ePaper

पंचायत चुनाव में हिंसा को देखकर भड़के पीएम मोदी : कहा - बंगाल में लोकतंत्र की हुई है हत्या

Updated at : 16 May 2018 3:32 AM (IST)
विज्ञापन
पंचायत चुनाव में हिंसा को देखकर भड़के पीएम मोदी : कहा - बंगाल में लोकतंत्र की हुई है हत्या

कोलकाता : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पश्चिम बंगाल में पंचायत चुनाव के दौरान हुई हिंसा को लोकतंत्र की हत्या करार देते हुए कहा कि इसके खिलाफ सभी राजनीतिक दलों, सिविल सोसाइटी व न्यायालय को सक्रिय भूमिका निभानी होगी. उन्होंने कहा: मेरी चिंता लोकतंत्र है. प्रधानमंत्री मंगलवार को नयी दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में पार्टी की […]

विज्ञापन
कोलकाता : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पश्चिम बंगाल में पंचायत चुनाव के दौरान हुई हिंसा को लोकतंत्र की हत्या करार देते हुए कहा कि इसके खिलाफ सभी राजनीतिक दलों, सिविल सोसाइटी व न्यायालय को सक्रिय भूमिका निभानी होगी. उन्होंने कहा: मेरी चिंता लोकतंत्र है. प्रधानमंत्री मंगलवार को नयी दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में पार्टी की संसदीय दल की बैठक में कहा कि बंगाल में लोकतंत्र की हत्या की गयी.
पंचायत चुनाव में नामांकन से लेकर मतदान तक लोकतंत्र की हत्या की गयी. किसी को नामांकन भरने नहीं दिया गया. बड़ी तादाद में कार्यकर्ताओं की हत्या की गयी. कोई भी राजनीतिक दल इससे बाकी नहीं रहा. लोकतंत्र के खिलाफ पश्चिम बंगाल में जो भी हुआ, वह चिंता का विषय है. बंगाल पिछली शताब्दी से देश को मार्गदर्शन देता रहा है. बंगाल की धरती महान लोगों की धरती रही है, लेकिन राजनीतिक स्वार्थ के लिए बंगाल की धरती को लहूलुहान किया गया.
चुनाव में कौन जीता और कौन हारा वह मायने नहीं रखता. वह किसी राजनीतिक दल को दोष नहीं देना चाहते हैं, लेकिन जो हुआ वह लोकतंत्र के लिए चिंता का विषय है.गौरतलब है कि सोमवार को पंचायत चुनाव के लिए मतदान के दौरान 19 लोगों की मौत हो गयी. मंगलवार तक यह संख्या बढ़कर 24 हो गयी.
रायगंज में बूथ पर पहला वोट डालनेवाले की हत्या
कोलकाता. पंचायत चुनाव के लिए सोमवार को मतदान के दौरान हुई हिंसा में मृतकों की संख्या बढ़कर 24 हो गयी है. सोमवार को पंचायत चुनाव के दौरान हिंसा में राज्य के आठ जिलों में 19 लोगों की मौत हुई थी. पंचायत चुनाव को लेकर खूनी संघर्ष अभी नहीं थमा है. मतदान के अगले दिन, मंगलवार की सुबह उत्तर दिनाजपुर जिले के रायगंज थाने के बोग्राम इलाके से एक शव बरामद किया गया.
मृत व्यक्ति की पहचान उदयपुर इलाके के निवासी गौड़ सरकार के रूप में की गयी है. इलाके के लोगों का कहना है कि सत्तारूढ़ दल की धमकी के बावजूद गौड़ सरकार ने अपने मतदान केन्द्र में सबसे पहले वोट डाला था. इसके बाद से उन्हें नतीजे भुगतने की धमकी दी जा रही थी.
मंगलवार को उत्तर 24 परगना जिले में एक और युवक की मौत हो गयी. सोमवार की शाम को जसुर इलाके में एक युवक के साथ मारपीट की गयी थी. घटनास्थल पर ही उज्जवल सूर की मौत हुई थी. मंगलवार की सुबह बारासात अस्पताल में घायल हालत में भर्ती 42 वर्षीय तृणमूल समर्थक सुशील दास की मौत हो गयी. सुशील दास दक्षिण हाबरा का रहने वाला था. वह रात से ही बारासात अस्पताल के आइसीसीयू में भर्ती था. सुशील व उज्जवल दोनों ही तृणमूल समर्थक थे.
तृणमूल कांग्रेस ने इन मौतों के लिए भाजपा को दोषी करार दिया है. दूसरी ओर, सोमवार की रात पूर्व मेदिनीपुर के भगवानपुर में बम बांधते वक्त धमाका होने से दो लोगों की मौत हो गयी. मृतकों के परिवार व ग्रामीणों का दावा है कि दोनों ही तृणमूल समर्थक हैं, हालांकि तृणमूल ने दोनों को माकपा समर्थक करार दिया है. दूसरी ओर, मंगलवार की सुबह दक्षिण 24 परगना के जयनगर में एक तृणमूल कांग्रेस समर्थक का शव पाया गया. मृतक का नाम साबिर अली शेख है.
सोमवार को जयनगर 2 नंबर ब्लॉक के कुलतली थाना के चुपरी झागरा ग्राम पंचायत में उस पर वोट लूटने का आरोप लगा था. इस कारण मतदान बंद हो गया था. देर रात को उसी बूथ के पास के खेत में साबिर अली का शव बरामद किया गया. अभी भी दो तृणमूल कार्यकर्ता लापता हैं. तृणमूल माकपा व एसयूसीआइ पर आरोप लगा रही है. दूसरी ओर, पूर्व मेदिनीपुर के तमलुक के शहीद मातंगिनी ब्लॉक के डिमारी बाजार इलाके में सोमवार की रात को माकपा जिला कमेटी के सदस्य चित्त खान के घर पर तोड़फोड़ व लूटपाट की गयी.
बाशदा इलाके में भी एक निर्दल उम्मीदवार के घर पर लूटपाट की गयी. कूचबिहार के सिताई में एक तृणमूल समर्थक की मौत हो गयी. मृतक का नाम जिन्नादुल हक (37) है. वह सोमवार को चुनावी हिंसा के दौरान बुरी तरह से घायल हो गया था. सिलीगुड़ी स्थित एक निजी नर्सिंग होम में उसकी मौत हो गयी.
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola