ePaper

विकास की नयी इबारत लिखेगा संबलपुर, प्रशासन बनाये दीर्घकालिक मास्टर प्लान : धर्मेंद्र प्रधान

Updated at : 16 Jun 2024 11:52 PM (IST)
विज्ञापन
विकास की नयी इबारत लिखेगा संबलपुर, प्रशासन बनाये दीर्घकालिक मास्टर प्लान : धर्मेंद्र प्रधान

मोदी सरकार में पुन: केंद्रीय शिक्षा मंत्री का प्रभार मिलने के बाद धर्मेंद्र प्रधान रविवार को संबलपुर पहुंचे. यहां जिला प्रशासन के पदाधिकारियों के साथ बैठक में उन्होंने कई निर्देश दिये.

विज्ञापन

बामड़ा. संबलपुर में सड़क, पेयजल, स्वास्थ्य और सफाई व्यवस्था में सुधार किया जायेगा. इसके लिए जिला प्रशासन को दीर्घकालिक मास्टर प्लान तैयार करने की सलाह दी गयी है. केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने रविवार को जिला प्रशासन के अधिकारियों संग बैठक के बाद संवाददाता सम्मेलन में मीडिया को यह जानकारी दी. उन्होंने बताया कि भाजपा संबलपुर को एक समृद्ध शहर बनाने के लिए प्रतिबद्ध है. स्थानीय समस्याओं और लोगों की आकांक्षा से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर दिये गये कार्यों को क्रियान्वित किया जायेगा. धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जनता के आशीर्वाद से ओडिशा में भाजपा की सरकार बनी है. सरकार बनने के कुछ ही समय में भाजपा द्वारा किये गये वादों को पूरा करने का नीतिगत निर्णय लिया गया है. इसको लेकर लोगों में उत्साह देखा जा रहा है. ऐसे में पार्टी की ओर से संबलपुर को आगे बढ़ाने को प्राथमिकता दी जा रही है. आने वाले दिनों में बारिश के मौसम को देखते हुए जिला प्रशासन को संबलपुर में सड़क, पेयजल, स्वास्थ्य सेवा, साफ-सफाई और साफ-सफाई पर जोर देने का निर्देश दिया गया है. चुनाव प्रचार के दौरान किये गये वादे के अनुसार लोग पीएम आवास में मकान और जमीन का पट्टा मिलने का इंतजार कर रहे हैं. लोगों को सभी सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ खेल, कला और संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए एक बहुउद्देशीय सांस्कृतिक केंद्र स्थापित करने की नागरिकों की अपेक्षाओं पर नगर निगम के अधिकारियों के साथ प्रारंभिक चर्चा की गयी है.

एनएच समेत कई सड़कों की हुई मरम्मत, जल्द मिलेंगी अन्य सुविधाएं

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि सिंदुरपंक से नक्सापल्ली तक पुरानी एनएच सड़क को ठीक कर दिया गया है. संबंधित बाकी कार्य जल्द ही पूरा कर लिया जायेगा. सरला ओवरब्रिज से आगे की सड़क को छह लेन बनाने का काम शुरू हो गया है. पड़ियाबहाल से गोशाला तक 18 किमी एनएच संबलपुर की पहचान बनेगा और एक विकास मार्ग की योजना बनायी जायेगी. स्वास्थ्य सुविधाओं और टर्मिनल कॉम्प्लेक्स के काम पर जोर दिया जायेगा. यह राष्ट्रीय राजमार्ग न्यू संबलपुर के आर्थिक विकास का मॉडल बनेगा. संबलपुर में समग्र विकास पर जोर दिया जायेगा और सभी शैक्षणिक संस्थानों के सहयोग से ज्ञान आधारित अर्थव्यवस्था को बढ़ावा दिया जायेगा. भाजपा कौशल, उद्यमिता और रोजगार पर जोर देकर संबलपुर को एक समृद्ध शहर बनाने के लिए प्रतिबद्ध है. केंद्रीय मंत्री ने जिला प्रशासन को इसके लिए जरूरी रूपरेखा का मास्टर प्लान तैयार करने की सलाह दी. अन्य में रेंगाली के पूर्व विधायक नाउरी नायक, प्रदेश महासचिव सीमांचल खटेई, जिला अध्यक्ष गिरीश पटेल, वरिष्ठ भाजपा कार्यकर्ता डॉ प्रमोद रथ, गोविंद अग्रवाल और प्रदेश पैनलिस्ट मानस रंजन बख्शी उपस्थित थे.

ज्ञान आधारित अर्थव्यवस्था का हब बनेगा संबलपुर

संबलपुर लोकसभा सीट से चुनाव जीतने के बाद मोदी 3.0 में पुन: केंद्रीय शिक्षा मंत्री का दायित्व मिलने के बाद पहली बार संबलपुर पहुंचे धर्मेंद्र प्रधान ने मां समलेश्वरी का दर्शन, पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया. इस अवसर पर उन्होंने कहा कि संबलपुर को एक अग्रणी अंचल बनाने में गिलहरी की भूमिका निभायेंगे, यह मेरा संकल्प है. मैं जिस भी कार्य में रहूं, आखरी दम तक संबलपुरवासियों की सेवा करता रहूंगा. संबलपुर को एक ज्ञान आधारित अर्थनीति का हब बनाने के लिए सभी प्रकार के प्रयास करूंगा. मां समलेई की करुणा और शुभ दृष्टि संबलपुर समेत समग्र विश्ववासियों के ऊपर रहे, यह मेरी कामना है. रविवार को धर्मेंद्र प्रधान ने मानेश्वर स्थित मांधाता महादेव बाबा मंदिर, जिला स्कूल चौक स्थित श्री राम और हनुमान मंदिर, झारुआपड़ा स्थित ब्रम्हापुरा मंदिर, मंडलिया स्थित अनोखा श्याम मंदिर में दर्शन कर मत्था टेका.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
Prabhat Khabar News Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola