समर्थक, विरोधियों में झड़पें, 76 गिरफ्तार
Edited by Prabhat Khabar Digital Desk
Updated:
विज्ञापन
आंदोलन. विभिन्न केंद्रीय यूनियनों की राष्ट्रव्यापी ट्रांसपोर्ट हड़ताल, राज्यव्यापी बंद रहा असरदार आसनसोल : केंद्र सरकार के सड़क सुरक्षा व ट्रांसपोर्ट बिल के खिलाफ परिवहन हड़ताल तथा राज्य में 92 नगर निगम व नगरपालिका के चुनावों में कथित धांधली व बूथ लूट के खिलाफ वाममोर्चा व भाजपा का बंद गुरुवार को असरदार रहा. मुर्गासोल में […]
विज्ञापन
आंदोलन. विभिन्न केंद्रीय यूनियनों की राष्ट्रव्यापी ट्रांसपोर्ट हड़ताल, राज्यव्यापी बंद रहा असरदार
आसनसोल : केंद्र सरकार के सड़क सुरक्षा व ट्रांसपोर्ट बिल के खिलाफ परिवहन हड़ताल तथा राज्य में 92 नगर निगम व नगरपालिका के चुनावों में कथित धांधली व बूथ लूट के खिलाफ वाममोर्चा व भाजपा का बंद गुरुवार को असरदार रहा. मुर्गासोल में तृणमूल व आइएनटीटीयूसी व भाजपा समर्थकों के बीच तथा बड़ा डाकघर के समीप तृणमूल व माकपा समर्थकों में झड़प हुई.
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को लाठी चार्ज करना पड़ा. आसनसोल व बर्नपुर में माकपा व भाजपा के कुल 76 समर्थकों को गिरफ्तार किया. आमलोगों के अनुसार तृणमूल व आइएनटीटीयूसी समर्थकों के उग्र तेवर के कारण बंद का असर अधिक हो गया. एडीसीपी(सेंट्रल) सुदीप घोष ने कहा कि बंद के दौरान 34 बंद समर्थकों को गिरफ्तार किया गया है. कहीं किसी प्रकार की अप्रिय घटना नहीं हुयी है.
क्या था दृश्य शहर में
बंद के दौरान सुबह से ही आसनसोल सिटी बस स्टैंड से मिनी बसों व बड़ी बसों का परिचालन पूरी तरह से ठप रहा. महकमा के विभिन्न रूटों पर भी बसों का परिचालन बंद रहा. गिनती के ऑटो सड़क पर चलते रहे. दूरगामी बसों तथा पड़ोसी राज्यों से आनेवाली बसों का परिचालन भी ठप रहा. नेशनल हाइवे दो पर मालवाहक वाहनों का आवागमन पूर्ण रूप से बंद रहा. गिनती के स्थानीय मालवाहक वाहनों का आवागमन रहा. गुरुवार होने के कारण आसननसोल शहर की अधिसंख्य दुकानें साप्ताहिक छुट्टी के कारण बंद थी.
रही-सही कसर बंद समर्थकों ने पूरी कर दी. रेलपार, चेलीडांगा, कुमारपुर, गोपालपुर समेत क्षेत्रों में ज्यादातर छोटी-छोटी दुकानें खुली रही. सरकारी कार्यालयों में उपस्थिति आम दिनों की तरह सामान्य रही. लेकिन कार्यालयों में काम करानेवालों की मौजूदगी काफी कम रही.
राज्य सरकार के उस आदेश का असर सरकारी कर्मचारियों की उपस्थिति में रही, जिसमें कार्यालय न आने पर वेतन में कटौती करने को कहा गया था. स्कूल व आम बसों के न चलने के कारण शिक्षण संस्थानों में शिक्षकों व छात्रों की उपस्थिति न के बराबर रही.
सीतारामपुर में भी बंद रहा प्रभावी
सीतारामपुर. कुल्टी नगरपालिका क्षेत्र में गुरुवार को बंद का मिश्रित असर रहा. कुल्टी नगरपालिका कार्यालय में उपस्थिति ससामान्य रही. सभी सरकारी व गैर सरकारी बैंक, स्कूल व निजी कार्यालय, दुकान सभी बंद रहे. सड़क पर गिनती की सरकारी बसें चली. मिनी बस व बबड़ी बसें गायब थी. निजी कार, बाइक व ऑटो चलते रहे. सुबह से ही बंद समर्थक भाजपा व माकपा कर्मी नियामतपुर जीटी रोड के दोनो किनारे डटे रहे. बंद को बेअसर करने के लिये तृणमूल कार्यकर्ता भी मोड़ के समीप उपस्थित थे. पुलिसकर्मी भी तैनात थे.
कोलियरियों का उत्पादन सामान्य रहा. कुल्टी नगरपालिका कार्यालय में बंद का असर नहीं रहा. नियामतपुर बाजार स्थित बैंक ऑफ इंडिया, एसबीआइ, यूको बैंक, यूनाइटेड, बर्दवान कोऑपरेटिव बैंक बंद रहे. सुबह से ही बंद समर्थक दलों द्वारा झंडा लिया दिया गया था.
स्कूल भी प्राय: बंद रहे. क्षेत्र के ग्रीन प्वाइंट एकादमी, एजी चर्च स्कूल बंद थे. सरकारी स्कूलों के बच्चे स्कूल नहीं गये. दवा व सब्जी की दुकानों को छोड़कर अन्य सभी दुकानें बंद रही. सुबह – सुबह सरकारी बसों का परिचालन भाजपा कर्मियों द्वारा रोक दिया गया. पुलिस ने मध्यस्ता करते हुए बस को बंद कर्मियों से मुक्त करवाया. इसी बीच पुलिस ने सख्ती का प्रयोग करते हुए दो भाजपा समर्थकों को गिरफ्तार किया परंतु कुछ देर के बाद उन्हे छोड़ दिया गया. माकपा कर्मियों ने जुलूस निकालकर नियामतपुर बाजार, लिछुरिया रोड, सीतारामपुर स्टेशन रोड में राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी की. सड़क जाम करने का प्रयास किया.
नियामतपुर फांड़ी प्रभारी सोमेन बनर्जी के नेतृत्व में पुलिस बल ने सड़क को मुक्त रखा. सोदपुर एरिया की वैजडीह, पटमोहना, मिठानी, धेमोमेन, नरसमूदा कोलियरी में बंद का असर नहीं दिखा. उत्पादन सामान्य रहा.
कुल्टी में मिला जुला असर
कुल्टी. भाजपा व माकपा के बंद का कुल्टी इलाके में मिला-जुला असर रहा. सुरक्षा के दृष्टिकोण से चप्पे चप्प्पे पर पुलिस की तैनाती रही. सस्थानीय थाना मोड़ से तीन भाजपा कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में लिया. इलाके के शिक्षण संस्थान बंद रहे. कुल्टी का मुख्य डाक घर, यूको बैंक, एक्सीस बैंक, आईसीआईसीआई बैंक खुले रहे, परंतु ग्राहकों के नहीं आने के कारण सामान्य कामकाज ही होता रहा. एसबीआई मुख्य शाखा व टाउनशीप शाखा में काम हुआ.
परंतु ग्राहकों की संख्या काफी कम रही. सड़कों पर निजी कार व दो पहिया वाहन ही चले. राष्ट्रीय राजमार्ग दो पर बंद का कोई असर नहीं रहा. रामनगर चार नंबर पिट कोलियरी , सेल विकास वर्क्स में सामान्य कामकाज हुआ. कहीं से कोई अप्रिय घटना की सूचना नहीं है.
बराकर में बंद का असर रहा आंशिक
बराकर : वामफ्रंट एवं भाजपा के बंगाल बंद का असर बराकर क्षेत्र में आंशिक रहा. बराकर एवं आसपास के क्षेत्रों में दुकान एवं व्यापारी प्रतिष्ठान बंद रहे. बेगुनिया बस स्टैंड से एक भी बस नहीं चली. यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा. बेगुनिया मोड़ पर टीएमसी कार्यकर्ता एवं भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच नारेबाजी व विवाद शुरू होने पर पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा.
पुलिस ने दोनो पक्षों को खदेड़ कर माहौल शांत कराया. बराकर बाजार में गुरुवार को बंदी रहने के कारण सभी व्यापारी प्रतिष्ठान बंद रहा. मिठाई दुकान एवं फल दुकान बंद रही. बैंकों में उपस्थिति शत प्रतिशत रही. बेगुनिया कोलियरी में भी कर्मचारियों की उपस्थिति रही. दामागोड़िया एवं राम नगर कोलियरी में उत्पादन एवं डिस्पैच जारी रहा.
डिबूडिह चेक पोस्ट पर झारखंड की ओर से कुछ गाड़ियां चली. ऑटो एवं मोटर साइकिलें चली. क्षेत्र के सभी स्कूल खुले रहे. कुल्टी थाना प्रभारी दिलिप पाल एवं बराकर पुलिस प्रभारी देवेंदू मुखर्जी पेट्रोलिंग कर रहे थे.
दुर्गापुर में असरदार रहा बंद
दुर्गापुर : राज्य के शहरी निकाय चुनाव में राज्य के प्रशासनिक मशीनरी का दुरूपयोग तथा तृणमूल के आतंक के खिलाफ बुलायी गयी बंद का दुर्गापुर में व्यापक असर देखा गया. छोटी-मोटी घटनाओं को छोड़ कर बंद सफल रहा.
सुबह से ही बस, मिनी बस, टैक्सी, ऑटो आदि के परिचालन ठप रहने के साथ ही दुकानें बंद रही. वारिया स्टेशन पर माकपा समर्थकों ने शक्तिपूंज, अगिAवीणा और आसनसोल-बर्दवान लोकल को रोक कर प्रदर्शन किया, कुछ ही देर में आरपीएफ के जवानों ने प्रदर्शनकारियों को हटा कर ट्रेनों को आगे बढ़ाया.
इसका नेतृत्व माकपा नेता श्यामा घोष ने किया. दूसरी ओर मूचिपाड़ा राष्ट्रीय राजमार्ग दो माकपा नेता कवि घोष और पंकज राय सरकार के नेतृत्व में जाम करने का कोशिश की लेकिन पुलिस पहुंच कर जाम कर रहे बंद समर्थकों को गिरफ्तार विफल कर दिया. सीटू नेता विनय कृष्ण चौधरी ने कहा कि हड़ताल पूरी तरह आम लेागों के समर्थन से सफल रही.
लोगों ने सरकार के गलत नीति के खिलाफ एकजुट हुए. सरकार और तृणमूल कांग्रेस के नेताओं ने बंद को विफल करने के लिए पुलिस की मदद से दुकान खुलवाने की कोशिश एवं बस चलवाने की धमकी दी लेकिन यह प्रयास विफल रहा. डीएसपी, एएसपी, डीपीएल एवं छोटे कारखाना में अन्य दिनों की तुलना में श्रमिकों की उपस्थिति कम देखी गयी. तृणमूल नेता शंकरलाल चटर्जी ने कहा कि वाममोर्चा का बंद पूरी तरह विफल रहा.
भाजपा ने बताया पूर्ण सफल
भाजपा के आसनसोल जिला अध्यक्ष निर्मल कर्मकार ने कहा कि पुलिस और तृणमूल कार्यकर्ता द्वारा बंद को विफल करने के हर संभव प्रयास के बावजूद हड़ताल पूरी तरह से सफल रही. आसनसोल व अन्य क्षेत्रों में बंद समर्थक भाजपा कार्यकर्ताओं पर हमला किया गया, उन्हें गिरफ्तार किया गया.
आसनसोल तथा हीरापुर से 50 पार्टी समर्थकों को गिरफ्तार किया गया है. जबकि दोषी तृणमूल कार्यकर्ता थे. उन्होंने कहा कि चार दिन पहले ही राज्य के शहरी निकाय में अपनी शानदार जीत का जश्न मना रहे तृणमूल के इस रवैये से यह स्पष्ट हो गया कि उनकी जो जीत हुई है वह जनता की नहीं, बल्कि उनके रिगिंग का परिणाम था. जनता ने गुरुवार को बंद को पूरी तरह सफल कर यह बता दिया कि राज्य की जनता तृणमूल के अत्याचार से दहशत में है और अगर निष्पक्ष चुनाव होगा, तो तृणमूल का पत्ता साफ हो जायेगा.
हड़ताल पूरी तरह विफल रही: दासू
तृणमूल के बर्दवान जिला कार्यकारी अध्यक्ष वी शिवदासन उर्फ दासू ने बंद को पूरी तरह विफल बताते हुए कहा कि जनता झूठे मुद्दे को लेकर बुलायी गयी बंद का कभी समर्थन नहीं करेगी. यह बंद केवल नागरिकों को परेशान करने के लिए किया गया, जिसे लोगों ने नकार दिया.
आम दिनों के तरह व्यवसायिक प्रतिष्ठान, सरकारी कार्यालय आदि खुले रहे. सड़कों पर वाहनों का चलना जारी रहा. बंद समर्थकों पर हमले की बात को नकारते हुए कहा कि कुछ स्थानों पर बंद समर्थक जोर-जबरदस्ती कर रहे थे, जिसमें तृणमूल समर्थकों ने हस्तक्षेप किया. जिसमें छिटपुट घटनाएं हुई. पुलिस ने अपना काम किया है.
पुलिस कर्मियों की मौजूदगी में शहर में भिड़े हड़ताल समर्थक व विरोधी
दक्षिण थाना के मुर्गासोल में बंद का समर्थन कर रहे भाजपा कार्यकर्ताओं और तृणमूल समर्थकों में आमने-सामने झड़प हो गयी. भाजपा के आसनसोल मंडल अध्यक्ष भृगु ठाकुर तथा भाजयुमो के मंडल अध्यक्ष सुदिप्त चौधरी को पुलिस गिरफ्तार कर ले गयी.
भाजपा नेता प्रशांत चक्रवर्ती ने बताया कि सुबह पार्टी समर्थक शांतिपूर्ण बंद का समर्थन कर रहे थे, उसी दौरान आइएनटीटीयूसी नेता राजू अहलुवालिया के नेतृत्व में आये तृणमूल समर्थकों ने उन लोगों पर हमला कर दिया. उन्होंने बांस वव लाठी से पिटाई शुरू कर दी. मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी तृणमूल हमलावरों पर कार्रवाई करने के बजाय भाजपा के मंडल अध्यक्ष श्री ठाकुर व युवा नेता श्री चौधरी को ही गिरफ्तार कर ले गयी. दूसरी घटना मुख्य डाक घर के सामने घटी.
माकपा समर्थक बंद के समर्थन में सड़क पर जुलूस निकाल रहे थे. माकपा नेताओं का कहना है कि तृणमूल कार्यकर्ताओं पुलिस के साथ मिल कर उनलोगों पर हमला किया, जिसमें माकपा कार्यकर्ता को गंभीर चोटें आयी. पार्टी समर्थकों ने इसका विरोध किया. माकपा के आसनसोल जोनल सचिव मनोज दास के साथ 21 बंद समर्थकों को पुलिस ने गिरफ्तार किया. माकपा के पूर्व जोनल सचिव पार्थ मुखर्जी ने बताया कि पार्टी समर्थक मुख्य डाक घर के सामने शांतिपूर्ण बंद का समर्थन कर रहे थे.
उसी दौरान काफी संख्या में तृणमूल कार्यकर्ता आये और उनलोगों पर हमला कर दिया. हमले में पुलिसकर्मियों ने भी सहयोग किया. पुलिस पूरी तरह से तृणमूल नेताओं के इशारे पर काम कर रही है. हमले में माकपा कार्यकर्ता को गंभीर चोट आयी है. बंद को विफल करने के लिए तृणमूल द्वारा पूरी शक्ति लगा दी गयी है.
दोपहर को रेलपार के सफी मोहल्ले के समीप भाजपा और तृणमूल समर्थकों में झड़प हुई. आसनसोल सबडिविजनल मोटर ट्रांसपोर्ट यूनियन के सचिव श्री अहलुवालिया ने बताया कि जिन वाहन कर्मियों के अधिकार के लिए बंद की बात कर रहे हैं, बंद के दौरान बंद समर्थक उन्हीं वाहन चालकों को जबरन जीटी रोड पर रोक कर मारपीट कर रहे थे.
इसकी जानकारी मिलने के बाद वे लोग बीच-बचाव करने गये तो उनलोगों पर भी हमला कर दिया गया. तृणमूल कार्यकर्ताओं ने केवल अपना बचाव किया है, हमला नहीं.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
विज्ञापन
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
विज्ञापन










