झारखंड के पूर्व डिप्टी CM सुदेश महतो बोले- जांच एजेंसी अपना काम कर रही हैं, प्रदेश में अस्थिरता का माहौल
Published by : Prabhat Khabar News Desk Updated At : 25 Aug 2022 4:54 PM
काशी विश्वनाथ मंदिर पहुंचे झारखंड के पूर्व डिप्टी सीएम और आजसू प्रमुख सुदेश महतो ने ‘प्रभात खबर’ से बातचीत में कहा कि जनता के सम्मान को ध्यान में रखकर कार्य नहीं किया जा रहा है. यह भी एक तरह की अराजकता ही है.
Varanasi Exclusive News: झारखंड में सियासी उठापटक और एके47 की बरामदगी की घटना के बीच काशी विश्वनाथ मंदिर पहुंचे झारखंड के पूर्व डिप्टी सीएम और आजसू प्रमुख सुदेश महतो ने ‘प्रभात खबर’ से बातचीत में कहा कि जनता के सम्मान को ध्यान में रखकर कार्य नहीं किया जा रहा है. यह भी एक तरह की अराजकता ही है. जांच एजेंसी सिर्फ अपना काम कर रही हैं. उस पर प्रश्नचिन्ह लगाना कहीं से भी उचित नहीं है. प्रदेश में अस्थिरता का माहौल बना हुआ है.
राज्य की हेमंत सोरेन सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए पूर्व डिप्टी सीएम ने कहा कि एक मुख्यमंत्री पद पर रहते हुए यदि खुद के लिए जमीनें पट्टे पर ली जाती हैं तो यह अपराध ही माना जाएगा. इसे सरकारी संरक्षण में अवैध खनन का अपराध कहा जाएगा. प्रभात खबर ने अगस्त क्रांति को लेकर जब सवाल किया कि क्या ईडी और सीबीआई की पूछताछ जो चल रही है क्या इसे ही अगस्त क्रांति से जोड़कर देखा जा रहा है? इसके जवाब में सुदेश महतो ने कहा कि अगस्त क्रांति बहुत बड़े कर्मवीरों की गाथा है. उसे इस आज के अराजकता भरे माहौल से देखा जाना उचित नहीं होगा. जन, जंगल, जमीन की बात करने वाली हेमंत सोरेन सरकार किस तरह से लोगों की भावनाओं को कुचल रही है. यह सभी को दिख रहा है.
ईडी और सीबीआई जांच एजेंसी पर विपक्ष लगातार सवाल उठाता है कि जहां बीजेपी की गवर्नमेंट नहीं रहती है, वहा ये जांच एजेंसी दुर्भावना से छापेमारी और पूछताछ करती हैं. इस सवाल के जवाब पर पूर्व डिप्टी सीएम ने कहा कि जांच एजेंसी जहां भी अपना कार्य कर रही हैं वहां फैक्ट निकल रहा है. करोड़ों रुपयों की बरामदगी हो रही है. इसलिए यह कहना उचित नहीं है.
काशी विश्वनाथ धाम कॉरीडोर की प्रशंसा करते हुए पूर्व डिप्टी सीएम ने कहा कि पहले और अब के मंदिर में बहुत ज्यादा अंतर देखने को मिल रहा है. जनता अब सहज रूप से बाबा के दर्शन कर सकती है. मुमुक्ष भवन से लेकर टूरिस्ट के लिए भी बेहतर व्यवस्था की गई है. मंदिर निर्माण के इतिहास गाथा को जिस तरह से यहां प्रदर्शित किया गया है, बहुत ही सराहनीय है.
300 लोगों के साथ काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन करने जाने के प्रश्न पर सुदेश महतो ने कहा, ‘उमरहा में बने योग मंदिर में इस मंदिर के गुरुजी कुछ दिन पहले ही मिले थे. मुझसे तभी यहां आने का आमंत्रण देकर आए थे. यहां आकर बहुत दिव्य अनुभूति हुई है. एक साथ 20 हजार लोगों के प्रार्थना करने की जगह पीएम मोदी के प्रेरणा स्वरूप बनवाई जा रही है. 2024 तक यह मंदिर बनकर तैयार हो जाएगा.
हेमंत सोरेन के करीबी प्रेम प्रकाश के घर से एके47 मिलने व करोड़ों रुपयों के बरामदगी के बाद इन लोगों पर कड़ी करवाई होनी चाहिए. इसके जवाब में सुदेश महतो ने कहा कि कानून ने अपराध के मुताबिक सबके लिए दंड निर्धारित किए हैं. इसके अनुसार जो भी अपराध में लिप्त हैं, उस पर कार्रवाई होनी चाहिए. लोगों के घरों से अवैध खनन का रुपया बरामद हो रहा है. इसका साफ मतलब है कि ढाई साल से झारखंड की भावनाओं के अनुसार सरकार पूरी तरह से फेल साबित हुई है. इसीलिए जांच एजेंसी फैक्ट के साथ जांच में जुटी हुई हैं.
Exclusive Interview by Vipin Singh
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










