अलीगढ़ में 19 वर्षीय बेटी ने पिता की अर्थी को दिया कंधा, अंतिम यात्रा का दृश्य देखकर रो पड़े लोग
पिता को कंधा देती बेटी (AI)
अलीगढ़ की 19 वर्षीय निमि गुप्ता ने अपने पिता की अंतिम यात्रा में बेटी का फर्ज निभाते हुए अर्थी को कंधा दिया. पिता के निधन से पूरा परिवार और मोहल्ला सदमे में है. निमि के इस साहसिक कदम की सराहना हो रही है.
UP News : पिता के निधन के बाद बेटी ने बेटे का फर्ज निभाते हुए उनकी अर्थी को कंधा दिया. अलीगढ़ के सासनी गेट क्षेत्र स्थित ब्राह्मनपुरी में 19 वर्षीय निमि गुप्ता ने अपने पिता की अंतिम यात्रा में आगे बढ़कर अर्थी को कंधा दिया. बेटी के इस कदम को देखकर वहां मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं.
पिता की मौत की खबर मिलते ही दिल्ली से घर पहुंची बेटी
निमि गुप्ता दिल्ली में रहकर पढ़ाई कर रही हैं. पिता निमिष गुप्ता के निधन की सूचना मिलते ही वह तुरंत घर पहुंचीं. मंगलवार को जब पिता की अंतिम यात्रा की तैयारी हुई तो परिवार और आसपास के लोगों के बीच यह चर्चा थी कि अर्थी को कंधा कौन देगा. इसी दौरान निमि आगे आईं और उन्होंने अपने पिता की अर्थी को कंधा दिया. बेटी के इस साहसिक कदम को देखकर परिवार के साथ-साथ मोहल्ले के लोग भी भावुक हो गए.
हादसे में गंवा दिया था एक हाथ, फिर भी नहीं मानी हार
ब्राह्मनपुरी निवासी निमिष गुप्ता हार्डवेयर कारोबारी थे. करीब 15 वर्ष पहले एक सड़क हादसे में उन्होंने अपना एक हाथ गंवा दिया था. इसके बावजूद उन्होंने जिंदगी से हार नहीं मानी. उन्होंने एक हाथ से ही गाड़ी चलाना सीखा और अपने कारोबार को संभालते रहे. उन्होंने अपनी दोनों बेटियों निमि और कनिष्का को बेहतर शिक्षा दिलाने में भी कोई कमी नहीं छोड़ी. दोनों बेटियां दिल्ली में रहकर पढ़ाई कर रही हैं. परिवार में उनकी पत्नी श्वेता भी हैं.
कारखाने में पेटी उठाने के दौरान बिगड़ी तबीयत
परिजनों के मुताबिक, करीब छह दिन पहले निमिष अपने कारखाने में थे. उस समय स्टाफ नहीं आया था. उन्होंने एक हाथ से हार्डवेयर की पेटी उठाकर दूसरी जगह रखने की कोशिश की. इसी दौरान उनकी रीढ़ की हड्डी में खिंचाव हुआ और खून निकलने लगा. इसके बाद उनकी हालत बिगड़ने लगी और पैरालाइसिस जैसे लक्षण दिखाई देने लगे. परिजन उन्हें रामघाट रोड स्थित एक निजी नर्सिंग होम लेकर पहुंचे. डॉक्टरों ने उनकी हालत गंभीर बताई और इलाज शुरू किया.
इलाज के दौरान हुई मौत
निमिष का इलाज चल रहा था, लेकिन सोमवार रात उनकी मौत हो गई. पिता की मौत की खबर से परिवार में मातम पसर गया. दिल्ली में पढ़ाई कर रही बड़ी बेटी निमि भी घर पहुंचीं और मंगलवार को पिता की अंतिम यात्रा में शामिल हुईं. जब उन्होंने खुद पिता की अर्थी को कंधा दिया तो वहां मौजूद लोगों की आंखें भर आईं. लोगों ने निमि के साहस और अपने पिता के प्रति उनके जज्बे की सराहना की.
Also Read : यूपी में महिलाओं को योगी सरकार देगी 20 हजार, तो अखिलेश ने किया ऐलान, सपा सरकार आई तो देंगे 40 हजार रुपये
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए









