घर में रोज बन रही थी 'जहरीली चाय'! पति, सास-ससुर सब बीमार, हिडन कैमरे में कैद हुई पत्नी की करतूत

सांकेतिक तस्वीर {Ai}
UP News: कानपुर से सामने आए एक चौंकाने वाले मामले में, एक युवक ने अपनी पत्नी पर चाय और रूम फ्रेशनर में संदिग्ध रसायन मिलाकर परिवार को बीमार करने का आरोप लगाया है. सीसीटीवी फुटेज में कैद हुई कथित करतूतों ने रिश्तों में भरोसे पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.
UP News: उत्तर प्रदेश के कानपुर से पति-पत्नी के विवाद का एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने रिश्तों में भरोसे को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं. रावतपुर थाना क्षेत्र के गणेश नगर निवासी एक युवक ने अपनी पत्नी पर चाय और रूम फ्रेशनर में संदिग्ध रासायनिक पदार्थ मिलाकर उसे और उसके परिवार को धीरे-धीरे बीमार करने का आरोप लगाया है. पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. फिलहाल आरोपों की पुष्टि नहीं हुई है.
शादी के कुछ महीने बाद शुरू हुआ विवाद
पीड़ित हिमांशु गुप्ता का आरोप है कि शादी के कुछ महीने बाद से ही घर का माहौल बदलने लगा. परिवार में आए दिन विवाद होने लगे और घर के सदस्यों की तबीयत भी लगातार खराब रहने लगी. परिजनों का कहना है कि डॉक्टरों ने खाने-पीने की चीजों में किसी हानिकारक पदार्थ की आशंका जताई, जिसके बाद उनका शक घर के भीतर ही गया.
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर लगाए गंभीर आरोप
हिमांशु का दावा है कि उनकी मां ने बहू को चाय में संदिग्ध पदार्थ मिलाते हुए देखा था. इसके बाद घर में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए. शिकायत के अनुसार, कैमरों में पत्नी कई बार चाय में काले रंग का पदार्थ मिलाती दिखाई दी. परिवार का यह भी आरोप है कि उसने सिरिंज की मदद से रूम फ्रेशनर में भी किसी संदिग्ध तरल पदार्थ को मिलाया. शिकायतकर्ता ने सीसीटीवी फुटेज और मेडिकल रिपोर्ट पुलिस को सौंपने का दावा किया है.
सास ने संपत्ति हड़पने की साजिश का लगाया आरोप
हिमांशु की मां का कहना है कि उन्होंने बड़े अरमानों से बेटे की शादी की थी, लेकिन शादी के बाद परिवार का माहौल पूरी तरह बदल गया. उनका आरोप है कि पूरे परिवार को नुकसान पहुंचाकर संपत्ति पर कब्जा करने की साजिश रची जा रही थी. हालांकि, इन आरोपों की अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.
पत्नी पहले दर्ज करा चुकी है दहेज उत्पीड़न का मुकदमा
मामले का दूसरा पक्ष भी सामने आया है. पत्नी पहले ही पति और उसके परिवार के खिलाफ दहेज प्रताड़ना का मुकदमा दर्ज करा चुकी है. अब पति की शिकायत पर भी पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है. ऐसे में दोनों पक्षों की ओर से लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है.
पुलिस ने क्या कहा?
एसीपी कल्याणपुर ने बताया कि दोनों पक्षों के आरोप, सीसीटीवी फुटेज, मेडिकल रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों की निष्पक्ष जांच की जा रही है. जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










