एसआइआर के बहाने बंगाल के लाखों वोटर्स मताधिकारी से साजिशन किये गये वंचित : अभिषेक बनर्जी

Published by : AMIT KUMAR Updated At : 04 Apr 2026 9:36 PM

विज्ञापन

जिले के हासन विधानसभा क्षेत्र के तारापीठ कड़कड़िया मोड़ मैदान में तृणमूल की चुनावी जनसभा में पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव व सांसद अभिषेक बनर्जी ने भाजपा व केंद्र पर तीखा सियासी हमला बोला.

विज्ञापन

बीरभूम.

जिले के हासन विधानसभा क्षेत्र के तारापीठ कड़कड़िया मोड़ मैदान में तृणमूल की चुनावी जनसभा में पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव व सांसद अभिषेक बनर्जी ने भाजपा व केंद्र पर तीखा सियासी हमला बोला. कहा कि भाजपा के इशारे पर बंगाल में एसआइआर के बहाने लाखों वोटर्स को उनके मताधिकार से साजिशन वंचित कर दिया गया. यह सरासत ज्यादती है. उन्होंने केंद्र सरकार पर योजनाओं के पैसे रोकने, महंगाई बढ़ाने और आम लोगों के साथ अन्याय करने का आरोप लगाया. तृणमूल की चुनावी सभा में बड़ी संख्या में तृणमूल कार्यकर्ता व समर्थक मौजूद रहे.

योजनाओं के फंड व गरीबों के मुद्दे उठाये

अभिषेक बनर्जी ने कहा कि एक सौ दिन रोजगार, आवास योजना, शिक्षाश्री और जल जीवन मिशन जैसी योजनाओं का पैसा केंद्र सरकार ने रोका है. इसके बावजूद ममता बनर्जी ने राज्य के लोगों को बकाया राशि दी. उन्होंने कहा कि यह चुनाव गरीब और मेहनतकश लोगों के हक की लड़ाई है और भाजपा को जवाब देने का समय आ गया है.

विकास के मुद्दे पर सीधी चुनौती

अभिषेक बनर्जी ने कहा कि भाजपा केवल आरोप लगाती है, जबकि राज्य सरकार ने जमीन पर काम किया है. उन्होंने भाजपा को खुली चुनौती देते हुए कहा कि राज्य और केंद्र सरकार आमने-सामने विकास के आंकड़े रखें, इससे साफ हो जाएगा कि किसने ज्यादा काम किया है. उन्होंने कहा कि पिछले विधानसभा चुनाव में दुबराजपुर विधानसभा सीट पर हार मिली थी, लेकिन इस बार जिले की सभी सीटों पर जीत का लक्ष्य है.

चुनाव, मतदाता सूची व केंद्र पर सवाल

अभिषेक बनर्जी ने एसआइआर को लेकर चुनाव प्रक्रिया पर सवाल उठाए और कहा कि चुनाव आयोग के साथ मिलकर खेल किया गया है, जिससे लाखों मतदाता सूची से बाहर रह गए हैं. उन्होंने इसे अन्याय बताते हुए कहा कि इसका जवाब जनता देगी. उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा धर्म और जाति के नाम पर वोट मांगती है, जबकि विकास के मुद्दे पर चर्चा से बचती है.

प्रधानमंत्री की सभा और महंगाई पर सवाल उठाने की अपील

डायमंड हार्बर से सांसद ने कहा कि आगामी नौ अप्रैल को प्रधानमंत्री की प्रस्तावित सभा में लोग गैस सिलिंडर, पेट्रोल, डीजल और सीएनजी के बढ़े दामों को लेकर सवाल करें. उनके मुताबिक लोगों को यह भी पूछना चाहिए कि 15 लाख रुपये और दो करोड़ रोजगार का वादा कब पूरा होगा. चुनावी सभा में तृणमूल कांग्रेस के कोर कमेटी कन्वेनर अनुब्रत मंडल, हासन विधानसभा सीट के प्रत्याशी फैजुल हक उर्फ काजल शेख समेत अन्य नेता व कार्यकर्ता मौजूद थे.

विज्ञापन
AMIT KUMAR

लेखक के बारे में

By AMIT KUMAR

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola