एनआईए ने विस्फोटक बरामदगी मामले में तृणमूल कांग्रेस प्रार्थी को किया तलब
Published by : Shinki Singh Updated At : 03 Jul 2023 8:03 PM
पश्चिम बंगाल में एनआईए ने सुबह अचानक नलहाटी के बहादुरपुर में छापेमारी की थी. इस दौरान तृणमूल कांग्रेस के ग्राम पंचायत उम्मीदवार मनोज घोष के पत्थर खदान की तलाशी ली गयी थी.
बीरभूम, मुकेश तिवारी : पश्चिम बंगाल के बीरभूम में बड़े पैमाने पर विस्फोटक बरामद होने के मामले में सोमवार को बीरभूम के नलहाटी में पत्थर व्यवसाई तथा पंचायत चुनाव में तृणमूल कांग्रेस के प्रार्थी मनोज घोष को एनआईए ने पूछताछ के लिए तलब किया है. जल्द से जल्द उन्हें एनआईए दफ्तर में आकर बयान दर्ज कराने को कहा गया है. तलब की नोटिस मिलने के बाद ही इलाके के तृणमूल कांग्रेस के नेताओं और कार्यकर्ताओं में हड़कंप मच गया है. तृणमूल खेमे का दावा है कि यह एक राजनीतिक साजिश के अलावा कुछ नहीं है.
बताया जा रहा है कि गत बुधवार को एनआईए ने सुबह अचानक नलहाटी के बहादुरपुर में छापेमारी की थी. इस दौरान तृणमूल कांग्रेस के ग्राम पंचायत उम्मीदवार मनोज घोष के पत्थर खदान की तलाशी ली गयी. दोपहर साढ़े तीन बजे तक तलाश जारी रही. एनआईए सूत्रों के मुताबिक, उस वक्त ऑफिस में मनोज घोष के मैनेजर पार्थकुमार मंडल मौजूद थे. पूछताछ के बाद एनआईए की टीम दफ्तर के पीछे सुनसान जगह पर बने कमरे में छापामारी की तो वहां से एक असलहा और कारतूस बरामद हुआ था. कुल साढ़े आठ घंटे की तलाशी के बाद एनआईए दो बैग में जिलेटिन की छड़ें, डेटोनेटर और आग्नेयास्त्र जब्त कर वहां से चली गयी. इसके बाद एनआईए की टीम ने दोनों कमरों को सील कर दिया.
बताया जा रहा है कि नलहाटी क्षेत्र में जितनी भी पत्थर की खदानें हैं, उनमें से अधिकांश बिना सरकारी अनुमति के चल रही है. जांच में पता चला था कि खदान के पत्थरों को जिलेटिन और डेटोनेटर से विस्फोट कर अवैध तरीके से कारोबार को अंजाम दिया जाता था. कुछ दिन पहले राज्य पुलिस की विशेष टीम ने उस इलाके में विस्फोटकों की तस्करी करने वाले एक बड़े गिरोह को गिरफ्तार किया था. बाद में एनआईए की टीम ने इसकी जांच अपने हाथ में ले ली थी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Shinki Singh
10 साल से ज्यादा के पत्रकारिता अनुभव के साथ मैंने अपने करियर की शुरुआत Sanmarg से की जहां 7 साल तक फील्ड रिपोर्टिंग, डेस्क की जिम्मेदारियां संभालने के साथ-साथ महिलाओं से जुड़े मुद्दों और राजनीति पर लगातार लिखा. इस दौरान मुझे एंकरिंग और वीडियो एडिटिंग का भी अच्छा अनुभव मिला. बाद में प्रभात खबर से जुड़ने के बाद मेरा फोकस हार्ड न्यूज पर ज्यादा रहा. वहीं लाइफस्टाइल जर्नलिज्म में भी काम करने का मौका मिला और यह मेरे लिये काफी दिलचस्प है. मैं हर खबर के साथ कुछ नया सीखने और खुद को लगातार बेहतर बनाने में यकीन रखती हूं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










