ePaper

मेसी के साथ तस्वीरें पोस्ट करने पर अभिनेत्री को बनाया गया निशाना

Updated at : 16 Dec 2025 2:13 AM (IST)
विज्ञापन
मेसी के साथ तस्वीरें पोस्ट करने पर अभिनेत्री को बनाया गया निशाना

लियोनेल मेसी के साथ अपनी तस्वीरें सोशल मीडिया पर पोस्ट करने के बाद अभिनेत्री शुभश्री गांगुली को ‘ट्रोलिंग’ का सामना करना पड़ा.

विज्ञापन

प्रतिनिधि, बैरकपुरदिग्गज फुटबॉल खिलाड़ी लियोनेल मेसी के साथ अपनी तस्वीरें सोशल मीडिया पर पोस्ट करने के बाद अभिनेत्री शुभश्री गांगुली को ‘ट्रोलिंग’ का सामना करना पड़ा. इसके बाद उनके पति और फिल्मकार राज चक्रवर्ती ने सोमवार को पुलिस में शिकायत दर्ज करायी. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अभिनेत्री के पति ने सोशल मीडिया के कुछ यूजर्स के खिलाफ शिकायत की है, जिन्होंने उनकी पत्नी को गलत तरीके से और अभद्र बातें कहकर निशाना बनाया. उन्होंने बताया कि चक्रवर्ती की शिकायत के आधार पर उत्तर 24 परगना जिले के टीटागढ़ थाने में मामला दर्ज किया गया. बांग्ला फिल्म उद्योग की तरफ से गांगुली, सॉल्टलेक स्टेडियम में कार्यक्रम से पहले शहर के सात सितारा होटल में मेसी के साथ आयोजित मुलाकात में मौजूद थीं और उन्हें मैदान पर वीआइपी के लिए बने मंच पर बैठे हुए भी देखा गया. सोशल मीडिया यूजर्स के एक वर्ग ने अभिनेत्री द्वारा सोशल मीडिया हैंडल पर मेसी के साथ अपनी तस्वीरें पोस्ट करने को लेकर आपत्ति जताते हुए कार्यक्रम में उनकी उपस्थिति पर सवाल उठाया. दर्शकों द्वारा मेसी की एक झलक पाने में विफल रहने के बाद भारी अव्यवस्था और तोड़फोड़ की घटना से इस आयोजन की चमक फीकी पड़ गयी. चक्रवर्ती ने फेसबुक पर लिखा, “युवा भारती क्रीड़ांगन में जो अराजकता फैली वह पूरी तरह से अनावश्यक और बेहद दुखद थी. यह फुटबॉल और फुटबॉल प्रेमी बंगालियों का अपमान था. पहले भी ऐसी ही घटनाएं हो चुकी हैं, इसके बावजूद इतने बड़े आयोजन के लिए योजना और ढांचागत तैयारियों में इतनी बड़ी चूक कैसे हुई? क्या आयोजकों को मेसी की लोकप्रियता का पता नहीं था? मुझे पूरी उम्मीद है कि इसके लिए जिम्मेदार लोगों को सजा मिलेगी.” तृणमूल विधायक चक्रवर्ती ने कार्यक्रम में अपनी पत्नी की उपस्थिति को स्वीकार करते हुए कहा, “कुछ नेता, जो घटना से पहले या बाद में मौजूद नहीं थे, टिप्पणी कर रहे हैं और पूछ रहे हैं, फिल्म अभिनेत्री को वहां होने की क्या जरूरत थी? मैं उनसे पूछना चाहूंगा, आप शुभश्री गांगुली को कितना जानते हैं? क्या अभिनेत्री होने से वह मेसी की प्रशंसक होने के अयोग्य हो जाती हैं?” उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति की अलग-अलग पहचान होती है जो रिश्तों से, पेशे से या अन्य पहलुओं से आकार लेती है. चक्रवर्ती ने आरोप लगाया, “इसी तरह, शुभश्री एक मां हैं, कभी बहन, कभी पत्नी, कभी अभिनेत्री, कभी दोस्त और कभी सिर्फ एक प्रशंसक. सबसे बढ़कर, वह एक इंसान हैं. कई नेता और मीडिया का एक वर्ग अभिनेत्री शुभश्री गांगुली के मीम्स बनाकर, ट्रोल करके और एक अलग कहानी गढ़कर निशाना बना रहे हैं.”

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
AKHILESH KUMAR SINGH

लेखक के बारे में

By AKHILESH KUMAR SINGH

AKHILESH KUMAR SINGH is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola