Sambalpur News: घेंस गांव में बनेगा शहीद स्मारक और कम्युनिटी सेंटर, छह करोड़ होंगे खर्च : मुख्यमंत्री

Sambalpur News: बरगढ़ के घेंस में राज्य स्तरीय वीरता दिवस मनाया गया. मुख्यमंत्री ने शहीद माधो सिंह को श्रद्धांजलि दी.
Sambalpur News: मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने बरगढ़ जिले के घेंस में राज्य स्तरीय वीरता दिवस और शहीद माधो सिंह की श्रद्धांजलि सभा में हिस्सा लिया. उन्होंने कहा कि घेंस गांव में शहीद का स्मारक बनाया जायेगा और उसमें उनकी प्रतिमा बनायी जायेगी. साथ ही स्वागत द्वार, एक कम्युनिटी सेंटर भी बनाया जायेगा. इसके लिए 6 करोड़ 26 लाख रुपये खर्च किये जायेंगे.
4 करोड़ 40 लाख से बनेगा 100 बेड का आधुनिक अर्बन गर्ल्स हॉस्टल
मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि घेंस कॉलेज का नाम बदलकर शहीद माधो सिंह मेमोरियल कॉलेज कर दिया गया है. इसके साथ ही, 4 करोड़ 40 लाख 59 हजार रुपये की लागत से 100 सीटों वाला एक आधुनिक अर्बन गर्ल्स हॉस्टल भी बनाया जायेगा. मुख्यमंत्री ने कहा कि शहीद माधो सिंह जैसे देशभक्तों ने पूरे मानव समाज को गौरवान्वित किया है. उनका बलिदान न केवल ओडिशा, बल्कि भारत और दुनिया के इतिहास में भी दुर्लभ है. मुख्यमंत्री ने कहा कि आदिवासियों ने न केवल युद्ध में, बल्कि समाज निर्माण और सामाजिक व्यवस्था बनाये रखने की दिशा में भी योगदान दिया है. इस अवसर पर बरगढ़ सांसद प्रदीप पुरोहित, पंचायती राज मंत्री रवि नारायण नायक, बरगढ़ विधायक अश्विनी कुमार षाड़ंगी, अताबीरा विधायक निहार रंजन महानंद, भटली विधायक इराशीश आचार्य, बीजेपुर विधायक सनत कुमार गड़तिया, पद्मपुर विधायक वर्षा सिंह बरिहा, प्रसिद्ध कोसली कवि पद्मश्री डॉ हलधर नाग, शहीद माधो सिंह के भतीजे लोकेश्वर सिंह बरिहा और जिलापाल आदित्य गोयल प्रमुख रूप से मौजूद थे.
वीरता दिवस पर शहीद माधो सिंह का बलिदान याद किया गया
बरगढ़ के हल्दीपाली स्थित वीर चौक पर बुधवार को आयोजित जिला स्तरीय वीरता दिवस के अवसर पर शहीद माधो सिंह और उनके परिवार का बलिदान याद किया गया. मुख्य वक्ता चुड़ामणी रथ ने कहा कि शहीद वीर माधो सिंह और उनके परिवार का बलिदान युवाओं को मातृभूमि की सेवा के लिए प्रेरित करेगा. इस अवसर पर शहीद माधो सिंह की प्रतिमा का अनावरण किया गया और विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित किया गया. कार्यक्रम में बरगढ़ बीडीओ बी डुंगडुंग, भेड़न जमींदार शहीद मनोहर सिंह के भतीजे अशोक सिंह व ज्योत्स्नामयी सिंह, वरिष्ठ नागरिक संघ के सचिव गोविंदा दाश, बरगढ़ पत्रकार संघ के उपाध्यक्ष बीरेंद्र प्रधान, माधो सिंह की भूमिका निभाने वाले पांडव कर्ण आदि मौजूद थे.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




