CM योगी ने गाजियाबाद को दी 868 करोड़ की सौगात, बोले- 2017 के बाद बदली प्रदेश की तस्वीर, अब नहीं रुक सकती कांवड़ यात्रा

Updated:
विज्ञापन
सीएम योगी आदित्यनाथ

सीएम योगी आदित्यनाथ

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गाजियाबाद को 868 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात दी है. इस दौरान उन्होंने पूर्व मंत्री राजपाल त्यागी को याद किया और गाजियाबाद की बदली तस्वीर पर प्रकाश डाला. उन्होंने कहा कि 2017 के बाद प्रदेश में विकास की गति तेज हुई है.

विज्ञापन

UP News: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को गाजियाबाद जिले को 868 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात दी। इस दौरान मुख्यमंत्री योगी ने विभिन्न विकास कार्यों का शिलान्यास और लोकार्पण किया। कार्यक्रम के दौरान सीएम योगी ने उत्तर प्रदेश के पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वर्गीय राजपाल त्यागी की प्रतिमा का अनावरण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस मौके पर उनके बेटे और विधायक अजितपाल त्यागी, बड़े बेटे गिरीशपाल त्यागी सहित परिवार के अन्य सदस्य मौजूद रहे।

राजपाल त्यागी को सीएम योगी ने किया याद

मंच से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पूर्व मंत्री राजपाल त्यागी को याद करते हुए कहा कि जब राजनीति जनता की सेवा का माध्यम बनती है तो नेता हमेशा लोगों के दिलों में जगह बनाता है। राजपाल त्यागी छह बार विधायक रहे, जिनमें दो बार उन्होंने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में जीत दर्ज की थी। वह क्षेत्र के लोकप्रिय जनप्रतिनिधि थे। उन्होंने कहा कि ऐसे जनसेवकों का योगदान समाज हमेशा याद रखता है।

गाजियाबाद की बदली तस्वीर, पहले गुंडागर्दी पर बनती थीं फिल्में

मुख्यमंत्री ने कहा कि गाजियाबाद आज विकास की नई पहचान बना रहा है। कभी प्रदेश द्वार कहे जाने वाले इस जिले की स्थिति अलग थी। यहां की गुंडागर्दी और कानून व्यवस्था पर फिल्में तक बनती थीं। उन्होंने कहा कि आज गाजियाबाद में बेहतर सड़कें, साफ-सफाई व्यवस्था और आधुनिक परिवहन सुविधाएं विकसित हो रही हैं। पहली रैपिड रेल का संचालन भी इसी क्षेत्र से शुरू हुआ। उन्होंने कहा कि पहले की सरकारों ने 32 हजार करोड़ रुपये के प्रोजेक्ट को रोक दिया था, लेकिन 2017 के बाद प्रदेश में विकास की गति तेज हुई।

'पहले शासन करने वाले 12 बजे उठते थे'

सीएम योगी ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि 2017 से पहले प्रदेश में शासन व्यवस्था अलग थी। पहले शासन करने वाले लोग दोपहर 12 बजे उठते थे, फिर जिम जाते थे और उसके बाद मंडलियां बैठती थीं। ऐसे माहौल में प्रदेश का विकास प्रभावित हुआ। उन्होंने कहा कि आज सुरक्षा, सुशासन और विकास के कारण उत्तर प्रदेश नई पहचान बना रहा है।

कांवड़ यात्रा पर बोले- अब कोई रोक नहीं सकता

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कांवड़ यात्रा का जिक्र करते हुए कहा कि पहले की सरकारें कांवड़ यात्रा को लेकर डर का माहौल बनाती थीं और रिपोर्ट में कहा जाता था कि इससे दंगे हो सकते हैं। उन्होंने कहा कि जब हमारी सरकार आई तो अधिकारियों ने भी आशंकाएं जताईं। मैंने कहा कि आप चिंता मत करिए, व्यवस्था हम करेंगे। आज देश की सबसे बड़ी कांवड़ यात्रा हरिद्वार से निकलकर गाजियाबाद होते हुए जाती है और लाखों श्रद्धालु इसमें शामिल होते हैं। उन्होंने कहा कि आस्था का सम्मान होगा, लेकिन अनुशासन बनाए रखना भी जरूरी है।

दूधेश्वरनाथ मंदिर में बनेगा कॉरिडोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि गाजियाबाद के प्रसिद्ध दूधेश्वरनाथ मंदिर में कॉरिडोर का निर्माण कराया जा रहा है। धार्मिक स्थलों के विकास के साथ-साथ उनकी व्यवस्थाओं को बेहतर किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि विकास तभी संभव होता है, जब सरकार के पास निर्णय लेने की क्षमता हो। आज मेरठ से दिल्ली की दूरी कम हुई है, नोएडा में इंटरनेशनल एयरपोर्ट बन रहा है, यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में फिल्म सिटी विकसित हो रही है और कई बड़े एक्सप्रेसवे तैयार किए जा रहे हैं।

कृषि विभाग के स्टॉल का किया निरीक्षण

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों की ओर से लगाए गए प्रदर्शनी स्टॉलों का निरीक्षण किया। कृषि विभाग के स्टॉल पर उप कृषि निदेशक आशीष कुमार सिंह ने मुख्यमंत्री को किसान हितैषी योजनाओं की जानकारी दी। उन्हें सोलर लाइट ट्रैप, कीट प्रबंधन तकनीक और श्री अन्न (मिलेट्स) के उत्पादन व उपयोग के फायदे बताए गए। मुख्यमंत्री ने कृषि विभाग के नवाचारों की सराहना करते हुए प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण और मिलेट्स को बढ़ावा देने पर जोर दिया।

शामली और बिजनौर को भी मिली विकास परियोजनाओं की सौगात

गाजियाबाद दौरे से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शामली और बिजनौर में भी विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। शामली में उन्होंने 617.70 करोड़ रुपये की 90 परियोजनाओं और बिजनौर में 1003 करोड़ रुपये की 76 परियोजनाओं की सौगात दी। मुख्यमंत्री के लगातार दौरों और विकास योजनाओं को आगामी विधानसभा चुनावों से पहले प्रदेश में विकास एजेंडे को मजबूत करने की रणनीति के तौर पर भी देखा जा रहा है।

यह भी पढ़ें: रिक्शा चलाकर बेटे को डॉक्टर बनाया, फिर एक पल में उजड़ गया परिवार


विज्ञापन
Tilak Kumar

लेखक के बारे में

By Tilak Kumar

तिलक कुमार पिछले 14 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. उन्हें प्रिंट और डिजिटल मीडिया में रिपोर्टिंग का व्यापक अनुभव है. अमर उजाला, प्रभात खबर, जनसंदेश टाइम्स और राष्ट्रीय सहारा जैसे प्रतिष्ठित समाचार संस्थानों में क्राइम रिपोर्टर के रूप में कार्य कर चुके हैं. अपराध, राजनीति और हाइपरलोकल पत्रकारिता उनकी विशेष रुचि और विशेषज्ञता के क्षेत्र हैं. मैदानी रिपोर्टिंग के दौरान उन्होंने कई महत्वपूर्ण और प्रभावशाली खबरों को पाठकों तक पहुंचाया है. जमीनी मुद्दों की गहरी समझ और तथ्यों पर आधारित रिपोर्टिंग उनकी पहचान रही है. वर्तमान में वह प्रभात खबर की डिजिटल टीम के साथ जुड़े हुए हैं और उत्तर प्रदेश की राजनीति, अपराध तथा जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों पर लगातार लेखन और रिपोर्टिंग कर रहे हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola