Rourkela News: दरभंगा गया था परिवार, बिसरा में बंद घर से ढाई लाख नकद और पांच लाख के जेवरात चोरी

Updated:
विज्ञापन
Rourkela News: दरभंगा गया था परिवार, बिसरा में बंद घर से ढाई लाख नकद और पांच लाख के जेवरात चोरी

Rourkela News: बिसरा में एक बंद घर को चोरों ने निशाना बनाया. ढाई लाख रुपये नकद और पांच लाख के जेवरात लेकर फरार हो गये.

विज्ञापन

Rourkela News: बिसरा थाना अंचल के रिहायशी इलाके आशियाना कॉलोनी में एक बंद घर को निशाना बनाते हुए अपराधियों ने एक बड़ी वारदात को अंजाम दिया है. कॉलोनी के स्टाफ क्वार्टर निवासी मो जुबैर अहमद कासमी गुरुवार को जब घर पहुंचे, तो उन्हें चोरी का पता चला. जिसके बाद उन्होंने इसकी शिकायत बिसरा थाना में की.

29 मार्च को गये थे दरभंगा, नौ अप्रैल को लौटे, तो टूटा मिला ताला

जुबैर ने बताया कि 29 मार्च को वे अपने परिवार के साथ बिहार के दरभंगा गए थे. घर को अच्छी तरह से बंद कर ताला लगा दिया था. गुरुवार को जब वे दरभंगा से लौटे, तो पाया कि घर के मुख्य दरवाजे में लगा ताला टूटकर झूल रहा है. जब वे अंदर गये, तो पाया कि अलमारी के ताले टूटे हैं और पूरा सामान जहां-तहां बिखरा पड़ा है. उन्होंने घर के कीमती सामान को तलाशा, तो नहीं मिले. बकौल जुबेर घर से करीब ढाई लाख रुपये की नकदी और पांच लाख से अधिक के सोने-चांदी के जेवरात गायब है. जुबैर ने बताया कि उन्हें घर के पास लोहे की छड़ भी मिली है, जिससे आशंका है कि ताला तोड़ने में इसका इस्तेमाल किया गया होगा. जुबेर की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर तफ्तीश शुरू कर दी है. पुलिस ने फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचकर साक्ष्यों को खंलागा. वहीं कॉलोनी में अगल-बगल रहनेवालों से भी पूछताछ की.

छेंड कॉलोनी में चोरी का मामला : आरोपियों का सुराग नहीं

छेंड थाना अंचल में एक घर से चोरी के मामले में पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है. चोर ने मालिक और परिवार के सदस्यों की अनुपस्थिति में घर की पिछली खिड़की तोड़कर सोने के गहने और नकदी चुरा ली थी. पुलिस ने कॉलोनी में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की है और अपराधियों को पकड़ने के लिए प्रयास कर रही है. राउरकेला एसपी नितेश वाधवानी व्यक्तिगत रूप से मामले की निगरानी कर रहे हैं. उन्होंने जांच अधिकारी के साथ मामले की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की है और अपराधियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने के निर्देश दिये हैं. उन्होंने पिछले कुछ दिनों से छेंड कॉलोनी में हो रही चोरियों पर नाराजगी व्यक्त की है. विदित हो कि छेंड थाना अंतर्गत कलिंग विहार बीजू पटनायक चौक के पास रहने वाले भास्कर शर्मा अपनी स्वास्थ्य समस्याओं के कारण इस महीने की पहली तारीख को परिवार के साथ इलाज के लिए कोलकाता गये थे. छह अप्रैल की सुबह लगभग 8:30 बजे परिवार कोलकाता से राउरकेला लौटा. जिसके बाद उन्हें पता चला कि घर से चोरी हो गयी है. इसकी शिकायत पर पुलिस वैज्ञानिक दल के साथ मौके पर पहुंची और प्रारंभिक जांच की. लेकिन अभी तक चोरी के आरोपियों का सुराग नहीं मिल पाया है.

विज्ञापन
Bipin Kumar Yadav

लेखक के बारे में

By Bipin Kumar Yadav

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola