लखनऊ में 'बच्चा दो, मकान लो' का सनसनीखेज मामला, डॉक्टरों ने बनाए फर्जी कागजात, नवजात सौदे की जांच तेज
नवजात सौदे का सनसनीखेज आरोप (AI सांकेतिक तस्वीर)
UP News: लखनऊ में 'बच्चा दो, मकान लो' का सनसनीखेज मामला उजागर हुआ है. एक मजदूर महिला ने सरकारी कर्मचारी को अपना नवजात बच्चा सौंप दिया, जिसके बदले मकान बनवाने का आरोप है. सेंट मैरी पॉलीक्लीनिक अस्पताल के डॉक्टरों पर फर्जी दस्तावेज तैयार करने का भी आरोप है, पुलिस जांच कर रही है.
UP News: लखनऊ में नवजात बच्चे की कथित खरीद-फरोख्त का मामला सामने आया है. आरोप है कि एक मजदूर महिला ने मकान बनवाने के बदले अपना नवजात बच्चा सरकारी विभाग के एक कर्मचारी को सौंप दिया. मामले में कुर्सी रोड स्थित सेंट मैरी पॉलीक्लीनिक अस्पताल के डॉक्टरों और कर्मचारियों पर फर्जी दस्तावेज तैयार कर बच्चे को कर्मचारी और उसकी पत्नी के नाम सौंपने का भी आरोप है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.
अस्पताल में छापेमारी, दस्तावेजों की हुई जांच
सोमवार देर रात सूचना मिलने पर गुडंबा पुलिस, चाइल्ड लाइन और एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (एएचटीयू) की टीम ने कुर्सी रोड स्थित सेंट मैरी पॉलीक्लीनिक अस्पताल में छापेमारी की. टीम ने हाल में जन्मे बच्चों से जुड़े दस्तावेजों की जांच शुरू की. जांच के दौरान मिली जानकारी के आधार पर पुलिस शांति विहार निवासी आरती देवी के घर पहुंची.
मकान बनवाने के बदले बच्चा देने का आरोप
पूछताछ में आरती देवी ने बताया कि उसने अपना नवजात बच्चा सरकारी विभाग के एक कर्मचारी और उसकी पत्नी को दे दिया है. आरोप है कि कर्मचारी की कोई संतान नहीं थी और दोनों के बीच मकान बनवाने के बदले बच्चा सौंपने की सहमति बनी थी. जांच में यह भी सामने आया कि अस्पताल की डॉक्टर शालू, डॉक्टर विनोद और अन्य कर्मचारियों ने कथित तौर पर कर्मचारी और उसकी पत्नी के नाम पर बच्चे के फर्जी दस्तावेज तैयार किए, जिसके बाद बच्चा उन्हें सौंप दिया गया.
पुलिस ने सभी पक्षों से शुरू की पूछताछ
पुलिस आरती देवी, सरकारी कर्मचारी के परिजनों और अस्पताल के डॉक्टरों व कर्मचारियों को गुडंबा थाने ले गई, जहां देर रात तक पूछताछ की गई. गुडंबा थाना प्रभारी अंजनी कुमार मिश्रा ने बताया कि अस्पताल की ओर से फर्जी दस्तावेज तैयार किए जाने की बात सामने आई है. पूरे मामले की जांच की जा रही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By Komal Agarwal
कोमल अग्रवाल पिछले तीन वर्षों से पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और वर्तमान में प्रभात खबर में डिजिटल पत्रकार के रूप में कार्यरत हैं. वे डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और विभिन्न विषयों पर समाचार एवं लेख लिखती हैं. इससे पहले उन्होंने प्रिंट और डिजिटल मीडिया में इंटर्नशिप एवं कार्य अनुभव प्राप्त किया है, जहां उन्होंने रिपोर्टिंग, कंटेंट राइटिंग, सोशल मीडिया मैनेजमेंट और वीडियो एडिटिंग जैसे क्षेत्रों में काम किया. उन्होंने पटना विमेंस कॉलेज से जनसंचार एवं पत्रकारिता की पढ़ाई की है. कोमल तथ्यपरक, विश्वसनीय और पाठक-केंद्रित पत्रकारिता में विश्वास रखती हैं तथा सरल, सटीक और प्रभावी समाचार लेखन को प्राथमिकता देती हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










