यूपी चुनाव 2027: ओवैसी की पार्टी 200 सीटों पर लड़ेगी चुनाव, AIMIM प्रदेश महासिचव के ऐलान से सपा-बसपा में बढ़ी बेचैनी
असदुद्दीन ओवैसी व मोहम्मद शमीम खान
यूपी विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर AIMIM ने अपनी रणनीति तेज कर दी है. ओवैसी की पार्टी 200 सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही है. प्रदेश महासचिव के ऐलान के बाद सियासी गलियारों में हलचल बढ़ गई है.
UP Politics: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है. इसी बीच एआईएमआईएम के प्रदेश महासचिव मोहम्मद शमीम खान ने समाजवादी पार्टी और भाजपा पर निशाना साधते हुए दोनों दलों के बीच कथित राजनीतिक समझौते का आरोप लगाया है. उन्होंने कहा कि भाजपा और सपा की साठगांठ को समझना हर किसी के बस की बात नहीं है. उन्होंने आरोप लगाया कि एआईएमआईएम को 'बी टीम' बताकर दोनों दल अपनी कथित सेटिंग-गेटिंग पर पर्दा डालने की कोशिश करते हैं. शमीम खान ने कहा कि उनकी पार्टी पर लगाए जाने वाले आरोपों का कोई ठोस आधार नहीं है.

'भाजपा सरकार में सपा नेतृत्व पर कौन सी बड़ी कार्रवाई हुई?'
एआईएमआईएम प्रदेश महासचिव ने सवाल उठाते हुए कहा कि जब से प्रदेश में भाजपा की सरकार बनी है, तब से अब तक समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व के खिलाफ कौन सी बड़ी कार्रवाई हुई, यह जनता को बताया जाना चाहिए. उन्होंने कहा कि दोनों दल सार्वजनिक मंचों से एक-दूसरे पर हमला करते हैं, लेकिन राजनीतिक स्तर पर इनके बीच अलग समीकरण दिखाई देता है.
2027 चुनाव के लिए AIMIM ने शुरू की तैयारी
मोहम्मद शमीम खान ने कहा कि एआईएमआईएम आगामी विधानसभा चुनाव पूरी ताकत के साथ लड़ेगी. पार्टी संगठन को मजबूत करने और चुनावी तैयारियों को लेकर लगातार काम किया जा रहा है. उन्होंने बताया कि पार्टी प्रदेश की करीब 200 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने को लेकर मंथन कर रही है. हालांकि अंतिम फैसला पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व के निर्देश के बाद लिया जाएगा.
जनता के मुद्दों को लेकर चुनाव मैदान में उतरेगी पार्टी
शमीम खान ने कहा कि एआईएमआईएम प्रदेश की राजनीति में अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज कराने के लिए जनता से जुड़े मुद्दों को लेकर चुनाव मैदान में उतरेगी. उन्होंने दावा किया कि पार्टी की रणनीति आने वाले दिनों में राष्ट्रीय नेतृत्व के फैसले के आधार पर तय की जाएगी. उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर सभी राजनीतिक दलों ने तैयारियां तेज कर दी हैं. भाजपा और सपा के बीच मुकाबले के साथ अब एआईएमआईएम भी अपनी चुनावी जमीन मजबूत करने में जुट गई है.
Input: Tilak Kumar
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By राधेश्याम कुशवाहा
राधेश्याम कुशवाहा को पत्रकारिता की क्षेत्र में 13 साल का अनुभव है. इस सफर की शुरुआत उन्होंने राज एक्सप्रेस न्यूज पेपर भोपाल से की. यहां से आगे बढ़ते हुए समय जगत, राजस्थान पत्रिका, हिंदुस्तान न्यूज पेपर के बाद वर्तमान में प्रभात खबर के डिजिटल विभाग में यूपी डेस्क का नेतृत्व कर रहे हैं. इन्हें धर्म-अध्यात्म, ज्योतिष, राजनीति, अपराध और सकारात्मक खबरों की रिपोर्टिंग व लेखन में विशेष रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










