Bhubaneswar News: बीएसइ ओडिशा ने कक्षा 10वीं के परिणाम घोषित किये, 95.33 रहा पास प्रतिशत

Bhubaneswar News: बीएसइ ओडिशा ने वर्ष 2026 की वार्षिक एचएससी परीक्षा के परिणाम घोषित कर दिये हैं.
Bhubaneswar News: माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (बीएसइ) ओडिशा ने शनिवार को वर्ष 2026 की वार्षिक हाइस्कूल सर्टिफिकेट परीक्षा (एचएससी) के परिणाम घोषित कर दिये हैं. इस वर्ष कुल उत्तीर्ण प्रतिशत 95.33% दर्ज किया गया है. बोर्ड कार्यालय, कटक में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में स्कूल एवं जन शिक्षा मंत्री नित्यानंद गोंड की उपस्थिति में परिणामों की घोषणा की गयी.
5,36,306 बच्चों ने दी थी परीक्षा, 2,56,099 छात्र व 2,63,152 छात्राएं उत्तीर्ण
इस वर्ष एचएससी परीक्षा के लिए कुल 5,44,670 छात्रों ने फॉर्म भरे थे, जिनमें से 5,36,306 छात्र परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 8,364 छात्र अनुपस्थित रहे. नियमित श्रेणी में कुल 5,19,251 छात्र सफल घोषित किये गये, जिनमें 2,56,099 छात्र और 2,63,152 छात्राएं शामिल हैं. इस वर्ष 3310 स्कूलों ने 100% परिणाम दर्ज किया है. जिलावार प्रदर्शन में गजपति जिला 99.31% उत्तीर्ण प्रतिशत के साथ राज्य में शीर्ष पर रहा, जबकि क्योंझर जिला 94.35% के साथ सबसे निचले स्थान पर रहा. ग्रेडवार परिणामों के अनुसार, 2456 छात्रों ने ए1, 15681 ने ए2, 43565 ने बी1 तथा 86103 ने बी2 ग्रेड प्राप्त किया. वहीं एक लाख 29 हजार 813 छात्र सी ग्रेड में, एक लाख 46 हजार 152 डी ग्रेड में तथा 95,481 छात्र ई ग्रेड में उत्तीर्ण हुए. एक्स-रेगुलर श्रेणी में 1433 छात्रों ने परीक्षा दी, जिनमें से 217 छात्र सफल रहे, जिससे इस श्रेणी का उत्तीर्ण प्रतिशत 14.16% रहा. इस वर्ष राज्यभर के 3,082 परीक्षा केंद्रों पर कुल 5,61,979 छात्रों ने परीक्षा दी, जो 19 फरवरी से 2 मार्च 2026 के बीच आयोजित की गयी थी.
राज्य मुक्त विद्यालय परीक्षा में 59.82% बच्चे हुए पास
बोर्ड ने बताया कि परिणाम आज शाम 6:00 बजे से आधिकारिक वेबसाइटों www.bseodisha.nic.in और www.bseodisha.ac.in पर उपलब्ध हैं. इस वर्ष पहली बार सफल छात्रों के प्रमाणपत्र ओड़िया और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में जारी किये जायेंगे. पिछले वर्ष 2025 में उत्तीर्ण प्रतिशत 96.7% रहा था. इसके अलावा मध्यमा परीक्षा 2026 में 3,358 छात्रों ने फॉर्म भरे, जिनमें से 2,982 परीक्षा में शामिल हुए और 2,931 छात्र उत्तीर्ण हुए, जिससे उत्तीर्ण प्रतिशत 87.3% रहा. राज्य मुक्त विद्यालय परीक्षा 2026 में 12,378 छात्रों ने आवेदन किया, जिनमें से 10,043 ने परीक्षा दी और 7,405 छात्र उत्तीर्ण हुए, जिसका उत्तीर्ण प्रतिशत 59.82% रहा.
सुंदरगढ़ जिले के 97.48 फीसदी परीक्षार्थी सफल, 56 को मिला ए-1 ग्रेड
बाेर्ड आफ सेकेंडरी एजुकेशन (बीएसइ) ओडिशा द्वारा संचालित दसवीं मैट्रिक परीक्षा का परिणाम शनिवार को जारी कर दिया गया है. इस परीक्षा में सुंदरगढ़ जिले के 97.48 फीसदी परीक्षार्थी सफल रहे हैं, जो राज्य के 96.82 फीसदी से बेहतर है. जिले के 56 परीक्षार्थियों ने ए-1 ग्रेड हासिल किया है. जानकारी के अनुसार, इस परीक्षा में सुंदरगढ़ जिले के कुल 23839 परीक्षार्थियों ने आवेदन किया था. 19 फरवरी से दो मार्च तक आयोजित इस परीक्षा में कुल 268 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे थे. 23571 छात्र-छात्राओं ने परीक्षा में हिस्सा लिया था. कुल 22976 परीक्षार्थियों ने इस परीक्षा में सफलता हासिल की है. इसमें जिले के 56 परीक्षार्थियों ने ए-1, 326 ने ए-2, 1094 ने बी-1, 2829 ने बी-2, 5652 ने सी, 7604 ने डी, 5415 ने इ ग्रेड से परीक्षा उत्तीर्ण की है. 595 परीक्षार्थी असफल रहे हैं. इस वर्ष परीक्षा में कदाचार का एक भी मामला सामने नहीं आया था.कुतरा का सुजीत तिग्गा बना जिला टॉपर
बोर्ड आफ सेकेंडरी एजुकेशन (बीएसइ), ओडिशा द्वारा संचालित मैट्रिक की परीक्षा में जिले के कुल 56 परीक्षार्थियों ने ए-1 ग्रेड हासिल किया है. जिसमें कुतरा हाइस्कूल के सुजीत तिग्गा ने 575 अंकों के साथ पहला स्थान हासिल कर जिला टॉपर बनने का गौरव हासिल किया है. इसी हाइस्कूल के सेलमोंग लुगून ने 573 अंक के साथ दूसरा, सेक्टर-6 राउरकेला सरस्वती शिशु विद्या मंदिर की जिग्ना नायक ने 567 नंंबरों के साथ तीसरा स्थान हासिल किया है.प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










