जानें क्यों इस मेडिकल कॉलेज में बार-बार आ रहे सांप
कैंपस में सांप.
राउरकेला के होम्योपैथिक मेडिकल कॉलेज में सांपों का आतंक, तीन महीने में 40 सांप मिलने से छात्र और मरीज दहशत में। प्रशासन से सुरक्षा की मांग।
राउरकेला : सेक्टर-21 उत्कमणि होम्योपैथिक मेडिकल कॉलेज और हॉस्पिटल (यूएचएमसीएच) में खाली जमीन और झाड़ियों ने विद्यार्थी, मरीजों और कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है. विद्यार्थियों के अनुसार पिछले तीन महीने में कैंपस से 40 से ज्यादा सांप रेस्क्यू किये गये हैं. कुछ दिन पहले ओपीडी गेट के पास एक अजगर भी पकड़ा गया था. इस घटना के बाद कैंपस में विद्यार्थी और मरीज भयभीत हैं.ज्ञात हो कि यह कॉलेज कैंपस में साफ-सफाई का अभाव है, बड़ी-बड़ी झाड़ियां उग आई हैं. इसलिए अकसर कैंपस में सांप देखे जानी की घटनाएं सामने आती रहती हैं.
बार-बार पत्राचार के बाद भी नहीं उठाया गया कदम
कॉलेज के विद्यार्थियों का कहना है कि प्रशासनिक विभाग और संबंधित अधिकारियों को बार-बार पत्राचार और अनुरोध करने के बाद भी खाली जमीन को साफ करने और रखरखाव के लिए कोई कदम नहीं उठाया गया है. विद्यार्थियों ने यह भी शिकायत की है कि एकेडमिक ब्लॉक से लेकर हॉस्टल और ओपीडी तक कई जगहों पर ग्रिल के दरवाजे भी पूरी तरह से सुरक्षित नहीं हैं. ऐसे में जहरीले सांपों या दूसरे जंगली जानवरों के कैंपस में घुसने का खतरा बना रहता है.
कॉलेज में साफ-सफाई और सुरक्षा के इंतजाम मजबूत करने की मांग
यूएचएमसीएच एक सरकारी होम्योपैथिक मेडिकल कॉलेज व हॉस्पिटल के तौर पर पंजीकृत है और यह सेक्टर-21, नयाबाजार, राउरकेला में है. जिससे इस समस्या का समाधान करने के लिए विद्यार्थियों ने राज्य सरकार, आयुष विभाग और संबंधित प्रशासन से तुरंत दखल देने की मांग की है, ताकि कैंपस की अस्त-व्यस्त जमीन को साफ किया जा सके, जरूरी मरम्मत की जा सके, सुरक्षा के इंतजाम मजबूत किये जा सकें और सांपों का प्रवेश रोकने के लिए जरूरी कदम उठाये जा सकें. विद्यार्थियों का कहना है कि यह सिर्फ सफाई का मामला नहीं है, बल्कि विद्यार्थी, मरीजों और स्टाफ की जान और सुरक्षा से जुड़ा एक गंभीर मुद्दा है. इसलिए कोई भी अप्रिय घटना होने से पहले कॉलेज प्रशासन तुरंत प्रभावी कदम उठाये.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By जगन्नाथ महतो
जगन्नाथ महतो को पत्रकारिता का 25 सालों का अनुभव है. वे वर्ष 2001 से इस क्षेत्र में सक्रिय हैं. उन्होंने संबलपुर विश्वविद्यालय से स्नातक किया है. राजनीति और खेल की रिपोर्टिंग में इनकी विशेषज्ञता है. डिजिटल जर्नलिज्म का छह साल का अनुभव है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










