Bhubaneswar News: बस ने ऑटो में पीछे से मारी टक्कर, छह लोगों की मौत, चार गंभीर

Published by : BIPIN KUMAR YADAV Updated At : 23 May 2026 12:39 AM

विज्ञापन

Bhubaneswar News: गंजाम के लदाकापल्ली चौक के पास एक बस ने ऑटो रिक्शा में पीछे से टक्कर मार दी, जिससे छह लोगों की मौत हो गयी.

विज्ञापन

Bhubaneswar News: गंजाम जिले में शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में छह लोगों की मौत हो गयी, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गये. यह हादसा पुरुषोत्तमपुर थाना क्षेत्र के लदाकापल्ली चौक के निकट उस समय हुआ, जब एक तेज रफ्तार बस ने ऑटो-रिक्शा में पीछे से टक्कर मार दी. मृतकों में एरेंडा गांव निवासी मालि बेहेरा (75), नृसिंह बेहेरा (43), जरड़ा थाना अंतर्गत सामंतरापुर गांव की लीलावती बेहेरा (45), पुरुषोत्तमपुर की नेहा बेहेरा (10) और किरण बेहेरा (08) शामिल हैं.

प्रसिद्ध मां सिंहासिनी मंदिर के दर्शन के लिए जा रहा था परिवार

जानकारी के अनुसार, एक ही परिवार के लगभग 10 सदस्य प्रसिद्ध मां सिंहासिनी मंदिर के दर्शन के लिए ऑटो-रिक्शा से जा रहे थे. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, तेज गति से आ रही बस ने ऑटो को पीछे से जोरदार टक्कर मारी और उसे कुछ दूर तक घसीटते हुए ले गयी, जिससे वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गयी. वहीं, घायल सात यात्रियों को स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से तत्काल कोदला चिकित्सा केंद्र पहुंचाया गया. हालांकि, अस्पताल में उपचार के दौरान तीन अन्य घायलों को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया, जिससे मृतकों की संख्या बढ़कर छह हो गयी. सूत्रों के अनुसार, हादसे में घायल चार लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है. उनकी नाजुक स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए ब्रह्मपुर स्थित एमकेसीजी मेडिकल कॉलेज व अस्पताल रेफर किया गया है. घटना के बाद बस चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया. सूचना मिलने पर कोदला और पुरुषोत्तमपुर पुलिस की संयुक्त टीम घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी. पुलिस फरार चालक की तलाश तथा दुर्घटना में शामिल बस की पहचान के लिए अभियान चला रही है. पुलिस ने बताया कि हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच जारी है.

मुख्यमंत्री ने जताया शोक और 4-4 लाख रुपये मुआवजे की घोषणा की

गंजाम जिले के पुरुषोत्तमपुर क्षेत्र में हुए भीषण सड़क हादसे में छह लोगों की मौत की जानकारी मिलने पर मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने गहरा शोक व्यक्त किया है. मुख्यमंत्री कार्यालय द्वारा यह जानकारी दी गयी है. मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट करते हुए कहा कि राज्य सरकार इस कठिन समय में उनके साथ खड़ी है. उन्होंने प्रत्येक मृतक के निकटतम परिजन को मुख्यमंत्री राहत कोष से 4-4 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है. सरकार की ओर से बताया गया है कि हादसे में घायल लोगों के बेहतर उपचार के लिए सभी आवश्यक चिकित्सा व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं. मुख्यमंत्री ने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना भी की है.

विज्ञापन
BIPIN KUMAR YADAV

लेखक के बारे में

By BIPIN KUMAR YADAV

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola