ePaper

प्रियंका गांधी समेत सैकड़ों कार्यकर्ताओं पर मुकदमा दर्ज, लखनऊ में धरना-प्रदर्शन में नियमों के उल्लंघन का आरोप

Updated at : 17 Jul 2021 5:37 PM (IST)
विज्ञापन
प्रियंका गांधी समेत सैकड़ों कार्यकर्ताओं पर मुकदमा दर्ज, लखनऊ में धरना-प्रदर्शन में नियमों के उल्लंघन का आरोप

लखनऊ के पुलिस आयुक्त डीके ठाकुर ने मीडिया को बताया कि शुक्रवार को जीपीओ पार्क स्थित गांधी प्रतिमा के सामने कांग्रेस अध्यक्ष लल्लू अपने सैकड़ों कार्यकर्ताओं के साथ धरने पर बैठे थे. उन्होंने न तो प्रशासन को इस धरने के बारे में पहले कोई जानकारी दी थी और न ही प्रशासन से इसके लिए कोई अनुमति मांगी थी.

विज्ञापन

लखनऊ : कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा पर उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में मुकदमा दर्ज किया गया है. आरोप है कि प्रियंका गांधी के साथ शुक्रवार को हजरतगंज के जीपीओ पार्क में महात्मा गांधी की प्रतिमा के सामने धरने पर बैठने के लिए प्रशासन से अनुमति नहीं ली गई, जिसे लेकर उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू सहित तीन नामजद लोगों के खिलाफ शनिवार को हजरतगंज थाने में मामला दर्ज किया गया है. हालांकि इस प्राथमिकी में प्रियंका गांधी का नाम नहीं है.

लखनऊ के पुलिस आयुक्त डीके ठाकुर ने मीडिया को बताया कि शुक्रवार को जीपीओ पार्क स्थित गांधी प्रतिमा के सामने कांग्रेस अध्यक्ष लल्लू अपने सैकड़ों कार्यकर्ताओं के साथ धरने पर बैठे थे. आयुक्त के मुताबिक, उन्होंने न तो प्रशासन को इस धरने के बारे में पहले कोई जानकारी दी थी और न ही प्रशासन से इसके लिए कोई अनुमति मांगी थी.

इसके अलावा, कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जीपीओ पार्क स्थित सरकारी संपत्ति लोहे की जाली को भी नुकसान पहुंचाया. उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेताओं कार्यकर्ताओं ने महामारी अधिनियम का भी उल्लंघन किया. पुलिस आयुक्त ठाकुर के अनुसार, इस मामले में लल्लू, कांग्रेस नेता वेद प्रकाश त्रिपाठी तथा दिलजीत सिंह के खिलाफ नामजद तथा 500 से 600 अज्ञात कार्यकर्ताओं के खिलाफ मामला दर्ज किया गया हैं. उन्होंने बताया कि प्राथमिकी में प्रियंका गांधी का नाम नहीं है.

बता दें कि कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी लखनऊ के दौरे पर हैं. शुक्रवार को प्रियंका ने सैकड़ों कांग्रेसी कार्यकर्ताओं के साथ हजरतगंज पहुंचकर जीपीओ पार्क में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा के सामने सरकार के खिलाफ मौन धारण करके वहीं धरना शुरू कर दिया था. कांग्रेस प्रवक्ता अशोक सिंह के अनुसार, प्रियंका गांधी ने शुक्रवार को सूबे में महिलाओं पर अत्याचार, अराजकता, खराब कानून-व्यवस्था, निरंकुश प्रशासन और पुलिस के खिलाफ धरना दिया था.

लखनऊ में प्रियंका ने शुक्रवार की शाम को संवाददाताओं से बातचीत में आरोप लगाया था कि उत्तर प्रदेश में लोकतंत्र पर हमला हो रहा है और उनके (मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ) पीछे मोदी जी का हाथ है. वह यहां आकर उन्हें बधाई दे रहे हैं. प्रियंका ने आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश में लोकतंत्र का चीरहरण हो रहा है. कल प्रधानमंत्री जी बनारस आए. उन्होंने सबसे पहले तो योगी जी को प्रमाण पत्र दिया कि कोरोना की दूसरी लहर में उन्होंने कितना अच्छा काम किया, जबकि योगी सरकार बुरी तरह विफल साबित हुई थी.

Also Read: कोविशील्ड और कोवैक्सीन की 66 करोड़ डोज की संशोधित दर पर होगी खरीद, बढ़ाया जाएगा टीकों का उत्पादन

Posted by : Vishwat Sen

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola