अब घर बैठे जमा होगा प्रॉपर्टी टैक्स और बनेगा बर्थ-डेथ सर्टिफिकेट, जानिए UP के नए ‘ई-नगर सेवा पोर्टल’ की खासियतें
UP के नए ‘ई-नगर सेवा पोर्टल’ (AI सांकेतिक तस्वीर)
UP News: उत्तर प्रदेश में नगर सेवाओं को एक ही मंच पर लाया जा रहा है. नया ई-नगर सेवा पोर्टल जल्द ही लॉन्च होगा, जिससे आप प्रॉपर्टी टैक्स जमा करने, संपत्ति के दाखिल-खारिज (म्यूटेशन) कराने और जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र के लिए आवेदन कर सकेंगे. यह सुविधा आम जनता के लिए प्रक्रियाओं को आसान बनाएगी.
UP News: उत्तर प्रदेश में नगर निकायों से जुड़ी सेवाओं को एक ही मंच पर उपलब्ध कराने की तैयारी पूरी हो गई है. लखनऊ समेत पूरे प्रदेश के लोग अब एकीकृत ई-नगर सेवा पोर्टल के माध्यम से प्रॉपर्टी टैक्स जमा कर सकेंगे. नगर निकाय विभाग के अनुसार, यह सुविधा अगले 45 दिनों के भीतर शुरू होने की संभावना है. इसी पोर्टल पर संपत्ति के दाखिल-खारिज (म्यूटेशन) की प्रक्रिया भी पूरी की जा सकेगी.
ई-नगर सेवा पोर्टल पर अपलोड हो रहा संपत्तियों का डेटा
नगर निगम के मुख्य कर निर्धारण अधिकारी अशोक सिंह ने बताया कि आम जनता को बेहतर सुविधा देने के उद्देश्य से नगर निकाय विभाग ने यह व्यवस्था विकसित की है. फिलहाल नगर निगम लखनऊ की ओर से संपत्तियों का विवरण ई-नगर सेवा यूपी पोर्टल पर अपलोड किया जा रहा है. अब तक 7 लाख 68 हजार 789 संपत्तियों का रिकॉर्ड अपलोड किया जा चुका है, जबकि करीब 41 हजार संपत्तियों का डेटा अगले दो दिनों में अपलोड करने का लक्ष्य है.
एक ही पोर्टल पर मिलेंगी कई नागरिक सेवाएं
अधिकारियों के मुताबिक, डेटा अपलोड का कार्य पूरा होने के लगभग 45 दिनों बाद नागरिक इसी पोर्टल के माध्यम से प्रॉपर्टी टैक्स जमा करने के साथ-साथ म्यूटेशन की सुविधा भी ले सकेंगे. इसके अलावा सरकार वन विंडो क्लियरेंस व्यवस्था को मजबूत करते हुए इसी प्लेटफॉर्म पर ट्रेड लाइसेंस, पानी और सीवेज कनेक्शन, खाद्य एनओसी, फायर एनओसी और ट्यूबवेल लगाने की एनओसी जैसी सेवाएं भी उपलब्ध कराने की तैयारी कर रही है.
जन्म-मृत्यु प्रमाणपत्र के लिए भी होगा आवेदन
ई-नगर सेवा पोर्टल के माध्यम से नागरिक जन्म और मृत्यु प्रमाणपत्र के लिए भी आवेदन कर सकेंगे. वहीं, लखनऊ नगर निगम की वेबसाइट https://lmc.up.nic.in/ पर भी इस पोर्टल का लिंक उपलब्ध रहेगा, जहां से आवेदक सीधे ई-नगर सेवा पोर्टल पर पहुंच सकेंगे. अधिकारियों का कहना है कि इस एकीकृत प्लेटफॉर्म का उद्देश्य नागरिकों को विभिन्न सेवाओं के लिए अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत देना है.
Must Read- अपनी सीट भी नहीं जिता पाए भाजपा नेता! चुनावी नतीजों के बाद अखिलेश यादव बोले– "यह बदलाव की शुरुआत है"
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By Komal Agarwal
कोमल अग्रवाल पिछले तीन वर्षों से पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और वर्तमान में प्रभात खबर में डिजिटल पत्रकार के रूप में कार्यरत हैं. वे डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और विभिन्न विषयों पर समाचार एवं लेख लिखती हैं. इससे पहले उन्होंने प्रिंट और डिजिटल मीडिया में इंटर्नशिप एवं कार्य अनुभव प्राप्त किया है, जहां उन्होंने रिपोर्टिंग, कंटेंट राइटिंग, सोशल मीडिया मैनेजमेंट और वीडियो एडिटिंग जैसे क्षेत्रों में काम किया. उन्होंने पटना विमेंस कॉलेज से जनसंचार एवं पत्रकारिता की पढ़ाई की है. कोमल तथ्यपरक, विश्वसनीय और पाठक-केंद्रित पत्रकारिता में विश्वास रखती हैं तथा सरल, सटीक और प्रभावी समाचार लेखन को प्राथमिकता देती हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










