Jharsuguda News: पारंपरिक नृत्य-संगीत, ढोल-ताशे की धुन पर अघोरी नृत्य ने मोहा मन

Jharsuguda News: झारसुगुड़ा जिला महोत्सव दुलदुली को लेकर गुरुवार को भव्य शोभायात्रा निकाली गयी. पारंपरिक नृत्य-संगीत से कलाकारों ने सबका मन मोह लिया.
Jharsuguda News: झारसुगुड़ा जिला के स्थापना दिवस पर प्रति वर्ष मनाये जाने वाले पांच दिवसीय झारसुगुड़ा जिला महोत्सव ‘दुलदुली’ के लिए गुरुवार को भव्य व विशाल शोभायात्रा निकाली गयी. सुबह दस बजे जिला के आराध्य झाड़ेश्वर मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद शोभायात्रा की शुरुआत हुई.
बाबा झाड़ेश्वर की पूजा कर शोभायात्रा की हुई शुरुआत
जिला सांस्कृतिक संघ के अध्यक्ष तथा जिलाधीश कुणाल मोतीराम चव्हाण की अध्यक्षता में विधायक टंकधर त्रिपाठी व अन्य जिलास्तरीय अधिकारियों ने बाबा झाड़ेश्वर की विधिवत पूजा-अर्चना की. इसके बाद शोभायात्रा यहां से पुराना बस्ती, मुख्यमार्ग से होते हुए स्टेशन चौक स्थित श्री कनक दुर्गा मंदिर पहुंची. जहां कलश को रखा गया. वहीं अपराह्न तीन बजे यहां से कलश को लेकर शोभायात्रा फिर से शुरू हुई, जो बेहरामाल दुर्गा मंदिर पहुंची, जहां पूजा-अर्चना की गयी. फिर यहां से निकल कर कलशयात्रा बेहेरामाल किसान चौक, बंबई चौक होते हुए सीधे आयोजन स्थल बीटीएम मैदान पहुंची, जहां दुलदुली मंच के पास कलश स्थापित किया गया. कलश शोभायात्रा में गाजे-बाजे के साथ पारंपरिक नृत्य-संगीत, ढोल-ताशे की धुन पर अघोरी नृत्य भी आगे चल रहा था. वहीं सजी-धजी एक खुली जीप में कलश को हाथ में पकड़े जिलाधीश के साथ अन्य जिलास्तरीय अधिकारी सवार थे. शोभायात्रा का जगह जगह स्वागत सत्कार किया गया. बेहेरामाल में रोटरी क्लब ऑफ झारसुगुड़ा व जेसीआइ झारसुगुड़ा की ओर से फूल-माला पहना कर व शोभायात्रा में शामिल लोगों को आइसक्रीम खिलाकर स्वागत किया गया. इस भव्य शोभायात्रा के साथ पांच दिवसीय महोत्सव की शुरुआत हो गयी है.
सुंदरगढ़ दिवस पर निकला भव्य सांस्कृतिक जुलूस, दो दिनों तक मनेगा जश्न
सुदंरगढ़ जिला के 79वें स्थापना दिवस पर एक जनवरी को भव्य जुलूस निकाला गया. मशाल जुलूस में तलसरा विधायक सह विधानसभा उपाध्यक्ष भवानीशंकर भोई सहित प्रशासनिक अधिकारी व आम नागरिक शामिल हुए. पारंपरिक परिधान में खुद जिलापाल डॉ शुभंकर महापात्र जुलूस में शामिल हुए. मशाल यात्रा के साथ ही इस दो दिवसीय आयोजन का आगाज हो गया है. अगले दो दिनों तक विविध प्रकार की गतिविधियां आयोजित होंगी. जिसकी तैयारी पिछले एक महीने से सुंदरगढ़ जिला प्रशासन की ओर से चल रही थी. दो जनवरी तक महिला कल्याण केंद्र में यह आयोजन होंगे. साल के पहले दिन शहर में निकली मशाल यात्रा में विविध प्रकार के सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किये गये. सांस्कृतिक जुलूस में शहर के गणमान्य लोग शामिल हुए. सुबह 8:00 बजे मां समलेई मंदिर में एकत्र होने के बाद अतिथियों ने मां का आशीर्वाद लेकर यात्रा की शुरुआत की. जुलूस मंदिर से निकलकर जगन्नाथ मंदिर चौक, रीजेंट मार्केट, सुनारीपाड़ा, रंगाधिपा चौक, मेडिकल चौक, डीआरडीए चौक, पुराना बस स्टैंड चौक, पंचमुखी हनुमान मंदिर चौक से होते हुए महिला कल्याण केंद्र पहुंची. सभी चौक-चौराहों पर अलग-अलग संस्थाओं, पूजा समितियों और संगठनों द्वारा स्वागत कार्यक्रम आयोजित किया गया.डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




