चक्रधरपुर मानव तस्करी मामला : अंतरराज्यीय गिरोह के तीन और तस्कर गिरफ्तार, भेजे गये जेल

चक्रधरपुर मानव तस्करी कांड: पुलिस ने 3 और लोगों को दबोचा, कुल 5 आरोपी जेल भेजे गए | Prabhat Khabar Network
चक्रधरपुर मानव तस्करी मामले में पुलिस ने तीन और तस्करों को गिरफ्तार किया है. अब तक कुल पांच आरोपियों को जेल भेजा जा चुका है. पूरी जानकारी यहाँ पढ़ें.
प्रतिनिधि, चक्रधरपुर
चक्रधरपुर में 17 मई को हुए मानव तस्करी के बड़े मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन और स्थानीय तस्करों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. इसके साथ ही इस अंतरराज्यीय गिरोह में गिरफ्तार आरोपियों की संख्या बढ़कर 5 हो गयी है. गिरफ्तार आरोपियों में पांड्राशाली ओपी क्षेत्र निवासी बुधराम गोप (40 वर्ष), कुम्हारडुंगी निवासी दुर्योधन कुमार उर्फ बिरजू (40 वर्ष) और मुफ्फसिल थाना क्षेत्र निवासी तुराम कांडेयांग उर्फ अरुण (45 वर्ष) शामिल हैं. ये तीनों आरोपी भोले-भाले ग्रामीणों को मोटी कमाई का लालच देकर तस्करी के जाल में फंसाते थे और बंधुआ मजदूरी के लिए बाहर भेजकर खुद मोटी रकम कमाते थे.
17 मई की रात ऐसे हुआ था खुलासा
17 मई 2026 की रात पोड़ाहाट एसडीपीओ डॉ. सैयद मुस्तफा हासमी को गुप्त सूचना मिली थी कि स्थानीय ''के-2'' होटल में कुछ तस्करों ने नाबालिगों और वयस्कों को बंधक बनाकर रखा है. एसपी अमित रेणु के निर्देश पर चक्रधरपुर थाना प्रभारी अवधेश कुमार, श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी साजेस माहतो, कर्रा सोसाइटी और चाइल्डलाइन की संयुक्त टीम ने होटल में छापेमारी की. छापेमारी के दौरान तस्करों के चंगुल से 30 मजदूर (महिला-पुरुष) और 6 नाबालिग बच्चे (5 लड़के, 1 लड़की) मुक्त कराए गए, जिन्हें बंधुआ मजदूरी के लिए गुजरात ले जाने की तैयारी थी. पुलिस ने मौके से बस (क्यूआर 11एच 0797) भी जब्त की थी.
गुजरात के दो मुख्य तस्कर पहले ही जा चुके हैं जेल
मामले में पुलिस ने सबसे पहले गुजरात के मोरबी (राजकोट) निवासी दो मुख्य आरोपियों निकुंज गोविन्द बोरसानिया (32 वर्ष) और कादिवार निलेश भाई जेयेन्द्र भाई (34 वर्ष) को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा था.
बच्चों को सौंपा गया चाइल्डलाइन
बाल कल्याण समिति चाईबासा के निर्देश पर मुक्त कराए गए सभी 6 बच्चों को काउंसलिंग के लिए चाइल्डलाइन को सौंप दिया गया है. पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में मानव तस्करी के खिलाफ कड़ी निगरानी रखी जा रही है और इस अवैध धंधे में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By रवि शंकर मोहंती
रवि शंकर मोहंती तकरीबन 18 सालों से पत्रकारिता कर रहे हैं. उन्होंने कोल्हन विश्वविद्यालय से राजनीतिक शास्त्र में एमए किया है. ग्रामीण पत्रकारिता के क्षेत्र में इनकी पकड़ अच्छी है. डिजिटल जर्नलिज्म में नौ साल का अनुभल है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










