मध्यमग्राम सामूहिक दुष्कर्म कांड: सीबीआइ जांच पर रुख साफ करे सरकार

Updated:
विज्ञापन

कोलकाता: उत्तर 24 परगना के मध्यमग्राम में 16 साल की लड़की के साथ दो बार सामूहिक दुष्कर्म व हत्या के मामले में कलकत्ता हाइकोर्ट ने राज्य सरकार से सीबीआइ जांच पर अपनी स्थिति स्पष्ट करने को कहा है. पीड़िता के पिता ने मामले की सीबीआइ जांच की मांग को लेकर हाइकोर्ट में याचिका दायर की […]

विज्ञापन

कोलकाता: उत्तर 24 परगना के मध्यमग्राम में 16 साल की लड़की के साथ दो बार सामूहिक दुष्कर्म व हत्या के मामले में कलकत्ता हाइकोर्ट ने राज्य सरकार से सीबीआइ जांच पर अपनी स्थिति स्पष्ट करने को कहा है.

पीड़िता के पिता ने मामले की सीबीआइ जांच की मांग को लेकर हाइकोर्ट में याचिका दायर की है. याचिका पर सुनवाई करते हुए कलकत्ता हाइकोर्ट के न्यायाधीश दीपंकर दत्ता ने राज्य सरकार से पूछा है कि इस मामले की सीबीआइ जांच क्यों न हो ? इस संबंध में राज्य सरकार को अपनी स्थिति स्पष्ट करते हुए एक सप्ताह के अंदर लिखित रूप से जवाब देने को कहा गया है. गौरतलब है कि अक्तूबर 2013 में मध्यमग्राम की रहनेवाली लड़की के साथ दो बार सामूहिक दुष्कर्म के बाद 23 दिसंबर को उसे जला दिया गया था. 31 दिसंबर को अस्पताल में उसकी मौत हो गयी. न्यायमूर्ति दीपंकर दत्त ने राज्य सरकार को पीड़िता के परिवार को पर्याप्त सुरक्षा मुहैया कराने का भी निर्देश दिया.

लड़की के पिता ने गत छह जनवरी को कलकत्ता हाइकोर्ट में एक याचिका दायर कर मामले की सीबीआइ जांच कराने की मांग की थी. इस संबंध में पीड़िता के पिता पक्ष के वकील विकास रंजन भट्टाचार्य ने कहा कि हाइकोर्ट ने राज्य सरकार को एक सप्ताह तक का समय दिया है. अगर इस समय सीमा के अंदर राज्य सरकार संतोषजनक जवाब नहीं देती है तो हाइकोर्ट इस मामले में अपना फैसला सुनायेगा.

पीड़िता के पिता ने सीबीआइ जांच की मांग करने वाली अपनी याचिका में दावा किया कि राज्य पुलिस 26 अक्तूबर से ही इस मामले की जांच में लापरवाही बरत रही है. सामूहिक दुष्कर्म की पहली घटना के संबंध में थाने में मामला दर्ज कराने के बावजूद पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की. इसके बाद उनकी बेटी के साथ फिर से आरोपियों ने सामूहिक दुष्कर्म कर उसे जिंदा जला दिया. इस वीभत्स दुष्कर्म और लड़की की मौत के खिलाफ और उसे न्याय दिलाने की मांग को लेकर सिर्फ कोलकाता ही नहीं, बल्कि देश के अन्य राज्यों के विभिन्न हिस्सों में विरोध प्रदर्शन किये जा रहे हैं. इस मामले की अगली सुनवाई 15 जनवरी को होगी.

बिहार सरकार को सौंपी रिपोर्ट, परिवार को सुरक्षा न मिलने से हुई हत्या
पश्चिम बंगाल में 16 वर्षीय सामूहिक बलात्कार पीड़िता की मौत मामले को लेकर पिछले मंगलवार को कोलकाता गये बिहार के पुलिस महानिरीक्षक (विशेष शाखा) जेएस गंगवार ने संभवत: राज्य सरकार को सौंपी रिपोर्ट में पीड़िता के परिवार को पर्याप्त सुरक्षा मुहैया नहीं कराये जाने से इस घटना के घटने और उनकी भविष्य में सुरक्षा को लेकर उनकी चिंताओं को रेखांकित किया है.

बिहार के गृह सचिव आमिर सुबहानी ने बताया कि जेएस गंगवार ने अपनी रिपोर्ट राज्य सरकार को सौंप दी है.गृह सचिव और विशेष शाखा के पुलिस महानिरीक्षक ने हालांकि रिपोर्ट के बारे में विस्तृत जानकारी देने से इनकार कर दिया, लेकिन सूत्रों ने बताया कि उक्त रिपोर्ट में कहा गया है कि मृतक लड़की का परिवार बिहार के समस्तीपुर जिले का निवासी है. उनके नये निवास स्थान पश्चिम बंगाल के मध्यमग्राम में उन्हें सुरक्षा नहीं मुहैया करायी गयी जिसके कारण यह घटना घटी. परिवार को पूर्व में सुरक्षा मिली हुई थी, पर नये निवास स्थान पर जाने पर उसके अभाव के कारण यह घटना घटी. सूत्रों ने बताया कि उक्त परिवार ने भविष्य में अपनी सुरक्षा को लेकर चिंता जतायी और बिहार लौटने से इनकार किया है.

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola