ePaper

सिलीगुड़ी में अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम बनाने की मांग

Updated at : 02 Apr 2025 1:07 AM (IST)
विज्ञापन
सिलीगुड़ी में अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम बनाने की मांग

राज्य विधानसभा में भाजपा के मुख्य सचेतक शंकर घोष के नेतृत्व में पार्टी के 10 विधायक अभी नयी दिल्ली दौरे पर हैं.

विज्ञापन

संवाददाता, कोलकाता.

राज्य विधानसभा में भाजपा के मुख्य सचेतक शंकर घोष के नेतृत्व में पार्टी के 10 विधायक अभी नयी दिल्ली दौरे पर हैं. मंगलवार को भाजपा विधायकों ने तीन केंद्रीय मंत्रियों से मुलाकात कर उत्तर बंगाल में विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन की मांग की. मंगलवार को भाजपा विधायकों ने केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मांडवीय के साथ बैठक की और उनसे उत्तर बंगाल के सिलीगुड़ी में अंतरराष्ट्रीय स्तर का स्टेडियम की स्थापना करने का आवेदन किया. केंद्रीय मंत्री के साथ बैठक के बाद भाजपा विधायक शंकर घोष ने कहा कि उत्तर बंगाल में अंतरराष्ट्रीय स्तर का एक भी स्टेडियम नहीं है, इसलिए हमने केंद्रीय मंत्री के समक्ष यह मांग रखी है. इसके साथ ही उन्होंने उत्तर बंगाल के विभिन्न जिलों में खेल के विकास के लिए पहल शुरू करने का आवेदन किया है. केंद्रीय मंत्री ने इन मांगों पर विचार करने का आश्वासन दिया है.

केंद्रीय पर्यावरण मंत्री से इएसजेड बनाने की मांग: इसके साथ ही भाजपा विधायकों ने केंद्रीय पर्यावरण, वन व जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव से मुलाकात की और पश्चिम बंगाल के पारिस्थितिकी-संवेदनशील क्षेत्रों के लिए मास्टर जोनल प्लान तैयार करने में हस्तक्षेप करने का आवेदन किया. भाजपा विधायकों ने केंद्रीय मंत्री से कहा है कि पश्चिम बंगाल के पारिस्थितिकी-संवेदनशील क्षेत्रों (इएसजेड) के लिए विशेष रूप से उत्तर बंगाल के राष्ट्रीय उद्यानों और संरक्षित क्षेत्रों के लिए एक क्षेत्रीय मास्टर प्लान की कमी है, जिसकी वजह से पर्यावरण को नुकसान हो रहा है. मंत्रालय के स्पष्ट दिशा-निर्देशों के बावजूद बंगाल सरकार इस महत्वपूर्ण योजना को तैयार करने और लागू करने में विफल रही है, जो संतुलित पारिस्थितिक संरक्षण और सतत विकास सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक है. भाजपा विधायकों ने कहा है कि उत्तर बंगाल में जलदापाड़ा राष्ट्रीय उद्यान, बक्सा टाइगर रिजर्व, गोरुमारा राष्ट्रीय उद्यान, महानंदा वन्यजीव अभयारण्य, सिंगालीला राष्ट्रीय उद्यान, नेवरा घाटी राष्ट्रीय उद्यान और कई अन्य संरक्षित क्षेत्र शामिल हैं. ये क्षेत्र न केवल भारतीय गेंडे और बंगाल टाइगर जैसी लुप्तप्राय प्रजातियों सहित विविध वनस्पतियों और जीवों का समर्थन करते हैं, बल्कि इस क्षेत्र के लिए जलवायु विनियमन और जल सुरक्षा में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं. लेकिन मास्टर जोनल प्लान नहीं होने के कारण अनियंत्रित मानवीय गतिविधियां और अतिक्रमण इन नाजुक पारिस्थितिकी प्रणालियों के लिए गंभीर खतरा पैदा करते हैं.

केंद्रीय मंत्री से आशा व आंगनबाड़ी कर्मियों का वेतन बढ़ाने का आवेदन

इसके साथ ही भाजपा विधायकों ने मंगलवार को केंद्रीय महिला व बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी से भी मुलाकात की और देशभर में एकीकृत बाल विकास योजना के अंतर्गत आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और आंगनबाड़ी सहायिकाओं के मानदेय (वेतन) में वृद्धि करने का आवेदन किया. भाजपा विधायकों ने केंद्रीय मंत्री से कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता/आशाकर्मी मात्र 4,500 रुपये मानदेय (वेतन) प्राप्त कर रही हैं. बाजार में इतनी महंगाई है कि यह राशि परिवार चलाने के लिए अपर्याप्त है. उन्होंने कहा है कि 2018 के बाद से केंद्र सरकार द्वारा मानदेय (वेतन) में कोई वृद्धि नहीं की गयी है, इसलिए केंद्र सरकार को इस ओर ध्यान देना चाहिए. गौरतलब है कि भाजपा विधायकों के प्रतिनिधिमंडल में शंकर घोष के अलावा आनंदमय बर्मन, शिखा चटर्जी, दुर्गा मुर्मू, विशाल लामा, सुशील बर्मन, मालती राव राय, कौशिक राय, चिन्मय देव और पूना भेंगरा शामिल रहे.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
SUBODH KUMAR SINGH

लेखक के बारे में

By SUBODH KUMAR SINGH

SUBODH KUMAR SINGH is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola