बस में आग से नौ लोगों की मौत, राहुल गांधी ने गहरा दुःख व्यक्त किया
Published by : Prabhat Khabar Digital Desk Updated At : 21 Apr 2015 3:30 PM
अमेठी: उत्तर प्रदेश में अमेठी जिले के पीपरपुर क्षेत्र में आज एक बस में आग लगने से नौ लोगों की झुलसकर मौत हो गयी तथा छह अन्य गम्भीर रुप से जख्मी हो गये.राज्य सरकार ने हादसे में मारे गये लोगों के परिजन को पांच-पांच लाख रुपये तथा गम्भीर रुप से घायल लोगों को 50-50 हजार […]
अमेठी: उत्तर प्रदेश में अमेठी जिले के पीपरपुर क्षेत्र में आज एक बस में आग लगने से नौ लोगों की झुलसकर मौत हो गयी तथा छह अन्य गम्भीर रुप से जख्मी हो गये.राज्य सरकार ने हादसे में मारे गये लोगों के परिजन को पांच-पांच लाख रुपये तथा गम्भीर रुप से घायल लोगों को 50-50 हजार रुपये की मदद का ऐलान किया है. मामले की मजिस्ट्रेट से जांच कराने के आदेश दिये गये हैं और बसों के रखरखाव के जिम्मेदार सेवा प्रबन्धक संतोष कुमार को निलम्बित कर दिया गया है.
क्षेत्रीय कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने इस हादसे पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए पार्टी कार्यकर्ताओं को घायलों के इलाज की पूरी व्यवस्था तथा हरसम्भव मदद करने के निर्देश दिये हैं.
पुलिस अधीक्षक हीरालाल ने यहां बताया कि करीब 42 लोगों को लेकर अमेठी से सुलतानपुर जा रही रोडवेज बस के इंजन में रामगंज के पास संदिग्ध रुप से शार्ट सर्किट होने से आग लग गयी, जिसमें झुलसकर नौ लोगों की मौत हो गयी तथा छह अन्य गम्भीर रुप से घायल हो गये. उन्हें सुलतानपुर के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है. मृतकों की तत्काल शिनाख्त नहीं हो सकी है.
इस बीच, इलाकाई सांसद राहुल गांधी के प्रतिनिधि चंद्रकांत दुबे ने बताया राहुल ने दुर्घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है और अपने प्रतिनिधियों तथा कांग्रेस कार्यकर्ताओं को घायलों के इलाज की पूरी व्यवस्था तथा हर सम्भव मदद करने के निर्देश दिये हैं.
उत्तर प्रदेश राज्य सडक परिवहन निगम के प्रबन्ध निदेशक मुकेश मेश्रम ने लखनउ में बताया कि अमेठी के जिलाधिकारी जगतराज तिवारी ने घटना की मजिस्ट्रेट से जांच कराने के आदेश दिये हैं. मृतकों के आश्रितों को पांच-पांच लाख, घायलों को 50-50 हजार, तथा मामूली रुप से घायलों को 25-25 हजार रुपये मुआवजा दिया जाएगा.
मेश्रम ने बताया कि हादसे की सूचना मिलने पर रोडवेज के मुख्य महाप्रबन्धक (टेक्निकल) सत्यनारायण और मुख्य महाप्रबन्धक (संचालन) एच. एस. गाबा मौके पर पहुंच गये हैं.उन्होंने बताया कि बस के इंजन में शार्ट सर्किट होने के कारण आग लगने की बात कही जा रही है. साथ ही बस में पांच किलोग्राम गैस वाला एक सिलिंडर रखा होने की बात भी कही है, लेकिन उसे बस से सुरक्षित निकाला गया है. अब जांच में पता लगेगा कि सिलिंडर से रिसी गैस से आग लगी या फिर इंजन में हुए शार्ट सर्किट से.
मेश्रम ने बताया कि बहरहाल, बसों के इंजनों का रखरखाव के जिम्मेदार फैजाबाद के सेवा प्रबन्धक संतोष कुमार को निलम्बित कर दिया गया है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










