रसगुल्ला खाने पर मासूम को तंदूर में फेंका, चीख सुनकर परिजन दौड़े, शादी में सनसनीखेज वारदात

घटना की सांकेतिक तस्वीर (Photo: AI)
शादी में रसगुल्ला खाने पर 11 साल के बच्चे को जलते तंदूर में फेंक दिया गया. इसके बाद वह बुरी तरह से झुलस गया. उसकी हालत गंभीर बतायी जा रही है.
यूपी के बस्ती जिले में एक शादी के दौरान हैरान कर देने वाली घटना सामने आयी. रसगुल्ला खाने पर 11 साल के बच्चे को जलते तंदूर में फेंक दिया गया, जिससे वह बुरी तरह झुलस गया. पुलिस ने मामले की पुष्टि कर एफआईआर दर्ज कर ली है. घायल बच्चे को इलाज के लिए लखनऊ मेडिकल कॉलेज भेजा गया है. घटना 15 अप्रैल की रात की बताई जा रही है.
पुलिस ने पीड़ित के मामा देवीदीन निषाद की तहरीर पर गुरुवार (16 अप्रैल) को अज्ञात आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएसएस) की धारा 109(1) (हत्या के प्रयास) के तहत प्राथमिकी दर्ज की है. आरोपी फरार है और उसकी तलाश की जा रही है.
‘कैटरिंग’ ठेकेदार ने बच्चे को जलते तंदूर पर बैठाया
पुलिस के मुताबिक, गोंडा के नवाबगंज इलाके का 11 साल का चमन उर्फ अमर बस्ती में अपने ननिहाल में रह रहा था. वह अपनी नानी के साथ एक रिश्तेदार की शादी में गया था. आरोप है कि खाने वाली जगह पर बार-बार रसगुल्ला निकालने से नाराज ‘कैटरिंग’ ठेकेदार ने पहले बच्चे को डराया और फिर उठाकर जलते तंदूर पर बिठा दिया. इसी दौरान बच्चा संतुलन खोकर तंदूर के अंदर गिर गया. चीख सुनकर परिजन दौड़े और उसे बाहर निकाला, लेकिन तब तक वह चेहरे से लेकर कमर तक बुरी तरह झुलस चुका था.
आरोपी को गिरफ्तार करने में जुटी पुलिस
घटना के बाद परिजन बच्चे को पहले अयोध्या मेडिकल कॉलेज ले गए, जहां प्राथमिक इलाज के बाद उसे लखनऊ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया. हरैया की सीओ स्वर्णिमा सिंह ने बताया कि मामले की एफआईआर अज्ञात आरोपी के खिलाफ दर्ज कर ली गई है. पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी है और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है. सीओ ने बताया कि बच्चे को लखनऊ मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By अमिताभ कुमार
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










