पहले कॉफी पी, फिर नहाया-लुंगी डांस किया… आखिर में 5 लाख की KTM लेकर फरार हुआ चोर

Updated:
विज्ञापन

CCTV में कैद चोर की करतूत

UP News: वाराणसी के मंडुआडीह में एक चोर ने KTM शोरूम में घुसकर पहले मौज-मस्ती की. उसने करीब साढ़े चार घंटे तक शोरूम में कॉफी पी, नहाया और डांस किया, फिर करीब 5 लाख की बाइक लेकर फरार हो गया. चोर की करतूत CCTV में कैद हो गई है.

विज्ञापन

UP News: वाराणसी के मंडुआडीह से चोरी का एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसे सुनकर आप भी हैरान रह जाएंगे. एक चोर KTM शोरूम में चोरी करने पहुंचा, लेकिन बाइक ले जाने से पहले उसने वहां करीब साढ़े चार घंटे तक जमकर मौज की. चोर ने शोरूम में कॉफी पी, वॉशरूम में नहाया, कंप्यूटर पर गाने चलाए और बाइक के कवर को लुंगी की तरह पहनकर डांस भी किया. इसके बाद वह करीब 4.71 लाख रुपये कीमत की KTM Adventure 390 S बाइक लेकर फरार हो गया. चोर की पूरी करतूत शोरूम में लगे CCTV कैमरों में कैद हो गई है.

कटर से शीशा काटकर शोरूम में घुसा चोर

मामला मंडुआडीह थाना क्षेत्र स्थित एक ऑटोमोबाइल शोरूम का है. शोरूम के जनरल मैनेजर रोहित कुमार सिंह के मुताबिक, सोमवार रात करीब 10 बजे कर्मचारी शोरूम बंद करके अपने घर चले गए थे. शोरूम के अंदर मैनेजर की करीब तीन महीने पुरानी KTM बाइक चाबी समेत खड़ी थी. बताया गया कि रात करीब 11:30 बजे सफेद शर्ट और जींस पहने एक युवक शोरूम के बाहर पहुंचा. उसके हाथ में देवी माता की तस्वीर थी. इसी दौरान बारिश शुरू हो गई तो उसने बाहर लगा बैनर फाड़कर उसे ओढ़ लिया. इसके बाद कटर की मदद से शोरूम के कांच वाले दरवाजे को काटना शुरू कर दिया. करीब 36 मिनट की मशक्कत के बाद रात 12:06 बजे वह शीशा काटकर शोरूम के अंदर दाखिल हो गया.

पहले कॉफी पी, फिर आराम से नहाया

शोरूम के अंदर घुसने के बाद चोर ने जल्दबाजी करने के बजाय आराम से समय बिताना शुरू कर दिया. सबसे पहले उसने रिसेप्शन पर रखा कंप्यूटर ऑन किया और काफी देर तक रिवॉल्विंग चेयर पर बैठकर घूमता रहा. इसके बाद उसने मिनी फ्रिज से ठंडा पानी निकाला और पीया. इतना ही नहीं, उसने शोरूम में रखी मशीन से अपने लिए गर्म कॉफी बनाई और आराम से कॉफी पी. इसके बाद वह वॉशरूम में गया और वहां नहाया भी. नहाने के बाद उसने अपने गीले कपड़े बाइक पर सुखाने के लिए डाल दिए.

बाइक के कवर को बनाया लुंगी, फिर किया डांस

चोर की हरकतें यहीं नहीं रुकीं. उसने शोरूम में रखी एक नई बाइक का कवर फाड़ा और उसे लुंगी की तरह लपेट लिया. इसके बाद कंप्यूटर पर गाने चलाए और काफी देर तक लुंगी डांस करता रहा. उसकी ये पूरी करतूत CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हो गई. करीब साढ़े चार घंटे शोरूम में रहने के बाद चोर ने वहां से निकलने की तैयारी की. उसने शोरूम की ब्रांडेड टी-शर्ट और कैप पहनी, एक नया बाइक कवर उठाया और करीब 4 बजे मैनेजर की KTM बाइक स्टार्ट कर वहां से फरार हो गया.

सुबह टूटा शीशा देखकर हुआ चोरी का खुलासा

सुबह सिक्योरिटी गार्ड ने शोरूम का टूटा हुआ कांच देखा तो इसकी जानकारी मैनेजर को दी. इसके बाद चोरी का पूरा मामला सामने आया. सूचना मिलते ही मंडुआडीह थाना पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. मंडुआडीह थाना प्रभारी अजय वर्मा के मुताबिक, पुलिस CCTV फुटेज और फिंगरप्रिंट्स की मदद से आरोपी की पहचान करने में जुटी है. पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी की गई बाइक बरामद करने का प्रयास किया जा रहा है.

Also Read: बहन की शादी के लिए भाई बना चोर! पड़ोसी के घर से उड़ाए 15 लाख के जेवर, चप्पल ने खोल दिया राज


विज्ञापन
लक्की कुमारी

लेखक के बारे में

By लक्की कुमारी

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola