छात्रा का मजिस्ट्रेट के समक्ष आज दर्ज होगा बयान, हो सकता है बड़ा खुलासा

दुष्कर्मकांड. आरोपियों ने कहा, उनलोगों ने छात्रा के साथ नहीं किया दुष्कर्म
छात्रा ने पांच लोगों को दुष्कर्म का आरोपी बनाकर दर्ज करायी शिकायत, जिसके आधार पर सामूहिक दुष्कर्म का दर्ज हुआ मामला प्राथमिक मेडिकल जांच रिपोर्ट से पुलिस भी है हैरान, छात्रा के साथ क्या हुआ था? जांच में जुटी है पुलिस आसनसोल/दुर्गापुर. दुर्गापुर इलाके में स्थित एक निजी मेडिकल कॉलेज की द्वितीय वर्ष की छात्रा के साथ सामूहिक दुष्कर्म के मामले में सोमवार को बड़ा खुलासा होने की उम्मीद है. छात्रा का मजिस्ट्रेट के समक्ष बयान दर्ज होगा, जिसके आधार पर जांच की नयी दिशा तय हो सकती है. पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. इन आरोपियों को जब अदालत में लाया गया तो आरोपियों ने मीडिया कर्मियों को देखते ही कहा कि उन्होंने किसी छात्रा के साथ कोई दुष्कर्म नहीं किया है और किसी भी जांच से गुजरने को तैयार हैं. छात्रा ने अपनी शिकायत में पांच लोगों पर दुष्कर्म का आरोप लगाया है. प्राथमिक मेडिकल जांच की रिपोर्ट ने पुलिस को हैरान कर दिया है. पुलिस ने छात्रा के उस दोस्त का कुछ जरूरी नमूना संग्रह किया है, जिसके साथ शुक्रवार रात वह बाहर गयी थी और यह घटना हुई. सूत्रों के अनुसार छात्रा के हर बयान पर पुलिस पुख्ता सबूत जुटाने का प्रयास कर रही है. गौरतलब है कि मेडिकल कॉलेज की द्वितीय वर्ष की एक छात्रा अपने एक दोस्त के साथ शुक्रवार की रात को कैंपस के बाहर डिनर के लिए निकली थी और सुनसान इलाके के जंगल में कथित तौर पर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म हुआ. इस घटना को लेकर पीड़िता के पिता और पीड़िता ने दो अलग-अलग शिकायत दर्ज करायी. पीड़िता की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज हुई. जिसमें उसने पांच अज्ञात लोगों को उसके साथ दुष्कर्म करने का आरोपी बनाया है. पुलिस ने सामूहिक दुष्कर्म की प्राथमिकी दर्ज की है. जबकि पीड़िता के पिता ने अपनी शिकायत में कहा कि कॉलेज में बेटी के एक दोस्त ने अपने कुछ दोस्तों के साथ मिलकर उनकी बेटी को गुमराह किया और झूठे बहाने बनाकर सुनसान इलाके में ले जाकर बेरहमी से मारपीट की और सामूहिक दुष्कर्म किया. पैसे और मोबाइल छीनने का भी आरोप लगाया.
परदोई गांव के निकट जंगल है काफी संवेदनशील इलाका, बढ़ी पुलिस की निगरानी
जिस जगह पीड़िता के साथ यह घटना हुई है, उस जगह का कुछ अलग ही इतिहास है. आइक्यू सिटी हॉस्पिटल से दुर्गापुर सरकारी कॉलेज जाने के मुख्यमार्ग में परदोई गांव के निकट सुनसान खाली इलाका है और पूरा घना जंगल है. यहां अक्सर अंधेरे में युवक-युवती घूमने आते हैं. स्थानीय कुछ युवक इन जोड़ो पर निगरानी रखते हैं. रात को किसी भी जोड़े को जंगल में देखते ही, इन लोगों की लॉटरी लग जाती है. वे युगल जोड़ों से पैसा वसूली करने लगते हैं, हालांकि कभी किसी युवती के साथ छेड़खानी की कोई शिकायत दर्ज नहीं हुई. जो युगल जोड़े इस इलाके को जानते हैं, वे इधर नहीं आते हैं. अनजान युगल यहां आकर फंस जाते हैं. ऐसा सुनसान इलाका अनेकों थाना क्षेत्र में है जहां युगल जोड़े आकर फंस भी जाते हैं. हाल ही में चित्तरंजन थाना इलाके के कर्नल सिंह पार्क में एक जोड़े को चार लोगों ने पकड़ लिया, जिसमें दो सुरक्षा कर्मी भी तैनात थे. इन चारों ने लड़का-लड़की का मोबाइल फोन पैसा सारा कुछ छीन लिया और मारपीट भी की. लड़की ने सीधे आकर थाने में शिकायत दर्ज करायी. पुलिस ने आरोपियों को जब पकड़ा तब पता चला कि वे लोग नियमित युगल जोड़ो को यहां लूटते थे.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




