UP Mission 2027 को लेकर BJP का नया प्लान, नई टीम के साथ मिशन मोड में पार्टी, छह क्षेत्रों और सात मोर्चों की कमान तय

Updated:
विज्ञापन

मिशन 2027 के लिए यूपी भाजपा की नई टीम तैयार

Up News: उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनावों की तैयारियों के मद्देनजर, भारतीय जनता पार्टी ने अपनी नई टीम की घोषणा की है. प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने छह क्षेत्रों और सात मोर्चों के प्रभारियों की नियुक्ति की है. इस कदम से पार्टी संगठन को चुनावी रूप से और मजबूत करने की उम्मीद है.

विज्ञापन

Up News: लखनऊ, उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने संगठन को चुनावी तैयारियों के अनुरूप ढालना शुरू कर दिया है. प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने शनिवार को पार्टी के छह क्षेत्रों और सात मोर्चों के प्रभारियों की घोषणा की. नई सूची में 13 नए चेहरों को जगह मिली है. इसके साथ ही प्रदेश मुख्यालय से जुड़े महत्वपूर्ण दायित्व भी अलग-अलग नेताओं को सौंपे गए हैं.

छह क्षेत्रों में वरिष्ठ नेताओं को मिली जिम्मेदारी

भाजपा ने प्रदेश के पश्चिम, ब्रज, कानपुर, अवध, काशी और गोरखपुर क्षेत्रों के लिए प्रभारियों की नियुक्ति की है. प्रदेश महामंत्री रामप्रताप सिंह चौहान को पश्चिम, गीता शाक्य को ब्रज, शंकर लोधी को कानपुर, दिलीप पटेल को अवध और अभिजात मिश्र को गोरखपुर क्षेत्र का प्रभारी बनाया गया है. वहीं प्रदेश उपाध्यक्ष रमेश सिंह को काशी क्षेत्र की जिम्मेदारी मिली है. पार्टी की नई व्यवस्था में इन नेताओं के जरिए संबंधित क्षेत्रों में संगठनात्मक गतिविधियों को मजबूत करने पर जोर रहेगा.

सात मोर्चों के लिए भी प्रभारी घोषित

भाजपा ने अलग-अलग सामाजिक वर्गों तक संगठन की पहुंच बढ़ाने के लिए सात मोर्चों की जिम्मेदारी भी तय कर दी है. प्रदेश महामंत्री राजेश चौधरी को युवा मोर्चा, संजय राय को पिछड़ा मोर्चा और प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. धर्मेंद्र सिंह को अनुसूचित मोर्चा का प्रभारी बनाया गया है. इसके अलावा कामेश्वर सिंह को महिला मोर्चा, डॉ. प्रियंका रावत को अनुसूचित जनजाति मोर्चा, देवेश कोरी को अल्पसंख्यक मोर्चा और शंकर गिरी को किसान मोर्चा की जिम्मेदारी सौंपी गई है.

मुख्यालय से लेकर ‘मन की बात’ तक नई जिम्मेदारियां

प्रदेश संगठन को सुचारू रूप से चलाने के लिए मुख्यालय स्तर पर भी दायित्वों का बंटवारा किया गया है. पूर्व प्रदेश महामंत्री और एमएलसी गोविंद नारायण शुक्ल को मुख्यालय प्रभारी बनाया गया है. प्रदेश मंत्री यतेन्द्र शर्मा मीडिया प्रभारी होंगे. प्रदेश उपाध्यक्ष ब्रज बहादुर को विस्तारक योजना का संयोजक बनाया गया है. वहीं अर्चना मिश्रा को ‘मन की बात’ कार्यक्रम की संयोजक और राहुल वाल्मीकि को सह-संयोजक की जिम्मेदारी दी गई है.

2027 से पहले बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने की तैयारी

भाजपा की ओर से की गई इन नियुक्तियों को आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों से जोड़कर देखा जा रहा है. क्षेत्र प्रभारियों के माध्यम से जिलों और मंडलों में संगठन की गतिविधियों को गति देने की कोशिश होगी. वहीं मोर्चा प्रभारी युवा, महिला, किसान, पिछड़ा, अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और अल्पसंख्यक वर्गों के बीच पार्टी का संपर्क मजबूत करेंगे. नई टीम के सामने चुनाव से पहले संगठन को बूथ स्तर तक सक्रिय करने और कार्यकर्ताओं के बीच समन्वय बढ़ाने की चुनौती होगी.

यह भी पढ़े: गोरखपुर सपा का जोरदार प्रदर्शन, सीएम योगी पर साधा निशाना


विज्ञापन
शशांक शेखर मिश्रा

लेखक के बारे में

By शशांक शेखर मिश्रा

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola