PUBG में रुपये हारे तो बेटे ने रची अपहरण की कहानी, पिता को भेजी फूटी आंख की फोटो, मांगी 1 लाख की फिरौती

Updated:
विज्ञापन

PUBG में रुपये हारे तो बेटे ने रची अपहरण की कहानी (AI)

UP News: संतकबीरनगर के एक 11वीं के छात्र ने PUBG गेम में पैसे हारने और कर्ज बढ़ने पर पिता को ठगने के लिए अपने ही अपहरण की झूठी कहानी गढ़ी. उसने AI की मदद से अपनी फूटी आंख वाली फोटो बनाकर पिता से 1 लाख रुपये की फिरौती मांगी.

विज्ञापन

UP News: पबजी गेम में रुपये हारने और कर्ज बढ़ने पर 11वीं के एक छात्र ने पिता से पैसे ऐंठने के लिए अपने ही अपहरण की झूठी कहानी रच डाली. उसने पिता के व्हाट्सऐप पर एक लाख रुपये की फिरौती का मैसेज भेजा और AI की मदद से आंख फूटी होने जैसी तस्वीर बनाकर भेज दी. बेटे की हालत देखकर घबराए पिता ने सिकरीगंज थाने में अपहरण का मुकदमा दर्ज कराया. पुलिस ने सर्विलांस की मदद से करीब सवा दो घंटे में किशोर को उरुवा स्थित उसके दोस्त के घर से बरामद कर लिया.

गेम में हार और बढ़ते कर्ज ने रची साजिश

पुलिस के मुताबिक, संतकबीरनगर जिले के धनघटा क्षेत्र का रहने वाला किशोर 11वीं कक्षा में पढ़ता है. उसके पिता व्यापारी हैं. किशोर पबजी गेम खेलने का आदी था. गेम में रुपये हारने के बाद उस पर कर्ज बढ़ गया था. उसकी पॉकेट मनी भी खत्म हो चुकी थी और वह दोस्तों से भी उधार ले चुका था. कर्ज चुकाने के लिए उसने पिता से एक लाख रुपये लेने की साजिश रची.

मोबाइल बंद कर भेजा फिरौती का मैसेज

साजिश के तहत किशोर ने अपना मोबाइल फोन बंद कर दिया और पब्लिक Wi-Fi का इस्तेमाल कर पिता के व्हाट्सऐप पर एक लाख रुपये की फिरौती मांगने वाला मैसेज भेजा. इसके साथ उसने AI की मदद से तैयार की गई ऐसी तस्वीर भेजी, जिसमें उसकी आंख फूटी हुई नजर आ रही थी. मैसेज में रुपये नहीं देने पर और खराब हालत करने की धमकी दी गई. तस्वीर देखकर परिवार में हड़कंप मच गया और पिता ने तत्काल पुलिस को सूचना दी.

पब्लिक वाईफाई से मिला पुलिस को सुराग

मामले को गंभीरता से लेते हुए सिकरीगंज पुलिस ने अपहरण का केस दर्ज कर सर्विलांस के जरिए किशोर की तलाश शुरू की. मोबाइल बंद होने के बावजूद उसके पब्लिक Wi-Fi का इस्तेमाल करने से पुलिस को अहम सुराग मिला. इसके आधार पर पुलिस टीम ने करीब सवा दो घंटे में उसकी लोकेशन ट्रेस कर ली और उरुवा में उसके दोस्त के घर से किशोर को बरामद कर लिया.

दिल्ली में महिला मित्र से बनवाई AI फोटो

पूछताछ में किशोर ने पुलिस को बताया कि उसे खुद AI फोटो बनाना नहीं आता था. उसने दिल्ली में रहने वाली अपनी एक महिला मित्र से संपर्क किया और उसे अपनी तस्वीर भेजी. महिला मित्र की मदद से AI जेनरेटेड फोटो तैयार कराई गई. इसके बाद किशोर ने वही तस्वीर पिता को भेजकर एक लाख रुपये की मांग की थी. पुलिस पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि गेम में हारे रुपये और कर्ज चुकाने के लिए उसने अपने अपहरण की झूठी कहानी रची थी.

Must Read: गोरखपुर में 1.40 करोड़ की ठगी की FIR के 8 दिन बाद अपार्टमेंट से गिरे पशु चिकित्सक, जानिए मौत के पीछे क्या है राज?


विज्ञापन
खुशबू कुमारी

लेखक के बारे में

By खुशबू कुमारी

खुशबू कुमारी पिछले तीन वर्षों से पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और वर्तमान में प्रभात खबर में डिजिटल कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं. उन्होंने पटना विमेंस कॉलेज, से मास कम्युनिकेशन में स्नातक किया है तथा वर्तमान में इग्नू से मास्टर ऑफ आर्ट्स (मास कम्युनिकेशन एंड डिजिटल मीडिया) की पढ़ाई कर रही हैं. उन्हें जनहित से जुड़ी खबरों, डिजिटल पत्रकारिता, समाचार लेखन, फोटोग्राफी, वीडियो एडिटिंग और ग्राफिक डिजाइन में विशेष रुचि है. वे राजनीति, शिक्षा, प्रशासन, सामाजिक मुद्दों, अपराध और जनसरोकार से जुड़े विषयों पर शोधपरक, तथ्यपरक और पाठकों के लिए उपयोगी डिजिटल कंटेंट तैयार करती हैं. उनका उद्देश्य पाठकों तक विश्वसनीय, स्पष्ट और प्रभावी जानकारी पहुंचाना है, ताकि समाचार केवल सूचना का माध्यम न होकर समाज के लिए उपयोगी साबित हों.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola