Jharsuguda News: प्रत्येक व्यक्ति की खाद्य सुरक्षा ओडिशा सरकार की प्राथमिकता : कृष्ण चंद्र पात्रा

Published by : BIPIN KUMAR YADAV Updated At : 23 May 2026 12:38 AM

विज्ञापन

Jharsuguda News: झारसुगुड़ा में देश के तीसरे व राज्य के दूसरे ‘अन्नपूर्ति ग्रेन एटीएम’ का उद्घाटन खाद्य एवं आपूर्ति मंत्री व राजस्व मंत्री ने किया.

विज्ञापन

Jharsuguda News: ओडिशा सरकार और यूनाइटेड नेशंस वर्ल्ड फूड प्रोग्राम के संयुक्त प्रयास से झारसुगुड़ा में एक टेक्नोलॉजी-बेस्ड ‘अन्नपूर्ति ग्रेन एटीएम’ शुरू किया गया है. यह ओडिशा का दूसरा और पूरे भारत का तीसरा ग्रेन एटीएम है. शुक्रवार को इसका उद्घाटन राजस्व व आपदा प्रबंधन मंत्री सुरेश पुजारी और खाद्य एवं आपूर्ति मंत्री कृष्ण चंद्र पात्र ने किया. मौके पर झारसुगुड़ा के जिलाधीश कुणाल मोतीराम चव्हाण, वर्ल्ड फूड प्रोग्राम, इंडिया के डिप्टी डायरेक्टर नोजोमी हाशिमोतो, हिमांशु बल (हेड, रीजनल ऑफिस, वर्ल्ड फूड प्रोग्राम, ओडिशा) उपस्थित थे.

राज्य में अब लाभार्थियों को प्रति व्यक्ति 10 किलो चावल दिया जा रहा

खाद्य आपूर्ति मंत्री कृष्ण चंद्र पात्र ने कहा कि मुख्यमंत्री की दूरदृष्टि की वजह से आज ओडिशा में खाद्य सुरक्षा के क्षेत्र में एक ऐतिहासिक सफलता मिली है. इसी सिलसिले में राज्य सरकार की एक बड़ी उपलब्धि के तौर पर अब लाभार्थियों को प्रति व्यक्ति 10 किलो चावल दिया जा रहा है. इसके साथ ही मुख्यमंत्री अन्नपूर्णा योजना के जरिये पांच किलो अतिरिक्त चावल दिया जा रहा है, जिसका लाभ गरीब परिवारों को मिलेगा.

राज्य सरकार का लक्ष्य है सबका पेट भरे और पूरी दुनिया खुशहाल हो : राजस्व मंत्री

राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री सुरेश पुजारी ने कहा कि ओडिशा के इतिहास में एक बार हमने ‘नाइन फैमिन’ जैसा भयानक समय देखा है. हमारे राज्य ने सूखे और प्राकृतिक आपदाओं के कारण बहुत कुछ झेला है, लेकिन आज समय बदल गया है. हमारी सरकार का विजन है कि ओडिशा राज्य का हर व्यक्ति दो मुट्ठी खाना खा सके, ताकि सबका पेट भरे और पूरी दुनिया खुशहाल हो. सम्मानित अतिथि झारसुगुड़ा विधायक टंकधर त्रिपाठी ने यह आधुनिक व्यवस्था शुरू करने के लिए सरकार का आभार व्यक्त किया और अपने चुनाव क्षेत्र के विकास के लिए मंत्री के सामने कई प्रस्ताव रखे. वर्ल्ड फूड प्रोग्राम की डिप्टी डायरेक्टर नोजोमी हाशिमोतो ने ओडिशा सरकार के साथ इस पार्टनरशिप की बहुत तारीफ की और विश्व स्तर पर खाद्य सुरक्षा पर इसके असर के बारे में बताया.

राजस्व मंत्री ने हाॅकी स्टेडियम में सुविधाओं का लिया जायजा

ओडिशा के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री और ब्रजराजनगर विधायक सुरेश पुजारी ने गुरुवार शाम एच-काटापाली स्थित हॉकी स्टेडियम का दौरा किया. उन्होंने स्टेडियम में चल रहे निर्माण कार्यों का जायजा लिया. हॉकी स्टेडियम के कार्यालय भवन का दौरा कर स्टेडियम के विकास कार्यों पर उन्होंने चर्चा की. मंत्री पुजारी ने अंतरराज्यीय विद्यालय प्रतियोगिता में ओडिशा का प्रतिनिधित्व करनेवाले एच-काटापाली स्कूल के 14 वर्षीय छात्र शाहिद नायक व 16 वर्षीय छात्र विवेक नाइक से मुलाकात कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की. मंत्री पुजारी ने झारसुगुड़ा हॉकी स्टेडियम में लगे एस्ट्रो टर्फ का अवलोकन किया तथा भविष्य में स्टेडियम के विकास में पूरी मदद का आश्वासन दिया. इस अवसर पर भारतीय महिला हॉकी टीम की पूर्व कप्तान सुभद्रा प्रधान ने भी मंत्री पुजारी से मुलाकात की. मौके पर ओडिशा हॉकी एसोसिएशन के उपाध्यक्ष जीवन मोहंती, सदस्य प्रज्ज्वल पटेल, विजय बेहेरा, क्लेमेंट रोनाल्ड, अशोक प्रधान, भाजपा जिला अध्यक्ष रघुनंदन पंडा, प्रवीण श्रीवास्तव आदि उपस्थित थे.

विज्ञापन
BIPIN KUMAR YADAV

लेखक के बारे में

By BIPIN KUMAR YADAV

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola