बुलंदशहर में लेनदेन के विवाद ने लिया खूनी मोड़, फायरिंग और गाड़ी से कुचलने में दो की मौत

घटनास्थल की जांच जारी (AI सांकेतिक तस्वीर)
UP News: बुलंदशहर के निजामपुर गांव में पैसों के लेनदेन को लेकर दो पक्षों के बीच हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया, जिसमें दो लोगों की मौत हो गई और दो अन्य घायल हो गए. वारदात के बाद इलाके में तनाव का माहौल है.
UP Crime News: उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले के निजामपुर गांव में पैसों के लेनदेन को लेकर दो पक्षों के बीच चल रहा विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया. पहले दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई, लेकिन देखते ही देखते मामला मारपीट, फायरिंग और हिंसा तक पहुंच गया. इस घटना में दो लोगों की जान चली गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए. वारदात के बाद इलाके में तनाव का माहौल है और एहतियातन पुलिस बल तैनात किया गया है.
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, विवाद के दौरान दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और कई राउंड गोलियां चलीं. अचानक हुई फायरिंग से गांव में अफरा-तफरी मच गई. लोग अपनी सुरक्षा के लिए घरों में छिप गए और पूरे इलाके में दहशत फैल गई.
एक की गोली लगने से, दूसरे की कुचलने से मौत
पुलिस के अनुसार, संघर्ष के दौरान अजब सिंह को गोली लगी. गंभीर हालत में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई. वहीं दूसरे पक्ष के सोनू की मौत वाहन से कुचलने के कारण हुई. शुरुआती जांच में सामने आया है कि अजब सिंह के समर्थकों ने कथित तौर पर सोनू को गाड़ी से टक्कर मारी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई. घटना में रतन और अरविंद भी घायल हुए हैं और उनका जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है.
पुराना आर्थिक विवाद बना हिंसा की वजह
प्राथमिक जांच में पुलिस को पता चला है कि दोनों पक्षों के बीच काफी समय से पैसों के लेनदेन को लेकर विवाद चल रहा था. इसी रंजिश ने हिंसक रूप ले लिया. फिलहाल पुलिस यह भी जांच कर रही है कि गोलीबारी की शुरुआत किस पक्ष ने की और पूरे घटनाक्रम में किसकी क्या भूमिका रही.
वरिष्ठ अधिकारी पहुंचे, जांच तेज
घटना की जानकारी मिलते ही बुलंदशहर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार सिंह समेत कई पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे. मेरठ जोन के एडीजी भानु भास्कर और मेरठ रेंज के डीआईजी कलानिधि नैथानी ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर हालात का जायजा लिया. अधिकारियों ने मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए.
आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित
पुलिस ने बताया कि घटना में शामिल आरोपियों की पहचान की जा रही है. उनकी गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमें बनाई गई हैं. गांव में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात है और पूरे मामले की गहन जांच जारी है. जांच पूरी होने के बाद दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
Also Read: यूपी के कई जिलों में आज-कल मूसलाधार बारिश और आंधी की चेतावनी, IMD ने जारी किया अलर्ट
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By Khushboo Kumari
खुशबू कुमारी पिछले तीन वर्षों से पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और वर्तमान में प्रभात खबर में डिजिटल कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं. उन्होंने पटना विमेंस कॉलेज, से मास कम्युनिकेशन में स्नातक किया है तथा वर्तमान में इग्नू से मास्टर ऑफ आर्ट्स (मास कम्युनिकेशन एंड डिजिटल मीडिया) की पढ़ाई कर रही हैं. उन्हें जनहित से जुड़ी खबरों, डिजिटल पत्रकारिता, समाचार लेखन, फोटोग्राफी, वीडियो एडिटिंग और ग्राफिक डिजाइन में विशेष रुचि है. वे राजनीति, शिक्षा, प्रशासन, सामाजिक मुद्दों, अपराध और जनसरोकार से जुड़े विषयों पर शोधपरक, तथ्यपरक और पाठकों के लिए उपयोगी डिजिटल कंटेंट तैयार करती हैं. उनका उद्देश्य पाठकों तक विश्वसनीय, स्पष्ट और प्रभावी जानकारी पहुंचाना है, ताकि समाचार केवल सूचना का माध्यम न होकर समाज के लिए उपयोगी साबित हों.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










