गंगा बैराज से छोड़ा गया 2.85 लाख क्यूसेक पानी, उन्नाव में बढ़ा बाढ़ का खतरा, यूपी के 176 गांव में अलर्ट

Updated:
विज्ञापन

2.85 लाख क्यूसेक पानी छोड़ा, गंगा के उफान से उन्नाव के 176 गांव अलर्ट

UP Flood : गंगा बैराज से भारी मात्रा में पानी छोड़े जाने के कारण उन्नाव में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है. 176 गांवों को अलर्ट पर रखा गया है और प्रशासन ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं. जानें जलस्तर की वर्तमान स्थिति और बचाव के उपाय.

विज्ञापन

UP Flood: उन्नाव में गंगा का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है. गंगा बैराज से छोड़े जा रहे पानी की मात्रा बढ़ने से कटरी क्षेत्र में बाढ़ का खतरा गहरा गया है. बुधवार को बैराज से 2,85,077 क्यूसेक पानी छोड़ा गया. इसके बाद उन्नाव का गोताखोर मोहल्ला बाढ़ की चपेट में आ गया. प्रशासन ने जिले के 176 गांवों में अलर्ट जारी किया है. गंगा बैराज पर नदी का जलस्तर चेतावनी बिंदु से महज 49 सेंटीमीटर नीचे है. वहीं, शुक्लागंज गेज पर गंगा चेतावनी बिंदु से 88 सेंटीमीटर नीचे बह रही हैं. हालात को देखते हुए प्रशासन ने बाढ़ चौकियों और राहत शिविरों की संख्या बढ़ा दी है.

दस दिन से 2.5 लाख क्यूसेक से ज्यादा पानी छोड़ा जा रहा

गंगा बैराज से पिछले दस दिनों से लगातार 2.5 लाख क्यूसेक से अधिक पानी छोड़ा जा रहा है. बुधवार को पानी का डिस्चार्ज बढ़कर 2,85,077 क्यूसेक पहुंच गया.पानी का बहाव बढ़ने से कटरी क्षेत्र में भी इसका असर दिखाई देने लगा है. कई इलाकों में पानी फैलना शुरू हो गया है. गोताखोर मोहल्ले में भी बाढ़ का पानी पहुंच चुका है. प्रशासन की टीमें लगातार जलस्तर की निगरानी कर रही हैं.

चमोली में बादल फटने के बाद गंगा किनारे के जिलों में अलर्ट

सोमवार शाम चमोली में बादल फटने के बाद गंगा के मार्ग में आने वाले प्रमुख जिलों के लिए अलर्ट जारी किया गया था. हरिद्वार बैराज से बड़ी मात्रा में पानी आने की आशंका जताई गई थी.इसी वजह से हरिद्वार बैराज में रिजर्व रखा पानी भी छोड़ा जा रहा था. हालांकि, बुधवार को पानी की आवक कम होने के बाद रिजर्व पानी छोड़ना बंद कर दिया गया.

उन्नाव में छह बाढ़ चौकियां बढ़ीं, अब 35 पर पहुंची संख्या

गंगा का जलस्तर बढ़ने के बाद प्रशासन ने उन्नाव में छह नई बाढ़ चौकियां बढ़ाई हैं. अब जिले में कुल 35 बाढ़ चौकियां हो गई हैं.बाढ़ राहत शिविरों की संख्या भी 90 से बढ़ाकर 101 कर दी गई है. एनडीआरएफ को अलर्ट कर दिया गया है. प्रशासन ने संभावित बाढ़ की स्थिति से निपटने के लिए तैयारियां तेज कर दी हैं.

176 गांवों पर विशेष नजर, 121 नाव और 60 गोताखोर तैनात

कटरी क्षेत्र में पानी का फैलाव शुरू होने के बाद गांवों में चेतावनी जारी की गई है. जिले के 176 गांवों में विशेष अलर्ट किया गया है.इनमें सदर तहसील के 54, घाटमपुर के 58, बिल्हौर के 51 और नर्वल के 12 गांव शामिल हैं. किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए जिले में 121 नाव और 60 गोताखोर तैनात किए गए हैं.बाढ़ चौकियों की बात करें तो सदर तहसील में 7, घाटमपुर में 16, बिल्हौर में 9 और नर्वल में 3 चौकियां बनाई गई हैं.

101 बाढ़ शरणालय तैयार, राहत सामग्री भी जुटाई

प्रशासन ने बाढ़ प्रभावित लोगों के लिए 101 शरणालय तैयार किए हैं. सदर तहसील में 7, घाटमपुर में 16, बिल्हौर में 66 और नर्वल में 12 बाढ़ शरणालय तैयार हैं.बचाव के लिए 326 लाइफ जैकेट, 163 लाइफ ब्वाय, 163 किलोग्राम रस्सी, 163 टॉर्च, 12 पतवार और 12 बांस भी मंगा लिए गए हैं.

प्रशासन की नजर जलस्तर पर

एडीएम फाइनेंस विवेक चतुर्वेदी ने बताया कि तहसील की टीमें लगातार बढ़ते जलस्तर की निगरानी कर रही हैं. उन्होंने कहा कि अभी खतरे की स्थिति नहीं है, लेकिन कटरी के गांवों को सतर्क कर दिया गया है.प्रशासन के अनुसार बाढ़ से निपटने के लिए सभी जरूरी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं. जिले में 35 बाढ़ चौकियां और 101 राहत शिविर तैयार हैं. जलस्तर में किसी भी तरह की बढ़ोतरी होने पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी.

Must Read : 80 से ज्यादा एनकाउंटर, STF-ATS के संस्थापक सदस्य कौन हैं पूर्व IPS राजेश पांडेय, जो राम मंदिर ट्रस्ट के CEO की रेस में आगे?


विज्ञापन
खुशी सिंह

लेखक के बारे में

By खुशी सिंह

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola