अग्निवीर भर्ती, लिखित परीक्षा का रिजल्ट जारी, वाराणसी ARO के 22,138 अभ्यर्थी सफल

अग्निवीर भर्ती लिखित परीक्षा परिणाम। (AI सांकेतिक तस्वीर)
UP News: भारतीय सेना ने अग्निवीर कॉमन एंट्रेंस एग्जाम 2026 का रिजल्ट जारी कर दिया है, जिसमें वाराणसी ARO से 22,138 अभ्यर्थी सफल हुए हैं. सफल उम्मीदवार अब भर्ती प्रक्रिया के अगले चरणों में शामिल होंगे.
UP News: भारतीय सेना ने अग्निवीर कॉमन एंट्रेंस एग्जाम (CEE) 2026 का रिजल्ट जारी कर दिया है. सेना भर्ती कार्यालय (ARO) वाराणसी के अंतर्गत 22,138 अभ्यर्थियों ने लिखित परीक्षा में सफलता हासिल की है. अब सफल उम्मीदवारों को भर्ती प्रक्रिया के अगले चरण में शामिल होना होगा, जिसमें शारीरिक दक्षता परीक्षा, शारीरिक माप, दस्तावेज सत्यापन और मेडिकल परीक्षण शामिल हैं.
सेना भर्ती कार्यालय वाराणसी के निदेशक कर्नल शैलेश कुमार ने बताया कि ऑनलाइन लिखित परीक्षा का परिणाम रविवार को घोषित किया गया. उन्होंने कहा कि सफल अभ्यर्थी भर्ती प्रक्रिया के अगले चरण से जुड़ी सभी सूचनाओं और कार्यक्रम के लिए भारतीय सेना की आधिकारिक वेबसाइट पर नियमित रूप से नजर बनाए रखें.
विभिन्न श्रेणियों में इतने अभ्यर्थी सफल
वाराणसी ARO के तहत अग्निवीर जनरल ड्यूटी श्रेणी में 13,917 अभ्यर्थी सफल हुए हैं. इसके अलावा अग्निवीर टेक्निकल के 3,596, ऑफिस असिस्टेंट एवं स्टोर कीपर टेक्निकल (क्लर्क) के 1,674, अग्निवीर ट्रेड्समैन के 1,914, ट्रेड्समैन (8वीं पास) के 477, सोल्जर नर्सिंग असिस्टेंट के 445 और महिला सैन्य पुलिस के 115 अभ्यर्थियों ने लिखित परीक्षा पास की है.
1.08 लाख से अधिक अभ्यर्थियों ने कराया था पंजीकरण
इस भर्ती के लिए वाराणसी, जौनपुर, गाजीपुर, चंदौली, बलिया, मऊ, आजमगढ़, भदोही, मिर्जापुर, सोनभद्र, देवरिया और गोरखपुर समेत कई जिलों के करीब 1.08 लाख अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया था. ऑनलाइन कॉमन एंट्रेंस एग्जाम (CEE) का आयोजन 1 से 12 जून के बीच वाराणसी और गोरखपुर के परीक्षा केंद्रों पर किया गया था.
अब होगी फिजिकल, मेडिकल और दस्तावेज सत्यापन की प्रक्रिया
लिखित परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों को अब फिजिकल फिटनेस टेस्ट (PFT), फिजिकल मेजरमेंट टेस्ट (PMT), दस्तावेज सत्यापन, मेडिकल परीक्षण और जहां लागू हो वहां एडॉप्टेबिलिटी टेस्ट से गुजरना होगा. प्रारंभिक कार्यक्रम के अनुसार शारीरिक पात्रता परीक्षा अगले वर्ष जनवरी या फरवरी में आयोजित की जा सकती है.
ऐसे चेक करें रिजल्ट
अभ्यर्थी भारतीय सेना की आधिकारिक वेबसाइट joinindianarmy.nic.in पर जाकर अपना रिजल्ट देख सकते हैं. वेबसाइट पर अपने Recruitment Zone या Army Recruitment Office (ARO) का चयन कर मेरिट लिस्ट PDF डाउनलोड करें. इसके बाद PDF में अपना रोल नंबर सर्च कर चयन की स्थिति देखी जा सकती है.
मेरिट लिस्ट में मिलेगी ये जानकारी
मेरिट लिस्ट में चयनित अभ्यर्थियों का रोल नंबर, रजिस्ट्रेशन नंबर, श्रेणी, संबंधित ARO, आवेदन किया गया ट्रेड, चयन की स्थिति और आगे की भर्ती प्रक्रिया से जुड़ी आवश्यक जानकारी दी गई है.
Also Read: यूपी में फिर कोरोना की दस्तक, BHU में 27 वर्षीय युवक भर्ती, डॉक्टरों ने बढ़ाई सतर्कता
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










