WhatsApp अकाउंट बंद होने पर भड़के अजय राय, सरकार पर साधा निशाना, Meta से की तत्काल बहाल करने की मांग

Updated:
विज्ञापन

अजय राय का वॉट्सऐप अकाउंट पिछले दो दिनों से बंद है

UP News: उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय का आरोप है कि राजनीतिक दबाव के चलते उनका व्हाट्सएप अकाउंट दो दिनों से बंद है. उन्होंने बीजेपी सरकार पर लोकतांत्रिक आवाजों को दबाने का प्रयास करने का आरोप लगाया है.

विज्ञापन

UP News: उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने दावा किया है कि उनका वॉट्सऐप अकाउंट पिछले दो दिनों से बंद है, जिससे पार्टी के संगठनात्मक काम और कार्यकर्ताओं से संवाद प्रभावित हो रहा है. राय ने फेसबुक पोस्ट के जरिए इस घटना की जानकारी दी. उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी सरकार की नीतियों, भ्रष्टाचार और प्रशासनिक कथित नाकामियों को लगातार उजागर करने के कारण राजनीतिक दबाव में उनका अकाउंट बंद कराया गया. हालांकि, मेटा की ओर से इस आरोप पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है.

सरकार पर आवाज दबाने का लगाया आरोप

अजय राय ने अपने फेसबुक और X पोस्ट में आरोप लगाया कि सरकार के खिलाफ उठने वाली लोकतांत्रिक आवाजों को दबाने का प्रयास किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि वे लगातार बीजेपी सरकार की नीतियों, कथित घोटालों और प्रशासनिक कमियों को जनता के सामने रखते रहे हैं. राय का दावा है कि इसी वजह से राजनीतिक दुर्भावना के तहत उनके वॉट्सऐप अकाउंट पर कार्रवाई की गई. उन्होंने इसे लोकतांत्रिक संवाद को प्रभावित करने वाला कदम बताते हुए अपनी नाराजगी जाहिर की और इसे लेकर मेटा से जवाब मांगा.

रिव्यू का अवसर नहीं मिलने का दावा

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष के मुताबिक, अकाउंट बंद होने के बाद उन्होंने वॉट्सऐप और मेटा की सपोर्ट व्यवस्था के जरिए शिकायत दर्ज कराने की कोशिश की, लेकिन अभी तक समाधान नहीं हुआ है. राय ने यह भी दावा किया कि उन्हें अकाउंट के रिव्यू के लिए अपेक्षित अवसर नहीं दिया गया. उनका कहना है कि वॉट्सऐप बंद होने से संगठन के रोजमर्रा के काम, जनसंपर्क और कार्यकर्ताओं से संपर्क में परेशानी आ रही है. उन्होंने कंपनी से जल्द कार्रवाई कर अकाउंट बहाल करने की मांग की है.

तिरंगा यात्रा पर भी साधा निशाना

अजय राय ने इसी दौरान बीजेपी और आरएसएस की तिरंगा यात्रा को लेकर भी निशाना साधा. उन्होंने सवाल उठाया कि यदि तिरंगे के प्रति सम्मान वास्तविक है, तो संघ के कार्यालयों और कार्यक्रमों में भी राष्ट्रीय ध्वज को प्रमुखता मिलनी चाहिए. राय ने दावा किया कि कांग्रेस ऐसे मुद्दों पर अपनी आवाज उठाती रहेगी. उन्होंने मेटा से बिना किसी राजनीतिक दबाव के अकाउंट बहाल करने की मांग की. फिलहाल अकाउंट बंद होने के कारणों पर कंपनी की ओर से स्पष्टता नहीं है.

यह भी देखें: एक आदेश और बदल गई यूपी की सत्ता, RSS विवाद के बीच राम नरेश यादव को देना पड़ा इस्तीफा


विज्ञापन
नटवर कुमार

लेखक के बारे में

By नटवर कुमार

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola