फाइंडिंग टीम शनिवार को दौरा करेगी.

विज्ञापन

Mamata Banerjee: कोलकाता. चुनावी झटके के बाद तृणमूल कांग्रेस में अंदरूनी असंतोष खुलकर सामने आने लगा है. एक के बाद एक कई नेताओं ने सार्वजनिक तौर पर पार्टी की कार्यप्रणाली और नेतृत्व पर सवाल उठाने शुरू कर दिये हैं. खासकर पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी को लेकर कई नेताओं की नाराजगी खुलकर सामने आयी है. कुछ नेताओं ने पार्टी की कथित कॉरपोरेट नीति पर भी सवाल उठाये हैं.

गुटबाजी और बयानबाजी बर्दाश्त नहीं

पार्टी प्रमुख और राज्य की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने संगठन के भीतर बढ़ती बयानबाजी और गुटबाजी पर कड़ा रुख अपनाया है. शुक्रवार को बनर्जी ने कालीघाट स्थित अपने आवास में इस बार विधानसभा चुनाव में तृणमूल के उम्मीदवारों व नेताओं के साथ बैठक की. उनके साथ पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी भी थे. सूत्रों के अनुसार, बनर्जी ने साफ संदेश दिया है कि अगर किसी नेता को कोई शिकायत या आपत्ति है तो वह शिकायत पार्टी के भीतर रखी जाये, सार्वजनिक मंचों या मीडिया में नहीं.

पार्टी छोड़नेवाले को रोका नहीं जायेगा

ममता बनर्जी ने दो टूक कहा- अगर किसी को कुछ कहना है तो पार्टी को बतायें, बाहर बोलने की जरूरत नहीं है. उन्होंने यह भी स्पष्ट कर दिया कि जो लोग पार्टी छोड़ना चाहते हैं, उन्हें रोका नहीं जायेगा. वहीं जो नेता और कार्यकर्ता पार्टी के साथ बने रहेंगे, वही खरा सोना साबित होंगे. तृणमूल कांग्रेस की ओर से जारी बयान में कहा गया कि उम्मीदवारों ने भारी दबाव, हिंसा और डराने-धमकाने के बावजूद साहस के साथ चुनाव लड़ा. पार्टी की ओर से कहा गया कि तृणमूल कार्यकर्ताओं पर अत्याचार किये जा रहे हैं और प्रभावित परिवारों के साथ पार्टी मजबूती से खड़ी है.

पश्चिम बंगाल की अन्य महत्वपूर्ण खबरों को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

फैक्ट फाइंडिंग टीमों का गठन

पार्टी ने यह भी कहा कि चुनाव बाद हिंसा से जुड़ी सच्चाई सामने लाने के लिए फैक्ट फाइंडिंग टीमों का गठन किया गया है. शनिवार को ये टीमें विभिन्न इलाकों का दौरा करेंगी. शनिवार को दक्षिण 24 परगना जिले की कमान पार्टी के नेता प्रसून बनर्जी, सुष्मिता देव, सजदा अहमद और तन्मय घोष संभालेंगे. जबकि, पूर्व मेदिनीपुर में गठित फैक्ट फाइंडिंग टीम में शामिल डोला सेन, मोहम्मद नदीमुल हक, डॉ शर्मिला सरकार और सुशोभन राय और हुगली में प्रतिमा मंडल, समीरुल इस्लाम, बीरबाहा हांसदा, शीर्षण बंद्योपाध्याय, सुमन भट्टाचार्य और सैयद तनवीर नसरीन क्षेत्रों का दौरा करेंगे.

Also Read: ममता बनर्जी के पूर्व निजी गार्ड शांतनु सिन्हा बिश्वास गिरफ्तार, इस मामले में पूछताछ के बाद हुई कार्रवाई

विज्ञापन
आशीष झा

लेखक के बारे में

By आशीष झा

डिजिटल पत्रकारिता के क्षेत्र में 10 वर्षों का अनुभव. लगातार कुछ अलग और बेहतर करने के साथ हर दिन कुछ न कुछ सीखने की कोशिश. वर्तमान में बंगाल में कार्यरत. बंगाल की सामाजिक-राजनीतिक नब्ज को टटोलने के लिए प्रयासरत. देश-विदेश की घटनाओं और किस्से-कहानियों में विशेष रुचि. डिजिटल मीडिया के नए ट्रेंड्स, टूल्स और नैरेटिव स्टाइल्स को सीखने की चाहत.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola