नोवामुंडी में संकुल स्तरीय प्रश्नमंच व संस्कृति महोत्सव आयोजित

मंच पर विराजमान अतिथि गण और विजेता को पुरस्कार देते हुए | Prabhat Khabar Network
नोवामुंडी के पद्मावती जैन सरस्वती शिशु मंदिर में संकुल स्तरीय प्रश्नमंच और संस्कृति महोत्सव का आयोजन हुआ. विद्यालय ने कई प्रतियोगिताओं में प्रथम स्थान प्राप्त किया.
प्रतिनिधि, नोवामुंडी
पद्मावती जैन सरस्वती शिशु मंदिर नोवामुंडी में शनिवार को संकुल स्तरीय प्रश्नमंच प्रतियोगिता एवं संस्कृति महोत्सव का आयोजन किया गया. महोत्सव में नोवामुंडी, बड़ाजामदा, कोटगढ़, जगन्नाथपुर, हाटगम्हरिया और जैंतगढ़ सहित छह सरस्वती शिशु मंदिरों के विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया. कार्यक्रम का शुभारंभ प्रबंधन समिति के अध्यक्ष सुनील कुमार सिंह, सचिव चितरंजन बेहरा, प्रधानाचार्या सीमा पालित तथा बड़ा जामदा के प्रधानाचार्य पशुपतिनाथ चौधरी ने भारत माता के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया. इसके बाद बैजन्ती पान ने प्रतियोगिताओं की रूपरेखा प्रस्तुत की.
महोत्सव के दौरान शिशु, बाल एवं किशोर वर्ग में संस्कृति बोध, संस्कृत व अंग्रेजी प्रश्नमंच के साथ कथा-कथन, त्वरित भाषण, मूर्तिकला और लोकनृत्य प्रतियोगिताओं का आयोजन हुआ. प्रतियोगिता में मेजबान पद्मावती जैन सरस्वती शिशु मंदिर, नोवामुंडी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपना परचम लहराया. विद्यालय ने अंग्रेजी प्रश्नमंच, कथा-कथन तथा त्वरित भाषण के तीनों वर्गों में पहला स्थान हासिल किया. साथ ही संस्कृत प्रश्नमंच (शिशु व बाल वर्ग), संस्कृति बोध प्रश्नमंच (शिशु वर्ग), मूर्तिकला (बाल व किशोर वर्ग) और लोकनृत्य में भी प्रथम स्थान प्राप्त किया.
इसके अलावा जगन्नाथपुर, जैंतगढ़ और बड़ा जामदा के विद्यार्थियों ने भी उत्कृष्ट प्रदर्शन किया. समापन समारोह में प्रधानाचार्या सीमा पालित ने अतिथियों व अन्य विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को अंगवस्त्र तथा आचार्य-दीदियों को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया. आयोजन को सफल बनाने में विद्यालय परिवार व बाल संसद की सराहनीय भूमिका रही.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










