ePaper

डीएवी चाईबासा ने महुलडीहा उवि को पांच विकेट से हराया

Updated at : 27 Apr 2024 11:33 PM (IST)
विज्ञापन
डीएवी चाईबासा ने महुलडीहा उवि को पांच विकेट से हराया

ज्ञानचंद जैन अंतर स्कूल क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन हुआ.

विज्ञापन

चाईबासा.

उद्योगपति सह समाजसेवी पदम कुमार जैन प्रायोजित एवं पश्चिमी सिंहभूम जिला क्रिकेट संघ की ओर से आयोजित 13वीं ज्ञानचंद जैन अंतर स्कूल क्रिकेट प्रतियोगिता के तहत शनिवार को खेले गये मैच में चाईबासा के सूरजमल जैन डीएवी पब्लिक स्कूल ने महुलडीहा उच्च विद्यालय को पांच विकेट से पराजित कर विजय अभियान की शुरुआत की. आज की जीत के साथ ही डीएवी के कुल चार अंक हो गये हैं. बिरसा मुंडा क्रिकेट स्टेडियम मैदान पर खेले गये मैच में उच्च विद्यालय महुलडीहा के कप्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लिया. पहले बल्लेबाजी करते हुए महुलडीहा की टीम ने निर्धारित 20 ओवर में आठ विकेट खोकर 75 रन बनाये. पीयूष महतो ने दो चौकों की सहायता से 27 रन तथा विजय प्रधान ने दो चौकों की मदद से 19 रन बनाये. डीएवी की ओर से गेंदबाजी करते हुए हितेश वैद्य ने 12 रन देकर दो विकेट तथा प्रियांशु कुमार ने 22 रन देकर दो खिलाड़ियों को चलता किया. जीत के लिए निर्धारित लक्ष्य का पीछा करने उतरी सूरजमल जैन डीएवी पब्लिक स्कूल की टीम ने 13.2 ओवर में 79 रन बनाकर मैच अपने नाम कर लिया. हालांकि, इस प्रयास में उनके पांच बल्लेबाज पवेलियन लौट गये. डीएवी की ओर से शौर्य वीर ने चार चौकों की मदद से 18 नाबाद रन, हितेश वैद्य ने चार चौकों की सहायता से 17 रन व यश यादव ने एक छक्के की मदद से 13 नाबाद रन बनाकर टीम की जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभायी. उच्च विद्यालय महुलडीहा की ओर से आशीष लोहरा ने 34 रन देकर तीन खिलाड़ियों को चलता किया. हरभजन कालिंदी व अभिनव महतो को एक-एक सफलता हाथ लगी. मैच समाप्ति के बाद आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में दिलीप बनर्जी ने मैच में शानदार प्रदर्शन कर अपनी टीम को जीत दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले सूरजमल जैन डीएवी पब्लिक स्कूल के हितेश वैद्य को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार देकर सम्मानित किया. इस अवसर पर पश्चिमी सिंहभूम जिला क्रिकेट संघ के महासचिव असीम कुमार सिंह, गुरमीत सिंह, मैच के दोनों अंपायर तेजनाथ लकड़ा एवं सुजीत रॉय तथा स्कोरर उपेंद्र चौरसिया आदि उपस्थित थे. प्रतियोगिता का अगला मुकाबला रविवार को प्रातः सात बजे से पद्मावती जैन सरस्वती शिशु विद्या मंदिर चाईबासा का पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय चक्रधरपुर से होगा.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
Prabhat Khabar News Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola