ePaper

कड़ी सुरक्षा के बीच शांतिपूर्ण हुई वोटिंग

Updated at : 23 Feb 2026 10:49 PM (IST)
विज्ञापन
कड़ी सुरक्षा के बीच शांतिपूर्ण हुई वोटिंग

नगर परिषद चुनाव. मतदान के लिए कुल 37 मतदान केंद्र बनाये गये थे, मतदाताओं में दिखा उत्साह

विज्ञापन

सिमडेगा. सिमडेगा में नगर परिषद चुनाव की वोटिंग शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई. मतदान के लिए कुल 37 मतदान केंद्र बनाये गये थे. सभी केंद्रों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किये गये थे. निर्धारित समय के अनुसार सुबह सात बजे से मतदान प्रक्रिया शुरू कर दी गयी थी. मतदानकर्मी समय पर अपने-अपने केंद्रों पर पहुंच गये थे. मतदान कार्य अपराह्न पांच बजे तक जारी रहा. इस दौरान कहीं से भी किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली. मतदान को लेकर लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला. सुबह से ही मतदाता अपने घरों से निकल कर मतदान केंद्रों की ओर बढ़ने लगे थे. कई केंद्रों पर सुबह में ही लंबी कतारें लग गयी थीं. पुरुषों के साथ-साथ महिलाओं में भी उत्साह देखा गया. रमजान का महीना होने के बावजूद मुस्लिम समाज के लोगों ने भी बढ़-चढ़ कर मतदान किया. मुस्लिम बहुल इलाकों के बूथों पर भी दिनभर लंबी कतारें लगी रहीं. मतदान को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आया. हर बूथ पर पुलिस बल की तैनाती की गयी थी. उपायुक्त कंचन सिंह और एसपी श्रीकांत एस खोटरे समेत अन्य अधिकारी विभिन्न बूथों पर पहुंच कर मतदान प्रक्रिया का जायजा लेते रहे. सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस जवान दिनभर गश्त करते रहे.

नियंत्रण कक्ष से रखी जा रही थी पल-पल की नजर : नियंत्रण कक्ष से सभी मतदान केंद्रों पर पैनी नजर रखी जा रही थी. एक तरफ जहां मतदान कर्मी व पुलिस जवान जुटे रहे, वहीं दूसरी तरफ जिला प्रशासन के वरीय पदाधिकारी भी क्षेत्र से लेकर कंट्रोल रूम तक अपनी पैनी निगाहें बनाये रखे थे. सभी कर्मी अपने अपने स्तर के कर्तव्य को बखूबी निभाने में लगे थे. डीसी कंचन सिंह भी मतदान प्रक्रिया शुरू होते समाहरणालय परिसर में बने कंट्रोल रूम पहुंच कर मतदान का पल-पल का अपडेट लेती रहीं. एसपी श्रीकांत एस खोटरे भी अपने कंट्रोल रूम से मतदान क्षेत्र के सुरक्षा की पल पल की जानकारी लेते नजर आये.

उपायुक्त व एसपी ने मतदान केंद्रों का किया निरीक्षण

सिमडेगा. सिमडेगा नगर परिषद क्षेत्र में जारी मतदान को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद दिखा. जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त कंचन सिंह व पुलिस अधीक्षक श्रीकांत एस खोटरे ने संयुक्त रूप से विभिन्न मतदान केंद्रों व कंट्रोल रूम का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया. निरीक्षण के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, मतदाताओं की सुविधा समेत अन्य मूलभूत व्यवस्थाओं की समीक्षा की गयी. उपायुक्त ने मतदान कर्मियों को निष्पक्ष, पारदर्शी व शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के निर्देश दिये तथा सुरक्षा बलों को सतर्क रह कर विधि-व्यवस्था बनाये रखने को कहा. मौके पर परियोजना निदेशक आइटीडीए सरोज तिर्की, उपनिर्वाचन पदाधिकारी पवन कुमार महतो, बीडीओ समीर रेनियर खलखो, नगर परिषद प्रशासक पदाधिकारी अरविंद समेत अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे.

मतदान केंद्रों को दिया गया था आकर्षक रूप

विभिन्न मतदान केंद्रों को आकर्षक तरीके से सजाया गया था, जो मतदाताओं को सामाजिक संदेश भी दे रहे थे. सामुदायिक भवन देबरग्राम को मॉडल मतदान केंद्र के रूप में घर-घर शिक्षा का दीप जलायें, बाल विवाह मुक्त समाज बनायें” थीम पर समाज कल्याण विभाग द्वारा सजाया गया था. कुबीटोली आंगनबाड़ी केंद्र को जिला कृषि कार्यालय द्वारा “रागी की क्रांति” थीम पर सजाया गया था, जिसमें जिले में मड़वा (रागी) की खेती को बढ़ावा देने का संदेश दिया गया था. रागी से संबंधित सजावट, फोटो सेशन व सेल्फी प्वाइंट विशेष आकर्षण का केंद्र रहा. आयुष्मान आरोग्य मंदिर ठाकुरटोली मतदान केंद्र को उन्नत कृषि तकनीक, ड्रिप इरिगेशन व सोलर सिस्टम की थीम पर सजाया गया था. घोचोटीली (पूर्वी भाग) केंद्र को ज्ञान से ज्ञान बढ़े, शिक्षा है सर्वगुण संपन्न तथा दक्षिणी भाग को जल संरक्षण हमारा कर्तव्य है थीम पर सजा कर जन-जागरूकता का संदेश दिया गया.

आदर्श मतदान केंद्रों में दिखीं काफी सुविधाएं

मतदान के लिए 37 मतदान केंद्र बनाये गये थे, जिसमें लगभग आधा दर्जन मतदान केंद्रों को आदर्श मतदान केंद्र बनाया गया था. यहां पर मतदाताओं के लिए काफी सुविधाएं उपलब्ध करायी गयी थीं. यहां पर पहले मतदान करने वाले मतदाता सहित नये मतदाता को सम्मानित किया गया. मेडिकल कैंप भी लगाया था, जहां पर बीमार व कमजोर मतदाताओं की स्वास्थ्य जांच की जा रही थी. उक्त मतदान केंद्रों को फूलों से सजाया गया था तथा सेल्फी प्वाइंट बनाये गये थे.

विज्ञापन
Prabhat Khabar News Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola