Sambalpur News: गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों का विकास डबल इंजन सरकार की प्राथमिकता : धर्मेंद्र प्रधान

Updated at : 31 Mar 2026 11:54 PM (IST)
विज्ञापन
Sambalpur News: गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों का विकास डबल इंजन सरकार की प्राथमिकता : धर्मेंद्र प्रधान

Sambalpur News केंद्रीय शिक्षा मंत्री ने आठमल्लिक में 205 करोड़ की परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया.

विज्ञापन

Sambalpur News केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने मंगलवार को अनुगूल जिले के आठमल्लिक क्षेत्र के समग्र विकास के लिए 204.32 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न जनहितकारी परियोजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण किया. कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि एक अप्रैल 1936 को भाषा के आधार पर ओडिशा देश का पहला राज्य बना था और वर्ष 2036 में राज्य अपनी शताब्दी मनायेगा. उन्होंने जोर देकर कहा कि ‘विकसित भारत’ और ‘विकसित ओडिशा’ का सपना तभी साकार होगा, जब राज्य के बच्चे स्वस्थ रहेंगे और उन्हें गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिलेगी. इसे ‘ओडिशा दिवस’ का मूल संकल्प बताया गया.

जिला प्रशासन को आधुनिक हाउसिंग प्रोजेक्ट तैयार करने के दिये गये निर्देश

प्रधान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘सबका साथ, सबका विकास’ मंत्र के तहत क्षेत्र के विकास को गति दी जा रही है. उन्होंने आठमल्लिक को अपार संभावनाओं वाला क्षेत्र बताते हुए कहा कि डबल इंजन सरकार गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों के लिए आवास योजनाओं के तहत सैकड़ों पक्के घर निर्माण का लक्ष्य लेकर काम कर रही है. इस दिशा में जिला प्रशासन को आधुनिक हाउसिंग प्रोजेक्ट तैयार करने के निर्देश दिये गये हैं. उन्होंने बताया कि सामाजिक सुरक्षा को सुदृढ़ करते हुए नये लाभुकों को जोड़कर ‘अंत्योदय’ के लक्ष्य की दिशा में कार्य जारी है. कृषि प्रधान क्षेत्र होने के कारण यहां मूंगफली, दालें, सब्जियां तथा आम, कटहल, लीची और नींबू जैसे फलों का व्यापक उत्पादन होता है. इन उत्पादों के विपणन के लिए मजबूत व्यावसायिक ढांचा तैयार करने के निर्देश भी प्रशासन को दिये गये हैं. साथ ही, सतकोसिया क्षेत्र के विकास के लिए केंद्र सरकार द्वारा पर्याप्त धनराशि उपलब्ध करायी गयी है. स्थानीय लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए अप्रैल माह में जिला प्रशासन की उपस्थिति में विशेष बैठक आयोजित की जायेगी. उन्होंने यह भी बताया कि क्षेत्र में केंद्रीय विद्यालय की सुविधा, कला एवं संस्कृति के संरक्षण के लिए विशेष पहल तथा महिलाओं के आर्थिक सशक्तीकरण के लिए ‘सुभद्रा’ योजना के माध्यम से प्रयास किये जा रहे हैं.

91 परियोजनाओं का शिलान्यास, 29 का किया लोकार्पण

इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री ने कुल 91 परियोजनाओं में से 183.85 करोड़ रुपये की लागत से 62 परियोजनाओं का शिलान्यास और 20.47 करोड़ रुपये की लागत से 29 परियोजनाओं का लोकार्पण किया गया. ये परियोजनाएं लोक निर्माण, ग्रामीण विकास, पंचायती राज, पेयजल एवं स्वास्थ्य विभाग से संबंधित हैं, जो क्षेत्रीय बुनियादी ढांचे को सुदृढ़ करने और रोजगार के अवसर बढ़ाने में सहायक होंगी. अपने दौरे के दौरान केंद्रीय मंत्री ने आठमल्लिक स्थित श्री रघुनाथ मंदिर तथा अइड़ा ओलाथ स्थित श्रीराम मंदिर में दर्शन भी किये. आठमल्लिक स्टेडियम इलाके में हुए खास कार्यक्रम में अनुगूल विधायक प्रताप चंद्र प्रधान, छेंडीपदा विधायक अगस्ती बेहेरा, आठमल्लिक के पूर्व विधायक रानेम साय और संजीव साहू शामिल हुए. इस मौके पर अनुगूल जिलापाल अब्दुल एम अख्तर और जिला प्रशासन के अधिकारी भी मौजूद थे.

विज्ञापन
BIPIN KUMAR YADAV

लेखक के बारे में

By BIPIN KUMAR YADAV

BIPIN KUMAR YADAV is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola