पांच जिलों में बाढ़ की स्थिति गंभीर, 3000 लोगों काे बचाया गया

Updated:
विज्ञापन

मयूरभंज में बाढ़ प्रभावितों में सूखा राशन वितरित करते ओड्राफ कर्मी.

ओडिशा के चार जिलों में बाढ़ का कहर जारी है। प्रशासन ने 3,000 लोगों को सुरक्षित निकाला और राहत कार्य के लिए एनडीआरएफ की टीमें तैनात की हैं।

विज्ञापन

भुवनेश्वर : दो दिनों से हो रही भारी बारिश के बाद ओडिशा के कम से कम पांच जिले फिर बाढ़ की चपेट में आ गये हैं. इसके मद्देनजर प्रशासन ने निचले इलाकों में रह रहे लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाना शुरू कर दिया है और राहत केंद्र खोले हैं. अधिकारियों के अनुसार, बालेश्वर, मयूरभंज, भद्रक, जाजपुर और क्योंझर जिले फिर से बाढ़ की चपेट में आ गये हैं.

ग्रामीणों को राहत केंद्रों में पहुंचाया गया

एसआरसी विशेष राहत आयुक्त (एसआरसी) राजेश प्रभाकर पाटिल ने बताया कि बालेश्वर, मयूरभंज, भद्रक और जाजपुर जिलों की 45 ग्राम पंचायतों के ग्रामीणों को निकालकर राहत केंद्रों में पहुंचाया जा रहा है, जहां उन्हें पका हुआ भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है. उन्होंने कहा कि जलका और बूढ़ाबलंग नदियों का जलस्तर बढ़ने से बालेश्वर शहर, बस्ता और भोगराई इलाके में बाढ़ की स्थिति पैदा हुई है. पाटिल ने कहा कि बालेश्वर जिला प्रशासन को सतर्क कर दिया गया है क्योंकि सुवर्णरेखा नदी का जलस्तर भी बढ़ रहा था.

वैतरणी का जलस्तर बढ़ा, क्योंझर में भी बाढ़ की स्थिति

एक अन्य अधिकारी ने बताया कि भारी बारिश के कारण वैतरणी नदी का जलस्तर बढ़ने से क्योंझर जिले में भी बाढ़ की स्थिति बन गयी है. उन्होंने कहा कि जोडा, चंपुआ, बड़बिल और आनंदपुर प्रखंड प्रभावित हुए हैं और आनंदपुर रिंग तटबंध में दरार पड़ने के बाद पानी रिहायशी इलाकों में घुस गया है. अधिकारी ने बताया कि सारंडा के पास एक राज्य राजमार्ग जलमग्न है. प्रशासन ने संवेदनशील इलाकों से लोगों को निकालकर बाढ़ राहत शिविरों में पहुंचाया है.

बारीपदा नपा क्षेत्र के निचले इलाकों में घुसा पानी

मयूरभंज जिले के एक अधिकारी ने बताया कि बूढ़ाबलंग नदी का पानी बारीपदा नगर पालिका क्षेत्र के निचले इलाकों में घुस गया है और प्रशासन लोगों को सुरक्षित स्थानों पर भेज रहा है. मयूरभंज के रसगोविंदपुर प्रखंड में सारुमूला के पास पुल के ऊपर लगभग चार फीट पानी बह रहा था, जिससे यातायात बाधित हुआ. बारीपदा-अमरदा सड़क भी इससे प्रभावित हुई है. बांगिरीपोसी में कालियामी ब्रिज के ऊपर से पानी बह रहा है. एक और अधिकारी ने बताया कि वैतरणी नदी और उसकी सहायक नदी कानी में जलस्तर बढ़ने के कारण जाजपुर जिले में इस मॉनसून में चौथी बार बाढ़ आयी.

ओड्राफ की 10 व एनडीआरएफ की सात टीमें तैनात

एसआरसी राजेश प्रभाकर पाटिल ने कहा कि बालेश्वर, मयूरभंज, जाजपुर और भद्रक जिलों में बचाव कार्य के लिए ओडिशा आपदा मोचन बल (ओडीआरएएफ) की 10 और राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) की सात टीमों सहित कम से कम 17 बचाव दल तैनात किये गये हैं. इसके अलावा अग्निशमन कर्मियों को भी राहत एवं बचाव कार्यों में लगाया गया है. जलका, सालंदी, वैतरणी, बूढ़ाबलंग और सुवर्णरेखा नदियों में जलस्तर बढ़ा है. इसके कारण जाजपुर, बालेश्वर, भद्रक और मयूरभंज के कई हिस्सों में बाढ़ की स्थिति बनी है.

सुंदरगढ़, संबलपुर समेत कई जिलों में भारी बारिश का अनुमान

मौसम विभाग ने सुंदरगढ़, बरगढ़, संबलपुर और झारसुगुड़ा जिलों के लिए शनिवार सुबह साढ़े आठ बजे तक भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान जताते हुए 'ऑरेंज अलर्ट' जारी किया है. इसमें 14 अन्य जिलों में भी भारी बारिश का अनुमान जताया गया है. समुद्र में स्थिति खराब रहने के अनुमान को देखते हुए मछुआरों को सलाह दी गयी है कि वे 15 अगस्त की सुबह तक बंगाल की खाड़ी में न जायें.


विज्ञापन
Bipin Kumar Yadav

लेखक के बारे में

By Bipin Kumar Yadav

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola