350 किसानों की खुलेगी किस्मत! नोएडा में 5% कोटे के प्लॉट का दीवाली से पहले होगा ड्रा
विकास कार्यों के बीच विरोध और प्रदर्शन का माहौल
नोएडा के किसानों के लिए अच्छी खबर है. लंबे समय से 5% कोटे के प्लॉट का इंतजार कर रहे 350 से अधिक किसानों को दिवाली से पहले प्लॉट मिल सकते हैं. प्राधिकरण ने जमीन चिन्हित कर ली है और विवाद से बचने के लिए ड्रॉ सिस्टम लागू किया जाएगा.
UP News : नोएडा के उन किसानों के लिए बड़ी खबर है, जो लंबे समय से 5 प्रतिशत कोटे के तहत मिलने वाले प्लॉट का इंतजार कर रहे हैं. नोएडा प्राधिकरण अब लंबित भूखंडों के आवंटन की प्रक्रिया को तेजी से पूरा करने की तैयारी में है. प्राधिकरण का लक्ष्य है कि दिवाली से पहले 350 से ज्यादा पात्र किसानों को उनके प्लॉट आवंटित कर दिए जाएं. इसके लिए सेक्टर-146 समेत नोएडा के दूसरे सेक्टरों में जमीन चिन्हित कर ली गई है. खास बात यह है कि इस बार प्लॉट की लोकेशन को लेकर किसी तरह का विवाद न हो, इसके लिए आवंटन से पहले ड्रॉ कराया जाएगा. इसी ड्रॉ के जरिए तय होगा कि किस किसान को किस जगह का प्लॉट मिलेगा.
350 से ज्यादा किसानों को मिलेगा प्लॉट
प्राधिकरण अधिकारियों के मुताबिक, किसानों के 5 प्रतिशत कोटे के करीब 350 भूखंड अभी आवंटित किए जाने बाकी हैं. पात्र किसानों की सूची तैयार कर ली गई है और अब इन सभी लंबित मामलों को एक साथ निपटाने की तैयारी है. अधिकारियों का मानना है कि अगर हर किसान के मामले को अलग-अलग तरीके से निपटाया गया तो पूरी प्रक्रिया में काफी समय लग सकता है. इसलिए सभी पात्र किसानों की सूची तैयार करके एक साथ भूखंडों का आवंटन करने की योजना बनाई गई है.
ड्रॉ से तय होगी प्लॉट की लोकेशन
प्लॉट की लोकेशन को लेकर अक्सर विवाद की स्थिति बन जाती है. किसी किसान को कॉर्नर प्लॉट चाहिए तो कोई पार्क के सामने या चौड़ी सड़क पर स्थित भूखंड को प्राथमिकता देता है. इसी तरह 12 मीटर या उससे ज्यादा चौड़ी सड़क पर स्थित प्लॉट को लेकर भी अलग-अलग मांग सामने आती है. इसी तरह की स्थिति से बचने के लिए प्राधिकरण ने इस बार ड्रॉ के जरिए लोकेशन तय करने का फैसला किया है. ड्रॉ में जिस किसान के नाम जिस लोकेशन का प्लॉट निकलेगा, उसे वही भूखंड आवंटित किया जाएगा. अगर ड्रॉ में किसी किसान के नाम कॉर्नर प्लॉट आता है तो उसे वही प्लॉट मिलेगा. इसी तरह पार्क के सामने या 12 मीटर से ज्यादा चौड़ी सड़क पर स्थित भूखंड की लोकेशन भी ड्रॉ से ही तय होगी.
सभी लंबित मामलों का एक साथ होगा निस्तारण
प्राधिकरण की कोशिश है कि लंबे समय से अटके किसानों के मामलों को अब एक साथ खत्म किया जाए. इसके लिए पात्र किसानों की सूची तैयार की जा रही है. एक साथ आवंटन होने से प्रक्रिया को तेजी से पूरा करने में मदद मिलेगी और किसानों को लंबे इंतजार से राहत मिल सकेगी. अधिकारियों के मुताबिक, इस पूरी प्रक्रिया का मकसद यह है कि किसी किसान को प्लॉट की लोकेशन को लेकर आपत्ति या विवाद का सामना न करना पड़े और सभी पात्र किसानों को पारदर्शी तरीके से भूखंड मिल सके.
दिवाली से पहले आवंटन का लक्ष्य
ओएसडी क्रांति शेखर ने बताया कि किसानों के 5 प्रतिशत कोटे के लंबित भूखंडों के आवंटन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. पात्र किसानों की सूची तैयार की जा रही है और प्राधिकरण की कोशिश है कि दिवाली से पहले 350 से अधिक किसानों को भूखंड आवंटित कर दिए जाएं. उन्होंने बताया कि पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी रखने के लिए प्लॉट की श्रेणी और उसकी लोकेशन ड्रॉ के माध्यम से तय की जाएगी. इससे लंबे समय से लंबित आवंटन प्रक्रिया को पूरा करने के साथ ही लोकेशन को लेकर होने वाले विवादों से भी बचा जा सकेगा.
Also Read : यूपी में मानसून हुआ सुस्त! लखनऊ-कानपुर समेत इन शहरों में छिटपुट बारिश, जानें आज कैसा रहेगा मौसम
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए











