यूपी में बीजेपी को चुनौती देगी करणी सेना, 50-70 सीटों पर चुनाव लड़ने का ऐलान, अम्मू बोले- घमंड चूर करेंगे
करणी सेना प्रमुख सूरजपाल सिंह अम्मू
विधानसभा चुनाव से पहले उत्तर प्रदेश की सियासत में नया मोड़ आ गया है. करणी सेना ने चुनावी मैदान में उतरने का ऐलान किया है. पार्टी के अध्यक्ष सूरजपाल सिंह अम्मू ने कहा कि वे 50 से 70 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतार सकते हैं.
UP News : उत्तर प्रदेश की सियासत में विधानसभा चुनाव से पहले एक और सियासी मोर्चा खुलता नजर आ रहा है. करणी सेना ने यूपी विधानसभा चुनाव में उतरने का ऐलान किया है. करणी सेना अध्यक्ष सूरजपाल सिंह अम्मू ने लखनऊ में आयोजित एक बैठक में कहा कि उनकी पार्टी प्रदेश की 50 से 70 विधानसभा सीटों पर अपने उम्मीदवार उतार सकती है. अम्मू ने आरक्षण, राम मंदिर चढ़ावा चोरी और अखिलेश यादव के PDA को लेकर भी निशाना साधा. अम्मू ने किसी राजनीतिक दल या नेता का सीधे नाम लिए बिना सत्तारूढ़ बीजेपी पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि सत्ता में बैठे कुछ घमंडी लोगों का घमंड चूर किया जाएगा. करणी सेना के इस ऐलान को यूपी की चुनावी राजनीति में एक नए समीकरण की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है.
स्नातक MLC चुनाव में डॉ. स्मिता मिश्रा को समर्थन
लखनऊ में हुई बैठक के दौरान सूरजपाल सिंह अम्मू ने स्नातक MLC चुनाव को लेकर भी अपनी पार्टी का रुख स्पष्ट किया. उन्होंने कहा कि करणी सेना डॉ. स्मिता मिश्रा का समर्थन करेगी. अम्मू ने इस दौरान कई राजनीतिक और सामाजिक मुद्दों पर अपनी राय रखी. उन्होंने कहा कि करणी सेना आने वाले समय में किसानों और अन्य मुद्दों को लेकर भी सक्रिय भूमिका निभाएगी.
राम मंदिर चढ़ावा चोरी पर अम्मू का हमला
राम मंदिर में चढ़ावे की चोरी के मामले को लेकर भी करणी सेना प्रमुख ने नाराजगी जताई. उन्होंने कहा कि इस मामले में अभी तक केवल कर्मचारियों की गिरफ्तारी हुई है, जबकि आरएसएस और विश्व हिंदू परिषद से जुड़े लोगों पर भी सवाल उठाए. अम्मू ने कहा कि राम उनके आराध्य हैं और उनके आराध्य के घर में चोरी होना गंभीर मामला है. उन्होंने इस मामले में कार्रवाई को लेकर सवाल खड़े किए.
बांकीपुर और दतिया उपचुनाव का भी किया जिक्र
मीडिया से बातचीत के दौरान सूरजपाल अम्मू ने बिहार के बांकीपुर और मध्य प्रदेश के दतिया में हुए उपचुनावों का भी जिक्र किया. उन्होंने इन सीटों पर बीजेपी के प्रदर्शन को लेकर टिप्पणी करते हुए कहा कि यह जनता के विरोध को दर्शाता है. उन्होंने किसानों के मुद्दे पर भी बड़ा ऐलान किया. अम्मू ने कहा कि किसानों के हित में 21 सितंबर को सहारनपुर से दिल्ली तक पदयात्रा निकाली जाएगी.
आरक्षण को लेकर बोले- जरूरतमंद को ही मिले लाभ
आरक्षण के मुद्दे पर सूरजपाल सिंह अम्मू ने इसका विरोध करते हुए कहा कि आरक्षण का लाभ वास्तविक जरूरतमंद लोगों को मिलना चाहिए. उन्होंने कहा कि गरीब किसी भी जाति का हो सकता है, चाहे वह ब्राह्मण हो या बनिया. उन्होंने कहा कि आरक्षण का आधार जरूरतमंद व्यक्ति होना चाहिए और इसका लाभ उसी को मिलना चाहिए, जिसे वास्तव में इसकी आवश्यकता है.
अखिलेश यादव के PDA पर भी साधा निशाना
सपा प्रमुख अखिलेश यादव के PDA (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) फॉर्मूले पर भी अम्मू ने निशाना साधा. उन्होंने PDA की अपनी अलग व्याख्या करते हुए पंडित समाज का जिक्र किया. अम्मू ने सपा सरकार के दौर के कथित नारों का हवाला देते हुए अखिलेश यादव पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि उनकी सरकार के दौरान ठाकुर समाज को लेकर भी टिप्पणियां की गईं. उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का जिक्र करते हुए कहा कि "ठाकुरों की सरकार है और योगी जी बगैर मूंछ वाले ठाकुर हैं."
50-70 सीटों पर उम्मीदवार उतारने से बढ़ेगी सियासी हलचल
करणी सेना के 50 से 70 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने के ऐलान के बाद यूपी की सियासत में हलचल बढ़ सकती है. हालांकि, पार्टी किन सीटों पर उम्मीदवार उतारेगी और उसका चुनावी गठजोड़ किसके साथ होगा, इसको लेकर अभी तस्वीर साफ नहीं है.
Also Read : पति से हुआ विवाद… महिला सिपाही ने खाया सल्फास, इलाज के दौरान मौत
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










