जंगल में मिला चोरी की बाइक्स का ठिकाना, चोरों के अंतरजिला गिरोह का भंडाफोड़
Published by : Sweta Vaidya Updated At : 02 Jun 2026 2:26 PM
पुलिस ने बरामद की बाइक
West Singhbhum News: नोवामुंडी, बड़ा जामदा, किरीबुरु और जमशेदपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने एक अंतरजिला वाहन चोर गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है. पुलिस ने 20 चोरी की मोटरसाइकिल और स्कूटी बरामद की है. इससे जुड़ी खबर नीचे पढ़ें.
नोवामुंडी से सुबोध मिश्रा की रिपोर्ट
West Singhbhum News: पश्चिमी सिंहभूम के बीहड़ जंगलों में चलाए गए बड़े पुलिस अभियान में नोवामुंडी थाना, बड़ा जामदा थाना, किरीबुरु थाना और जमशेदपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने अंतरजिला वाहन चोर गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है. पुलिस ने दो शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार कर उनकी निशानदेही पर अलग-अलग कंपनियों की 20 चोरी की मोटरसाइकिल और स्कूटी बरामद की हैं. बरामद वाहनों की अनुमानित कीमत 25 से 30 लाख रुपये आंकी गई है.
गुप्त सूचना पर बनी विशेष टीम
इस कार्रवाई की सबसे बड़ी विशेषता यह रही कि चोरी की गई अधिकांश बाइक पश्चिमी सिंहभूम के दुर्गम पहाड़ी क्षेत्रों और घने जंगलों में छिपाकर रखी गई थीं. जिन स्थानों से वाहन बरामद किए गए, वहां तक पहुंचना भी आसान नहीं था. ऊबड़-खाबड़ रास्तों, घने जंगलों और मुश्किल भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद पुलिस टीम ने साहस, धैर्य और पेशेवर दक्षता का परिचय देते हुए एक-एक वाहन को बरामद कर लिया. पुलिस अधीक्षक को मिली गुप्त सूचना के आधार पर किरीबुरु अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी विनीत कुमार किंडो के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया. टीम ने सबसे पहले नोवामुंडी थाना क्षेत्र के डूका साई से जमशेदपुर के बिरसानगर निवासी सोनू लोहरा उर्फ भोला (20 वर्ष) को गिरफ्तार किया. उसकी निशानदेही पर पांच चोरी की बाइक बरामद की गईं. इसके बाद चाईबासा के टोंटोगढ़ा निवासी राज पुरती (23 वर्ष) को गिरफ्तार किया गया. दोनों आरोपियों से पूछताछ के बाद छोटानागरा, किरीबुरु और जंगल क्षेत्र के अन्य ठिकानों से शेष चोरी के वाहन बरामद किए गए.
जंगल बना था चोरी की बाइकों का ठिकाना
प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि गिरोह शहरों से मोटरसाइकिल चोरी कर उन्हें जंगलों में छिपा देता था, ताकि पुलिस की नजरों से बचा जा सके. गिरोह ने जंगलों को ही चोरी के वाहनों का सुरक्षित ठिकाना बना रखा था. लेकिन नोवामुंडी, बड़ा जामदा, किरीबुरु और जमशेदपुर पुलिस की संयुक्त रणनीति और लगातार कार्रवाई के आगे अपराधियों की सारी चालाकी धरी की धरी रह गई.
बरामद वाहनों की सूची
होंडा एक्टिवा 3जी, बजाज पल्सर एन-200, हीरो सुपर स्प्लेंडर, यामाहा आर-15, हीरो ग्लैमर, हीरो सीबीजेड, यामाहा एफजेड, हीरो स्प्लेंडर प्रो, हीरो डीलक्स, होंडा सीबी शाइन, होंडा एक्टिवा स्कूटी, हीरो स्प्लेंडर प्लस समेत विभिन्न कंपनियों की कुल 20 मोटरसाइकिल और स्कूटी बरामद की गई हैं. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में वाहन चोरी पर अंकुश लगाने की दिशा में यह एक बड़ी सफलता है. साथ ही आम लोगों से अपील की गई है कि बिना वैध दस्तावेजों के किसी भी वाहन की खरीद-बिक्री न करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि या संदिग्ध वाहन की सूचना तत्काल स्थानीय पुलिस प्रशासन को दें.
छापामारी दल में शामिल सदस्य
इस विशेष अभियान का नेतृत्व किरीबुरु अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी विनीत कुमार किंडो ने किया। छापामारी दल में पुलिस निरीक्षक वासुदेव मुंडा (नोवामुंडी अंचल), थाना प्रभारी नयन कुमार सिंह (नोवामुंडी), थाना प्रभारी रोहित कुमार (किरीबुरु), थाना प्रभारी बालेश्वर उरांव (बड़ा जामदा ओपी), पुलिस अवर निरीक्षक पूर्णिमा कुमारी (नोवामुंडी), पुलिस अवर निरीक्षक दानियल सांगा (सिदगोड़ा थाना, जमशेदपुर), सहायक अवर निरीक्षक सुशांत शिंदे (सिदगोड़ा थाना, जमशेदपुर), निरीक्षक देवशरण महतो, ललन कुमार सांगा सहित नोवामुंडी थाना, किरीबुरु थाना और बड़ा जामदा ओपी के रिजर्व गार्ड और सशस्त्र बल के जवान एक साथ इस छापामारी अभियान में शामिल थे.
यह भी पढ़ें: भू-माफिया और रंगबाजों पर काल बनकर टूटेगी झारखंड पुलिस, ADG ने दिया ‘जीरो टॉलरेंस’ का अल्टीमेटम
यह भी पढ़ें: Palamu News: रामपुर विवाद पर बोले भाजपा नेता ज्योतिरीश्वर सिंह, चेहरा देखकर नहीं, सच्चाई पर होना चाहिए न्याय
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Sweta Vaidya
श्वेता वैद्य प्रभात खबर डिजिटल में जूनियर कंटेंट राइटर के तौर पर कार्यरत हैं. कंटेंट राइटिंग के क्षेत्र में एक साल से अधिक का अनुभव है. पिछले करीब दो महीनों से वे झारखंड बीट पर सक्रिय रूप से काम कर रही हैं. इस दौरान वे राज्य से जुड़ी ताजा खबरों, लोगों से जुड़े मुद्दे और जरूरी जानकारियों पर आधारित स्टोरीज तैयार कर रही हैं. इससे पहले उन्होंने लाइफस्टाइल बीट के लिए भी कंटेंट लिखा. इस बीट में उन्होंने रेसिपी, फैशन, ब्यूटी टिप्स, होम डेकोर, किचन टिप्स, गार्डनिंग टिप्स और लेटेस्ट मेहंदी डिजाइन्स जैसे रोजमर्रा की जिंदगी से जुड़े विषयों पर रोचक और उपयोगी आर्टिकल लिखे. श्वेता की हर बार कोशिश यही रहती है कि बात आसान, साफ और सीधे तरीके से लोगों तक पहुंचे, जिससे कि हर कोई उसे बिना दिक्कत के समझ सके. कंटेंट राइटर के तौर पर उनका फोकस होता है कि कंटेंट सिंपल, रिलेटेबल और यूजर-फ्रेंडली हो.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










