गैंगमैन की तत्परता से बड़ा हादसा टला, रेलवे लाइन पर मिले दो जिंदा बम

Updated:
विज्ञापन

कटिहार/सिलीगुड़ी: पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे के कटिहार-किशनगंज रेलखंड के आजमनगर स्टेशन के निकट पालोडांगा गांव ब्रिज नंबर एमके-पांच पर सोमवार की सुबह तकरीबन छह बजे रेल ट्रैक पर बम विस्फोट हुआ. दो बमों के विस्फोट के बाद रेलवे व पुलिस हड़कत में आयी. विस्फोट के बाद इस रूट पर सभी (अप व डाउन) ट्रेनों का परिचालन […]

विज्ञापन

कटिहार/सिलीगुड़ी: पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे के कटिहार-किशनगंज रेलखंड के आजमनगर स्टेशन के निकट पालोडांगा गांव ब्रिज नंबर एमके-पांच पर सोमवार की सुबह तकरीबन छह बजे रेल ट्रैक पर बम विस्फोट हुआ. दो बमों के विस्फोट के बाद रेलवे व पुलिस हड़कत में आयी. विस्फोट के बाद इस रूट पर सभी (अप व डाउन) ट्रेनों का परिचालन तत्काल रोक दिया गया. करीब छह घंटे तक ट्रेनों का परिचालन बाधित रहा.

घटना की जानकारी मिलते ही रेल एसपी के नेतृत्व में बम निरोधक दस्ता घटनास्थल पर पहुंचा. इस दस्ते ने वहां रखे दो जिंदा बमों को निष्क्रिय कर दिया. जांच-पड़ताल के बाद ट्रेनों का परिचालन दोपहर 12 बजे पुन: शुरू हुआ. ट्रैक मैन संजय पासवान रेल ट्रैक की जांच-पड़ताल करते हुए पालोडांगा गांव के सामने रेलवे ब्रिज संख्या एमके-पांच के निकट पहुंचे. वहां उन्होंने चार अलग-अलग स्थानों पर गोल रस्सीनुमा बंडल देखा. आशंका होने पर उन्होंने सरिया से उस बंडल को हिलाया. तभी दो बम बारी-बारी से विस्फोट कर गये.

हालांकि, इस विस्फोट में ट्रैक मैन को कोई नुकसान नहीं हुआ. उन्होंने इसकी सूचना आजमनगर स्टेशन प्रबंधक राजदीप को दी. स्टेशन प्रबंधक ने घटना की सूचना वरीय रेल अधिकारियों को दी व ट्रैक पर ट्रेनों के आवागमन पर रोक लगा दी. इसमें गुवाहटी-सियालदह एक्सप्रेस व पेट्रोल टैंक मालगाड़ी को आजमनगर स्टेशन पर रोक दिया गया. इसके अलावा बारसोई, आजमनगर व मालदा-आजमनगर रूट पर ट्रेनों का परिचालन ठप कर दिया गया था. लंबी दूरी व लोकल ट्रेनों के परिचालन ठप हो जाने से यात्रियों को परेशानी हुई.

ट्रेन सेवाएं हुईं प्रभावित
नॉर्थ फ्रंटियर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी (सीपीआरओ) एसके लाहिड़ी ने बताया कि ट्रैकमैन की तत्परता रंग लायी. रेलवे लाइन पर धमाका होते-होते बचा. उन्होंने कहा कि सुबह 7 बजे के करीब रेलवे ट्रैक पर बम देखे गये. उसी समय कोलकाता व दिल्ली की ओर जाने वाली सभी ट्रेनों को जहां-तहां रोक दिया गया था. उन्होंने कहा कि दोपहर 12.10 से ट्रेनों की आवाजाही सामान्य हो गयी. अप में पदातिक एक्सप्रेस, कंचनकन्या एक्सप्रेस, उत्तर बंग एक्सप्रेस, कामरूप एक्सप्रेस व दाजिर्लिंग मेल अलग-अलग जगहों पर रुकी थीं. जबकि डाउन में कंचनजंघा एक्सप्रेस, शताब्दी एक्सप्रेस रुकी हुई थी. लाहड़ी ने कहा कि बम किसने कब रखा, इसकी जांच की जा रही है. बहुत जल्द इसका खुलासा हो जायेगा. उन्होंने कहा कि इस में किसी उग्रवादी संगठन का हाथ हो सकता हैं. पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गयी है. अलीपुरद्वार जाने वाली कंचनकन्या एक्सप्रेस इसका शिकार होते-होते बची.

कुछ समय पहले ही गुजरी थी ब्रह्नापुत्र मेल
बम विस्फोट की घटना के पूर्व ब्रह्नापुत्र मेल इस रूट से दूसरे ट्रैक से हो कर गुजरी थी. यदि ट्रेन बम रखे हुए ट्रैक से गुजरती तो भयावह घटना से इनकार नहीं किया जा सकता था. घटना के साढ़े तीन घंटे बाद बम निरोधक दस्ता, बम व डॉग सक्वायड कटिहार रेल एसपी जितेंद्र मिश्र के नेतृत्व में करीब पूर्वाह्न् साढ़े नौ बजे घटना स्थल पर पहुंचा. आठ सदस्यीय बम निरोधक दस्ता में शामिल विमल सिंह, सुनील सिंह, सिमल कुमार सिंह आदि ने बताया कि इस तरह की घटना अपराधियों, नक्सलियों द्वारा की जाती है.

कहते हैं रेल एसपी
कटिहार रेल एसपी जीतेंद्र मिश्र ने घटनास्थल पर पत्रकारों को बताया कि बम निरोधक दस्ता ने दो जिंदा बमों को निष्क्रिय कर दिया है. अब चिंता की बात नहीं है. रेलवे की सुरक्षा-व्यवस्था चुस्त-दुरुस्त है.

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola