सरकारी खदानों से भी कोयले का अवैध खनन

Updated at : 20 May 2024 9:33 PM (IST)
विज्ञापन
सरकारी खदानों से भी कोयले का अवैध खनन

गौरांडी ओसीपी में बढ़ती जा रहीं कोयला चोरी की घटनाएं, प्राथमिकी से हुआ खुलासा

विज्ञापन

आसनसोल/रूपनारायणपुर.

इसीएल सालानपुर एरिया के गौरांडी(ए) ओसीपी में अवैध अतिक्रमण, अवैध कोयला खनन और कोयला चोरी में दिन- पर-दिन बढ़ोतरी हो रही है. सरकारी खदान में वैध खनन के साथ-साथ समानांतर रूप से अवैध खनन का कार्य धड़ल्ले से चलता है. कोयला चोरों के आगे कोयले की रखवाली को तैनात सुरक्षाकर्मी भी लाचार होते हैं. सुरक्षाकर्मियों को कोयला चोर गाली-गलौज देकर धमकाते रहते हैं. इसका खुलासा सोमवार को सालानपुर एरिया के क्षेत्रीय सुरक्षा प्रभारी की शिकायत में हुआ. खदान में अवैध खनन की सूचना के बाद पुलिस और सीआइएसएफ को साथ लेकर सुरक्षा विभाग की टीम ने सोमवार सुबह 8.30 बजे से 11.30 बजे के बीच अपने ही खदान में छापेमारी कर तीन कोयला चोरों को पकड़ने में सफल रही. क्षेत्रीय सुरक्षा प्रभारी अवर निरीक्षक दिलीप प्रसाद ने पकड़े गये लोगों संजय मरांडी (30), रामापद रुईदास (52) और लखीसर मुर्मू (30) को नामजद आरोपी बनाकर बाराबनी थाने में शिकायत दर्ज करायी.

गौरतलब है 27 नवम्बर 2020 को अवैध कोयला खनन और कारोबार को लेकर सीबीआइ एसीबी कोलकाता की टीम ने प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई शुरू की थी. जिसकी प्रक्रिया अबतक चल रही है. मामले में कुल 43 लोगों के नाम चार्जशीट में शामिल हैं. जिसमें इसीएल के अधिकारी, सीआइएसएफ के अधिकारी, कोयला कारोबारी, उद्योगपति का नाम है. सीबीआइ की कार्रवाई शुरू होने के कुछ दिनों तक स्थिति सामान्य रही उसके बाद वही ढाक के तीन पात. सोमवार को इसीएल सालानपुर एरिया के सुरक्षा प्रभारी श्री प्रसाद ने बाराबनी थाना में अपनी शिकायत में कहा कि गौरांडी ओसीपी में अवैध खनन, अवैध अतिक्रमण और कोयला चोरी में दिन प्रतिदिन बढ़ोतरी हो रही है. यहां वैध कोयला खनन के साथ-साथ अवैध कोयला खनन का कार्य धड़ल्ले से चलता है. सूत्रों के अनुसार सिर्फ गौरांडी ही नहीं बंगाल में स्थित इसीएल के सभी खदानों में यही कहानी है. यहां वैध खनन करनेवालों से अवैध खनन करनेवालों की संख्या काफी ज्यादा होती है. इनकी संख्या सैकड़ों में होती है और यह लोग खुलेआम खदान में प्रवेश करके कोयला काटते हैं और यहां से ले जाते हैं. यह सारा कुछ एक सिस्टम में बंधा हुआ है. यह कारोबार ऐसे ही चलता रहता है. सुरक्षा विभाग की टीम को छापेमारी भी काफी संभलकर करनी पड़ती है. कोयला चोर सुरक्षा कर्मियों को ही खदान में घेरकर बेदम पिटाई कर देते हैं. कुछ दिनों पहले सालानपुर क्षेत्र के ही एक खदान में छापेमारी करने गयी टीम को कोयला चोरों ने घेर लिया. जमकर पिटाई की. गाड़ियों को चकनाचूर कर दिया. सीआइएसएफ, पुलिस और सुरक्षा विभाग के लोग जान बचाकर भागे थे. पकड़े गये लोगों को सुरक्षा विभाग के गाड़ियों से निकालकर उनके साथी ले गये. सोमवार को पकड़े गये आरोपियों को अदालत में चालान कर रिमांड पर लेने का प्रयास पुलिस करेगी.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
Prabhat Khabar News Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola