Sambalpur News: छठी बटालियन कटक ने जीता कबड्डी और हैंडबॉल चैंपियनशिप का डबल टाइटल
Published by : BIPIN KUMAR YADAV Updated At : 23 May 2026 11:28 PM
Sambalpur News: 79वीं राज्य पुलिस कबड्डी और 11वीं हैंडबॉल चैंपियनशिप का खिताब कटक ने जीता है.
Sambalpur News: अनुगूल जिले के पीटीसी परेड ग्राउंड में आयोजित 79वीं राज्य पुलिस कबड्डी और 11वीं हैंडबॉल चैंपियनशिप में छठी बटालियन कटक ने डबल टाइटल जीता है. शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए छठी बटालियन ने कबड्डी और हैंडबॉल दोनों प्रतियोगिताओं का खिताब हासिल किया है. कबड्डी के फाइनल में छठी बटालियन ने 40-6 प्वांइट से चतुर्थ आइआरबी बटालियन देवगढ़ को हराया. वहीं हैंडबॉल के फाइनल में छठी बटालियन ने 29-17 के अंतर से क्योंझर जिला पुलिस को पराजित कर खिताब जीता.
कबड्डी में मनिंद्र कुमार, बैंडबॉल में विश्वनाथ कअंर सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी
शुक्रवार शाम को अनुगूल एसपी राहुल जैन की अध्यक्षता में आयोजित समापन समारोह में उत्तर केंद्राचल के आइजी सत्यव्रत भोई ने मुख्य अतिथि के रूप में दोनों चैंपियन और रनर-अप टीमों को ट्रॉफी प्रदान की. सम्मानित अतिथि के रूप में ढेंकानाल एसपी अभिनव सोनकर, पीटीसी के उपाध्यक्ष शेख शरीफ और खेल अधिकारी नीलमाधव स्वांई ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया. कबड्डी चैंपियनशिप में चतुर्थ बटालियन देवगढ़ ने दूसरा स्थान हासिल किया, जबकि तृतीय ओएसएपी कोरापुट ने तीसरा स्थान प्राप्त किया. अनुगूल टीम अनुशासित टीम के रूप में पुरस्कृत हुई. देवगढ़ के मोतीलाल बाग बेस्ट रेडर, कटक के ब्रह्मानंद खुंटिया बेस्ट कैचर और मनिंद्र कुमार नायक सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुने गये. हैंडबॉल चैंपियनशिप में पहली बटालियन ढेंकानाल ने तीसरा स्थान हासिल किया. राउरकेला जिला पुलिस अनुशासित टीम के रूप में पुरस्कृत हुई. छठवीं आइआरबीएन खुर्दा के सुशांत कुमार सेठी बेस्ट गोलकीपर, ढेंकानाल के दिव्यलोचन साहू बेस्ट स्कोरर और छठी बटालियन कटक के विश्वनाथ कअंर सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुने गये. मुख्य अतिथि आइजी भोई ने अनुगूल जिला पुलिस को सफल आयोजन के लिए प्रशंसा की. उन्होंने कहा कि कबड्डी और हैंडबॉल खेल पुलिस वृत्ति के साथ गहराई से जुड़े हैं. यह खेल शरीर को स्वस्थ रखने के साथ एकता और आत्मविश्वास बढ़ाता है. ओडिशा पुलिस के इतिहास में खेल हमेशा एक प्रेरणा रहा है. अतिरिक्त एसपी उपासना पाढ़ी ने धन्यवाद दिया.
झारसुगुड़ा : लैयकरा टीम ने नवदास मेमोरियल नाइट क्रिकेट टूर्नामेंट का खिताब जीता
लैयकरा मिनी स्टेडियम में 17 मई से शुरू तृतीय नवदास मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट शुक्रवार की रात संपन्न हो गया. इस टूर्नामेंट में कुल 16 टीमों ने भाग लिया था. समापन समारोह में लैयकरा थाना अधिकारी ललिंद्र डनसेना अतिथि थे. इस प्रतियोगिता का फाइनल मैच लैयकरा और रंगियाटिकरा के बीच खेला गया. लैयकरा टीम चार विकेट से मैच जीतकर इस साल की चैंपियन बनी. अंपायर के रूप में विद्याधर किसान और रितेश मेहर ने खेल का संचालन किया. वरिष्ठ खेल शिक्षक पीतांबर साहू, जुगल पटेल, संजय बेहरा, कुबेर कुंभार, राजेश पटेल, अमिय पटेल आदि ने भी प्रतियोगिता में अंपायर की भूमिका निभायी. पूर्व स्वास्थ्य मंत्री दिवंगत नव किशोर दास के पुत्र व युवा नेता विशाल दास टूर्नामेंट में शामिल हुए और खिलाड़ियों और आयोजकों का हौसला बढ़ाया. समापन समारोह में ब्लॉक चेयरमैन संजीत नाइक, गांव के मुखिया टंकधर नाइक, पूर्व जिला परिषद के उपाध्यक्ष भूपाल चंद्र बेहेरा, समाजसेवी पंचानन नाइक, अर्जुन मेहर, एसडीजी खान, कलीम खान, दिलीप बेहेरा, सुरेंद्र पटेल, हेमसागर बेहेरा अतिथि के रूप में उपस्थित थे. चैंपियन टीम को 25,000 रुपये और एक ट्रॉफी और रनर-अप टीम को 20,000 रुपये और एक ट्रॉफी दी गयी. आयोजक लैयकरा एथलेटिक एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रदीप बेहेरा और सचिव जितेंद्र बेहेरा ने टूर्नामेंट आयोजित करने में सहयोग किया.प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










