बंगाल पंचायत चुनाव: कूचबिहार से लेकर दुर्गापुर तक हमले, भाजपा प्रार्थियों को तृणमूल समर्थकों ने खदेड़ा

-भाजपा व तृणमूल ने एक-दूसरे पर लगाये आरोप-सीपीएम के पूर्व विधायक तमसेर अली पर भी हमलाकूचबिहार/दुर्गापुर : पंचायत चुनाव के लिए नामांकन के दौरान शनिवार को भी राज्य में हिंसक घटनाएं हुईं. कूचबिहार जिले के तूफानगंज और माथाभांगा में भारी बवाल देखने को मिला. तूफानगंज महकमा अधिकारी कार्यालय में भाजपा और तृणमूल के बीच हुए […]
-भाजपा व तृणमूल ने एक-दूसरे पर लगाये आरोप
-सीपीएम के पूर्व विधायक तमसेर अली पर भी हमला
कूचबिहार/दुर्गापुर : पंचायत चुनाव के लिए नामांकन के दौरान शनिवार को भी राज्य में हिंसक घटनाएं हुईं. कूचबिहार जिले के तूफानगंज और माथाभांगा में भारी बवाल देखने को मिला. तूफानगंज महकमा अधिकारी कार्यालय में भाजपा और तृणमूल के बीच हुए संघर्ष में कम से कम 10 लोग घायल हुए हैं. इनके अलावा सीपीएम के कूचबिहार जिला सचिव मंडल सदस्य तथा पूर्व विधायक तमसेर अली पर भी हमला हुआ. उनके कुछ साथी भी घायल हुए हैं. वहीं माथाभांगा में तृणमूल और भाजपा कार्यकर्ताओं के संघर्ष को रोकने के लिए हुए लाठीचार्ज में पांच राजनीतिक कार्यकर्ताओं के घायल होने की खबर है.
उल्लेखनीय है राजनीतिक हिंसा को रोकने के लिए बीडीओ कार्यालयों के साथ-साथ महकमा कार्यालयों में नामांकन की व्यवस्था की गयी है, इसके बावजूद हिंसा रुक नहीं रही है. कुल मिलाकर शनिवार को जिले में करीब 20 राजनीतिक कार्यकर्ता जख्मी हुए हैं. शनिवार दोपहर को तूफानगंज महकमा कार्यालय में नामांकनपत्र जमा करते समय भाजपा और तृणमूल में संघर्ष छिड़ गया. दोनों खेमों ने एक दूसरे पर लाठी-डंडे से हमला बोल दिया. खबर पाकर तूफानगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात पर काबू पाया. दोनों दलों ने एक-दूसरे पर हमले का आरोप लगाया है. घायलों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया.
माथाभांगा महकमा कार्यालय में भाजपा और तृणमूल के बीच संघर्ष के बाद पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा. इसमें दोनों पार्टियों के करीब पांच कार्यकर्ता घायल हुए हैं. घायलों को माथाभांगा महकमा अस्पताल में प्राथमिक चिकित्सा के बाद छुट्टी दे दी गयी. उधर, दुर्गापुर महकमा शासक कार्यालय परिसर में नामांकन प्रक्रिया के दौरान कथित तृणमूल कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने भाजपा के कैंप पर हमला कर दिया. हमले में भाजपा जिलाध्यक्ष लखन घोराई तथा अन्य पांच कार्यकर्ता घायल हो गये. घोराई के हाथ पर चाकू से हमला किया गया. इससे उनका हाथ बुरी तरह जख्मी हो गया है. दुर्गापुर(ईस्ट) के डीसी अभिषेक मोदी ने कहा कि भाजपा ने दुर्गापुर थाने में मारपीट की शिकायत दर्ज करायी है. पुलिस मामले की जांच कर रही है. दुर्गापुर महकमा शासक कार्यालय के समक्ष कोई भी मारपीट की घटना नहीं हुई. पुलिस प्रशासन गड़बड़ी रोकने के लिये मुश्तैद थी.
उधर, वीरभूम जिले के मोहम्मद बाजार ब्लॉक कार्यालय के समक्ष शनिवार को नामांकन दाखिले करने को केंद्र कर तृणमूल और भाजपा समर्थकों में जमकर बमबाजी हुई. इस कारण समूचा इलाका रणक्षेत्र में बदल गया. पूर्व बर्दवान जिले के जिलाशासक कार्यालय के समक्ष शनिवार को नामांकन दाखिल करने आये माकपा तथा तृणमूल समर्थकों के बीच भिड़ंत हो गयी.पूर्व बर्दवान जिले के कटवा महकमा शासक कार्यालय के समक्ष भाजपा प्रार्थियों की नामांकन दाखिले के दौरान तृणमूल समर्थित गुंडों ने पिटाई कर दी. गलसी एक ब्लॉक कार्यालय में नामांकन दाखिल करने आये भाजपा प्रार्थियों को तृणमूल समर्थकों ने खदेड़ दिया.
शनिवार को हुगली में समर्थकों संग नामांकन देने गये फॉरर्वड ब्लॉक के पूर्व विधायक विश्वनाथ कारक के मुंह पर कालिख पोतने और मारपीट करने की घटना सामने आयी है. अलीपुर में जिलाधिकारी के दफ्तर के पास नामांकन देने आये भाजपा समर्थकों को कथित तौर पर तृणमूल कांग्रेस के लोगों ने हथियार लेकर दौड़ाया और जमकर पिटाई की. कांदी में कांग्रेस समर्थकों को लेकर पहुंचे प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष अधीर रंजन चौधुरी के जुलूस पर हमला हुआ. यहां पर तृणमूल कांग्रेस के कथित समर्थकों ने वाम मोर्चा कार्यकर्ताओं पर भी हमला बोला. तूफानगंज में नामांकन दाखिल करने गये भाजपा कार्यकर्ताओं पर हमला किया गया. इसमें 10 भाजपा समर्थकों को चोट लगी, जबकि समरेशगंज में लगातार बमबाजी के कारण नामांकन कार्य प्रभावित हुआ. गौरतलब है कि नामांकन पत्र दाखिल करने की अंतिम तारीख नौ अप्रैल है. हिंसा में अब तक दो लोगों की जान जा चुकी है. सैकड़ों लोग घायल हुए हैं.
कहां-कहां हुए हमले
दुर्गापुर महकमा शासक कार्यालय परिसर में भाजपा कार्यकर्ताओं पर कथित तृणमूल कांग्रेस समर्थकों ने हमला किया
वीरभूम के मोहम्मद बाजार ब्लॉक में भाजपा वर्करों पर बमबाजी की गयी
पानागढ़ में माकपा नेताओं को निशाना बनाया गया
कांदी में अधीर चौधरी के जुलूस पर हमला किया गया
कूचबिहार के तूफानगंज व माथाभांगा में भारी बवाल हुआ
अभिषेक मनु सिंघवी को काला झंडा दिखाया
कोलकाता. कांग्रेस के राज्यसभा सांसद अभिषेक मनु सिंघवी को उनकी ही पार्टी के कार्यकर्ताओं ने शनिवार को काले झंडे दिखाये. वह एक कार्यक्रम में भाग लेने टॉलीगंज क्लब पहुंचे थे. सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनके खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




