कोलकाता के पार्क स्ट्रीट इलाके में हंगामा, पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प
Published by : Ashish Jha Updated At : 17 May 2026 6:21 PM
प्रदर्शनकारी
Bengal News: कोलकाता के पार्क स्ट्रीट इलाके में कोलकाता पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प के बाद पत्थरबाजी की घटना घटी.
मुख्य बातें
Bengal News: कोलकाता. कोलकाता. पश्चिम बंगाल में भाजपा की सरकार बनने के बाद से प्रशासन लगातार सख्त कदम उठाता दिखाई दे रहा है. कई जगह पर अतिक्रमण हटाया जा रहा है. इसी बीच, रविवार को कोलकाता के पार्क स्ट्रीट इलाके में पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प की घटना सामने आई है. इतना ही नहीं मामला बढ़ने के बाद प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर पत्थरबाजी भी की, जिसके जवाब में पुलिस ने लाठी चार्ज भी किया. इस घटना के बाद इलाके में तनाव है. वहीं पुलिस किसी भी स्थिति से निपटने के लिए तैयार है. अधिक जानकारी की प्रतीक्षा है.
बुलडोजर अभियान के विरोध में शुरू हुआ प्रदर्शन
सड़क पर नमाज पढ़ने की अनुमति और हाल में प्रशासन द्वारा चलाये गये बुलडोजर अभियान के विरोध में शुरू हुआ प्रदर्शन देखते ही देखते उग्र हो गया. घटना ऐसे समय हुई है, जब राज्य में भाजपा सरकार बनने के बाद प्रशासन लगातार अतिक्रमण हटाने और कानून-व्यवस्था को लेकर सख्त रुख अपनाता दिखाई दे रहा है. हाल के दिनों में कई इलाकों में अवैध कब्जों के खिलाफ कार्रवाई की गयी है. इसी क्रम में हावड़ा स्टेशन इलाके में चलाये गये बुलडोजर अभियान को लेकर भी विरोध की आवाजें उठ रही थीं.
जेंडर न्यूट्रल होता है कानून
पुलिस प्रशासन का कहना कि हिंसा में शामिल सभी लोगों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जायेगा और उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जायेगी. महिलाओं पर कथित लाठीचार्ज को लेकर उठे आरोपों पर पुलिस अधिकारी ने कहा कि कानून जेंडर न्यूट्रल होता है. उनके मुताबिक, जो भी व्यक्ति कानून अपने हाथ में लेगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी, चाहे वह पुरुष हो या महिला.
पूरे इलाके में तनाव का माहौल
मिली जानकारी के मुताबिक, पार्क स्ट्रीट इलाके में करीब 200 से 250 अल्पसंख्यक प्रदर्शनकारी जमा हुए थे. प्रदर्शनकारियों की मांग थी कि उन्हें सड़क पर नमाज अदा करने की अनुमति दी जाये. साथ ही वे प्रशासन की बुलडोजर कार्रवाई का भी विरोध कर रहे थे. प्रदर्शन के दौरान लोगों से बड़ी संख्या में शामिल होने की अपील की जा रही थी. स्थिति तब बिगड़ गयी, जब पुलिस प्रदर्शनकारियों को हटाने पहुंची. आरोप है कि इसके बाद भीड़ ने पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया. जवाब में पुलिस ने लाठीचार्ज किया और भीड़ को तितर-बितर करने की कोशिश की. घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल बन गया.
इलाके में हुआ फ्लैग मार्च
झड़प के बाद कोलकाता पुलिस ने इलाके में फ्लैग मार्च भी किया और अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया. प्रशासन का कहना है कि स्थिति फिलहाल नियंत्रण में है, लेकिन किसी भी अप्रिय घटना से निबटने के लिए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गयी है. कोलकाता पुलिस के अधिकारी अशेष विश्वास ने घटना को लेकर कहा कि इलाके में एक अवैध जमावड़ा किया गया था.
पश्चिम बंगाल की अन्य महत्वपूर्ण खबरों को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
हिंसा में तीन पुलिसकर्मी घायल
अशेष विश्वास ने कहा कि पुलिस जब भीड़ को हटाने पहुंची, तब उस पर हमला किया गया. उन्होंने बताया कि इस हिंसा में तीन पुलिसकर्मी घायल हुए हैं. विश्वास ने कहा कि पुलिस मानक संचालन प्रक्रिया यानी एसओपी के तहत पूरे मामले की जांच कर रही है. खुफिया इनपुट के आधार पर यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि घटना में केवल स्थानीय लोग शामिल थे या बाहर से आए उपद्रवी भी सक्रिय थे.
Also Read: कोलकाता में गलत जगह पर गाड़ी हुई पार्क तो देगा होगा 500 रुपया जुर्माना, पार्किंग नियम हुए सख्त
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Ashish Jha
डिजिटल पत्रकारिता के क्षेत्र में 10 वर्षों का अनुभव. लगातार कुछ अलग और बेहतर करने के साथ हर दिन कुछ न कुछ सीखने की कोशिश. वर्तमान में बंगाल में कार्यरत. बंगाल की सामाजिक-राजनीतिक नब्ज को टटोलने के लिए प्रयासरत. देश-विदेश की घटनाओं और किस्से-कहानियों में विशेष रुचि. डिजिटल मीडिया के नए ट्रेंड्स, टूल्स और नैरेटिव स्टाइल्स को सीखने की चाहत.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










