Rourkela News: लाठीकटा की हाथीबंधा पंचायत को हरियाली व सफाई के लिए मिला पुरस्कार

Rourkela News: भारत सरकार के पंचायतीराज विभाग ने सुंदरगढ़ जिले की हाथीबंधा समेत ओडिशा की पांच पंचायतों को पुरस्कृत किया है.
Rourkela News: भारत सरकार के पंचायतीराज विभाग ने ओडिशा की पांच पंचायतों को दीन दयाल उपाध्याय योजना के तहत अलग-अलग कामों के लिए पुरस्कृत किया है. इनमें सुंदरगढ़ जिले के लाठीकटा ब्लॉक की हाथीबंधा पंचायत को हरियाली और सफाई के लिए पुरस्कार मिला है. लाठीकटा बीडीओ मानस रंजन साहू ने कहा कि इस योजना में शामिल पंचायतों को 50 लाख रुपये का अनुदान दिया जायेगा और इसे विकास के कामों में लगाया जायेगा.
राज्य की पांच पंचायतें दीन दयाल उपाध्याय योजना में शामिल
जानकारी के अनुसार, भारत सरकार के पंचायतीराज विभाग की एक टीम ने राज्य का दौरा करने के बाद पांच पंचायतों को चुना और उन्हें अलग-अलग कामों के लिए दीन दयाल उपाध्याय योजना में शामिल किया. लाठीकटा बीडीओ मानस रंजन साहू ने कहा कि हमारे ब्लॉक के कर्मचारियों, जिलापाल और सरपंच की कर्तव्यनिष्ठता की वजह से यह मुमकिन हो पाया है. सफाई के लिए हमने माताओं को कचरा इकट्ठा करने के लिए एक गाड़ी दी है. उसमें जीपीएस सिस्टम लगा है. जिससे हमें पता चलता है कि किस इलाके से कचरा संग्रह किया जा रहा है. पूरे गांव से इकट्ठा कचरे को प्रोसेस करके जो लाभ होता है, उसे उस इलाके के विकास पर खर्च किया जाता है. इस तरह पंचायत साफ-सफाई के मामले में अच्छा काम कर रही है. इसी तरह ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान में इस पंचायत में मियावाकी स्टाइल में करीब 65 हजार पेड़ लगाये गये हैं. जिससे पेड़ बड़े होने पर आस-पास के दूसरे पेड़ों को नुकसान नहीं होगा. केंद्रीय टीम ने इस इलाके का दौरा किया है और इसे ग्रीन पंचायत का दर्जा दिया है.
हमारी पंचायत को अवॉर्ड मिलना गर्व की बात : सरपंच
हाथीबंधा सरपंच भारती मुंडारी ने कहा कि हमें गर्व है कि हमारी पंचायत को यह अवॉर्ड मिला है. इसका श्रेय हमारे सभी पंचायतीराज सदस्यों को जाता है, जिन्होंने इस काम के लिए खुद को समर्पित किया और कड़ी मेहनत की है. हमने गांव की मीटिंग में साफ-सफाई और हरियाली पर चर्चा की थी और पर्यावरण काे प्लास्टिक-फ्री बनाया था. कुछ दिन पहले केंद्रीय टीम इस इलाके में आयी थी और जांच की थी. जिससे मंगलवार को हमारी पंचायत को जिले में अवॉर्ड मिला, जो प्रेरणास्पद है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




