सड़क, पुलिया और गार्डवाल निर्माण में मिलीं कई खामियां, जांच की मांग

जिला परिषद अध्यक्ष ने सड़क निर्माण कार्य का किया निरीक्षण | Prabhat Khabar Network
झारखंड की प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के तहत चल रहे निर्माण कार्य में गंभीर अनियमितताएं सामने आई हैं. ग्रामीणों ने निर्माण सामग्री के दुरुपयोग और गुणवत्ता में कमी का आरोप लगाया है. जिला परिषद अध्यक्ष ने निरीक्षण कर खामियों को उजागर किया है.
कोलेबिरा: प्रखंड की अघरमा पंचायत अंतर्गत अघरमा कालीकरण सड़क से कोरकोटोली तक प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना (पीएमजीएसवाइ) के तहत चल रहे सड़क, पुलिया और गार्डवाल निर्माण कार्य में अनियमितताओं का मामला सामने आया है. ग्रामीणों की शिकायत पर जिला परिषद अध्यक्ष रोज प्रतिमा सोरेन ने निर्माण स्थल का निरीक्षण किया, जहां उन्हें कई गंभीर खामियां मिलीं.
निरीक्षण के दौरान पाया गया कि पुराने पुल को तोड़कर निकाले गये बोल्डर पत्थरों का उपयोग नयी पुलिया के निर्माण में किया जा रहा है. वहीं, पुलिया और गार्डवाल निर्माण से पहले आवश्यक फाउंडेशन ढलाई नहीं किये जाने की बात भी सामने आई. गार्डवाल निर्माण में बड़े-बड़े पत्थरों का इस्तेमाल किया गया है और उनके बीच पर्याप्त मसाले का प्रयोग नहीं किया गया, जिससे निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठ रहे हैं.
अधूरे निर्माण से ग्रामीणों को हो रही परेशानी
ग्रामीणों ने बताया कि निर्माणाधीन पुल के दोनों छोर पर अब तक मिट्टी भराई का कार्य पूरा नहीं हुआ है. इससे आवागमन में लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. हाल ही में गांव के बीमार बेनेदिक केरकेट्टा को अस्पताल ले जाने पहुंची एंबुलेंस भी गांव तक नहीं पहुंच सकी, जिससे मरीज और परिजनों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा.
गुणवत्ता पर सवाल उठाने पर कर्मियों द्वारा मिल रही धमकी
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठाने वालों को संवेदक के कर्मियों द्वारा धमकाया जाता है. ग्रामीण रोहित टोपो ने कहा कि निर्माण कार्य में गांव के किसी भी मजदूर को रोजगार नहीं दिया गया है, जबकि बाहर से मजदूर बुलाकर काम कराया जा रहा है.
जांच और कार्रवाई की मांग
ग्रामीणों के अनुसार, इस मामले की शिकायत पहले स्थानीय विधायक नमन विक्सल कोंगाड़ी से भी की गयी थी. विधायक ने निर्माण स्थल का निरीक्षण किया था, लेकिन इसके बावजूद स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ. जिला परिषद अध्यक्ष रोज प्रतिमा सोरेन ने कहा कि निर्माण कार्य में संवेदक द्वारा गंभीर लापरवाही बरती जा रही है. उन्होंने मामले की जांच कराने और विभागीय सचिव को पत्र लिखकर आवश्यक कार्रवाई की मांग करने की बात कही.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By रथिंद्र गुप्ता
रथिंद्र गुप्ता कोलेबिरा डेटलाइन से 1998 से प्रतिनिधि के रूप में कार्यरत हैं. जन सारोकार से संबंधित क्षेत्रों में उनकी रुचि है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










